Saturday, October 21, 2023

बेलदार सिवनी

छत्तीसगढ़ राज्य गठन के साथ पुरातत्व, संस्कृति विभाग के अंतर्गत, संचालनालय सस्कृति एवं पुरातत्व के रूप में आया। संचालनालय द्वारा पत्रिका ‘बिहनिया‘ का प्रकाशन आरंभ हुआ, जो मुख्यतः संस्कृति से संबंधित थी, वहीं शोध पत्रिका ‘कोसल‘ का भी प्रकाशन किया जाने लगा, जो पुरातत्व की प्रतिष्ठित शोध पत्रिका के रूप में स्थापित हुई। विभागीय दायित्वों के निर्वाह के क्रम में शोध पत्रिका ‘कोसल‘ के संपादक के रूप में मेरा नाम होता था, यह मुख्यतः विभागीय उत्तरदायित्व की दृष्टि से होता था। पत्रिका के संपादन में प्रो. ए.एल. श्रीवास्तव, प्रो. लक्ष्मीशंकर निगम और श्री जी.एल. रायकवार जैसे विद्वानों की मुख्य भूमिका होती थी।

यह भूमिका शोध पत्रिका ‘कोसल‘ के अंक-10, वर्ष 2017 में प्रकाशित दो प्रविष्टियों के संदर्भ में है। पत्रिका के इस अंक के संपादन में उक्तानुसार नाम हैं, जिसमें पुस्तक समीक्षा- ‘संग्रहालय विज्ञान का परिचय‘ मेरी पुस्तिका संबंधी है तथा इसी अंक में एक अन्य लेख मेरे द्वारा किए गए ग्राम बेलदार सिवनी के स्थल निरीक्षण से संबंधित है। प्रसंगवश ‘बेलदार‘ में मेरी जिज्ञासा लंबे समय से रही है। कुछ गांवों में बेलदारपारा तो है, मगर वहां बेलदार समुदाय का कोई नहीं। यह भी जानकारी मिलती है कि बेलदार, तालाब निर्माण के विशेषज्ञ, राजमिस्त्री होते हैं और इन्हीं में एक वर्ग सैनिेक-योद्धा भी है। सिरपुर में बेलदार समाज के आराध्य मंदिर होने की भी जानकारी मिलती है। बहरहाल, यहां इस स्थल निरीक्षण का प्रतिवेदन, जिसके आधार पर लेख रूप में प्रस्तुति के लिए श्री रायकवार का सहयोग मिला-

बेलदार सिवनी (तिल्दा नेवरा) से ज्ञात प्रतिमाएं
राहुल कुमार सिंह 

छत्तीसगढ़ में अनेक स्थलों से संयोग अथवा आकस्मिक रूप से प्राप्त होने वाले पुरावशेषों के वर्ग में आहत सिक्कों से लेकर विभिन्न राजवशों के सिक्के, मृणमयी मुद्रायें, ताम्रपत्र तथा प्रतिमायें आदि पुरावशेष गैर पुरातत्त्वीय स्थलों से प्राप्त हुये हैं। विगत वर्षों में छत्तीसगढ़ में सिरपुर, मल्हार, महेशपुर, लीलर, सिली पचराही, तरीघाट, मदकूद्वीप, डमरू, राजिम, आदि स्थलों से सम्पन्न उत्खनन कार्य से अज्ञात तथा दुर्लभ प्रकार के अनेकानेक पुरावशेषों की उपलब्धि हुई है जिनसे प्रदेश का सांस्कृतिक एवं राजनैतिक इतिहास समृद्ध हुआ है। 

छत्तीसगढ़ के एक अत्यंत महत्वपूर्ण पुरास्थल मल्हार (बिलासपुर) से कृषकों को भू-सतह से आकस्मिक रूप से विभिन्न प्रकार के लघु पुरावशेष प्राप्त होते रहे हैं। इस ग्राम के एक कृषक श्री गुलाब सिंह ठाकुर द्वारा भू-सतह से संग्रहीत विविध प्रकार के लघु पुरावशेषों का अच्छा संग्रह किया गया है। इनमें से कुछ विशिष्ट अवशेषों का विद्वानों के द्वारा अध्ययन कर शोध ग्रंथों में प्रकाशन भी किया गया है। प्राचीन बसाहटों के भू-सतह से लघु पुरावशेषों का संग्रहण धैर्यपूर्ण तथा उबाऊ शौक के साथ-साथ एक कला भी है जिसके लिए रूचिसम्पन्न होना एक अनिवार्य गुण है। पुरावशेषों के महत्व से परिचित तथा खोज के क्षेत्र में समर्पित व्यक्ति अपने धैर्यपूर्ण परिश्रम तथा लगन से संकलित सिक्कों, अभिलिखित ठीकरों, पकी मिट्टी से निर्मित खिलौनों, मुहरों तथा प्रतिमा फलकों के माध्यम से संबंधित स्थल के विस्मृत वैभव को उजागर करने इतिहासकारों तथा पुराविदों को स्थल के अध्ययन, प्रकाशन तथा पुरातत्त्वीय कार्य के लिये उत्प्रेरित करते हैं। कालान्तर में मल्हार (बिलासपुर) में उत्खनन का सबसे ठोस आधार भू-सतह से विभिन्न प्रकार के प्रचुर पुरावशेषों की उपलब्धि रही है। 

गैर पुरातत्त्वीय स्थलों में उपलब्ध होने वाले प्राचीन लघु प्रतिमाओं की दृष्टि से रायपुर जिले के ग्राम हीरापुर (रायपुर नगर का विस्तारित आवासीय क्षेत्र) तथा ग्राम बेलदार-सिवनी (तिल्दा नेवरा) उल्लेखनीय है। उपरोक्त दोनों स्थलों के प्रतिमाओं की कलाशैली तथा प्राप्त होने की स्थिति में पर्याप्त समानताएं है। वर्ष 2010 में हीरापुर में नाली निर्माण के लिए की जा रही खुदाई के समय एक कच्चे मकान से संलग्न भाग पर लगभग पांच फीट की गहराई में मजदूरों को लघु आकार की कुछ प्रतिमाएं दबी हुई स्थिति में प्राप्त हुई थीं। इन प्रतिमाओं में कार्तिकेय, एकमुख लिंग, लज्जागौरी तथा विष्णु प्रतिमा उल्लेखनीय हैं। ये प्रतिमाएं चारों ओर से कोर कर निर्मित की गई हैं। इन पुरावशेषों को कुछ समय तक एक स्थानीय मंदिर में पूजा उपासना हेतु संग्रह कर रखा गया था। स्थानीय प्रशासन के सहयोग से इन्हें संग्रहालय हेतु अवाप्त कर लिया गया है। 

ग्राम बेलदार सिवनी के चतुर्दिक दस किलोमीटर के क्षेत्र में ऐतिहासिक स्मारक स्थल नहीं है। तथापि ग्राम में स्थित आधुनिक शिव मंदिर में पूजित प्राचीन शिवलिंग तथा अन्य क्षरितप्राय प्रतिमाखंड रखे हुये हैं। ग्राम में प्रवेश करते ही बायीं ओर एक प्राचीन सरोवर है जिसके चारों ओर पक्का घाट निर्मित है। अनुमानतः यह सरोवर कलचुरि-मराठा काल में निर्मित है। विगत वर्ष स्थानीय सरपच श्री विजय वर्मा के माध्यम से आवासीय उद्देश्य से निर्माण कार्य के समय प्राचीन प्रतिभाए उपलब्ध होने की जानकारी प्राप्त होने पर विभाग के सेवानिवृत्त उप संचालक श्री जी. एल रायकवार, तकनीकी कर्मचारी सर्वश्री प्रभात कुमार सिंह, पर्यवेक्षक तथा प्रवीन तिर्की, उत्खनन सहायक के साथ स्थल निरीक्षण किया गया। विवेच्य प्रतिमाओं का प्राप्ति स्थल (चित्र क्र. 1) श्रीमती गीता वर्मा, पंच, वार्ड क्रमांक 9 के स्वामित्व का आवासीय मकान है। इस मकान से संलग्न बाड़ी में शौचालय निर्माण हेतु गड्ढा खोदने के दौरान भू-सतह से लगभग नौ फीट की गहराई में लघु आकार की प्रस्तर निर्मित 9 प्राचीन प्रतिमाएं व अन्य अवशेष उपलब्ध हुये (चित्र क्र. 2)। 

उपलब्ध पुरावस्तुओं के संबंध में संक्षिप्त जानकारी निम्नानुसार है- 

क्र. - पुरावशेष का नाम - सामग्री - आकार - चित्र संख्या

1- एकमुख लिंग - प्रस्तर - 17.5X8X5 सेमी. - 3 
2- एकमुख लिंग - प्रस्तर - 20X7.5X6.5 सेमी. - 4 

3 - पार्वती - प्रस्तर - 10.5X5X3.5 सेमी - 5 
4 - कार्तिकेय - प्रस्तर - 15.5X8X3.5 सेमी. - 6
5 - कार्तिकेय - प्रस्तर - 17.5X7.5X3 सेमी.-7 
6 - मानवाकृति नंदी - प्रस्तर - 11.5X10X4.5 सेमी. - 8 

7 - कुबेर -प्रस्तर - 13X9X6 सेमी. - 9 
8 - कुबेर -प्रस्तर - 12X9X3.5 सेमी. - 10 
9 - सिंह - प्रस्तर - 10.5X6.5X3.5 सेमी. - 11 
10 - पायेदार सिलबट्टा - प्रस्तर 17.5X145X13 सेमी. - - 

प्राप्त मूर्तियाँ शैव एवं शाक्त धर्म से संबंधित हैं तथा बलुआ प्रस्तर से खिलौनानुमा लघु आकार में निर्मित हैं। आकार की दृष्टि से विवेच्य प्रतिमाएं चल विग्रह हैं तथा मुख्यतः तीर्थ यात्रियों, दीर्घकाल तक यात्रा करने वाले व्यवसायियों तथा राजकीय शिविरों में प्रवास काल में अर्चना के लिये उपयोग में लायी जाती रही होंगी। लघु आकार की धातु तथा प्रस्तर प्रतिमाएं, गृहस्थों के पूजा घरों में भी उपयोग में लायी जाती थीं। छत्तीसगढ़ अंचल में घरो के आंगन में तुलसी चौरा पर शालग्राम अथवा शिवलिंग की पिंडी रखे जाने की परंपरा अद्यतन दिखाई पड़ती है। सूर्य को जल अर्पण, शिवलिंग का जलाभिषेक तथा तुलसी के बिरवा की पूजा एक साथ सम्पन्न करने की यह सुंदर और सरल देशज विधि है। एक ही जगह पर गहराई में हंडा (दफीने) के सदृश्य लघु आकार की प्रतिमाओं को दबा कर गुप्त रूप से रखे जाने की प्रथा के संबंध में यह भी अनुमान होता है कि संबंधित स्थल में प्रस्तर शिल्पकार निवास करते थे तथा व्यवसायिक प्रयोजन से प्रतिमाओं का निर्माण करते थे अथवा अन्यत्र स्थल के व्यवसायी विक्रय करने के लिए इन्हें लाया करते। किसी आकस्मिक दुर्घटनाजन्य परिस्थिति के कारण इन प्रतिमाओं को सुरक्षित रखने, अपवित्र अथवा दूषित होने से बचाने के उद्देश्य से अथवा अज्ञानतावश अमंगलजनक समझकर किसी निश्चित एकांत स्थल पर भूमि के भीतर गहराई में दबा दिये जाते रहे होंगे। गैर पुरातत्त्वीय स्थलों से क्षेत्रीय कला शैली से पृथक कला शैली की लघु प्रतिमाओं/सिक्कों/मृत्पात्रों, पकी मिट्टी की मुहरों आदि की उपलब्धि से सांस्कृतिक एकता, परस्पर प्रभाव तथा तद्युगीन यात्रा पथों का एक संकेत प्राप्त होता है। 

संक्षेप में पृथक कला शैली के लघु पुरावशेषों की उपलब्धियों के निम्न कारण हो सकते हैं- 

1. तीर्थयात्रियों के द्वारा पडाव स्थलों में नित्य पूजा आराधना के लिए लघु प्रतिमायें साथ में रखी जाती रही होंगी। 
2. तीर्थ स्थल अथवा किसी अन्य कला केन्द्रों प्रत्यावर्तन के समय यात्रियों के द्वारा अल्पमूल्य, अल्पभार, आकर्षक एवं लघु आकृति के कारण पूजा-आराधना अथवा स्मृति चिन्ह के रूप में क्रय कर नियत गन्तव्य तक ले जाया जाता रहा होगा। 
3. लघु प्रतिमाओं का निर्माण प्राप्ति स्थल में ही यायावर शिल्पी समुदाय द्वारा किया जाता रहा होगा। किसी दुर्घटना के कारण इन्हीं शिल्पियों के द्वारा निर्मित लघु कलाकृतियाँ बाद में दबी हुई स्थिति में प्राप्त होती हैं। 

विवेचित कला शैली की लघु आकार की प्रतिमाएं छत्तीसगढ़ के मल्हार, हीरापुर तथा बेलदार सिवनी से उपलब्ध हुयी हैं। इन प्रतिमाओं के आकार, बनावट तथा कला शैली में समानताएं हैं। इनमें अलंकरण अत्यल्प हैं। रूपाकृति मूल विषयवस्तु पर केन्द्रित है। अतिरिक्त पौराणिक अथवा अलंकरणात्मक विस्तार का अभाव है। यक्ष आकृतियों के स्थूल सौंदर्य के सदृश्य प्रतिमालक्षण से परिपूर्ण हैं। इन कलाकृतियों में मूर्ति शिल्प के विकास, क्षेत्रीय परंपरा तथा तद्युगीन लुप्त प्रचलित संप्रदाय भी आभासित होता है। यक्ष परंपरा के संवाहक लघु आकार की देव आकृतियों की आराधना विशिष्ट साधना पथ का संकेतक है। 

बेलदार सिवनी से प्राप्त एकमुख लिंग प्रतिमाओं के बनावट में समरूपता नहीं है। मुख तथा शीर्ष के केश विन्यास में अंतर है तथापि दोनों प्रतिमाओं के ग्रीवा में ग्रैवेयक प्रदर्शित हैं। एक किंचित बड़े आकार के मुखलिंग में प्रौढ़ता तथा दूसरी प्रतिमा में सौम्यता प्रदर्शित है। कार्तिकेय की प्राप्त दोनों स्थानक प्रतिमायें दंडधर के सदृश्य दायें हाथ में शूल (शक्ति) धारण किये हैं। उनके शीर्ष में त्रिशिखी केश विन्यास है। ललितासन में आसनस्थ कुबेर के दायें हाथ में पात्र (चषक) तथा बायें हाथ में नकुली है। उनके शिरोभाग पर आकर्षक केश विन्यास है। पार्वती के दायें हाथ में स्थूल शूल है। मानव रूप में वज्रासन में बैठे हुये नंदी दोनों हाथ जोड़े हुये हैं। पिछले दोनों पैरों पर बैठे तथा अगले पैरों पर भार देकर उन्नत ग्रीव सिंह का मुख किंचित खंडित है। बेलदार सिवनी से प्राप्त लघु आकार की प्रतिमाओं में कला की प्रौढ़ता, सौष्ठव तथा सौंदर्य की अपेक्षा क्षेत्रीय प्रभाव अधिकतम प्रदर्शित है। इन प्रतिमाओं का काल लगभग 7वीं से 8वीं सदी ईसवी प्रतीत होता है। 
---

No comments:

Post a Comment