Sunday, July 5, 2026

जिरह अजुधिया

अयोध्या नगरी जितनी राममय है, राकेश तिवारी उतने अयोध्यामय, जो उनके लिए अजुधियाजी है। अयोध्या उतनी ही मेरी भी है, जितनी किसी ‘हिन्दु‘स्तानी के लिए। बाबरी मस्जिद हो या राम जन्मभूमि, अयोध्या रामलला से ओरछा रामराजा और दिल्ली के रामराज्य कर्णधारों के बीच आवाजाही, आस्था के ढांचे को प्रभावित करता हैं, चूलें हिल जाती हैं। ऐसे मौकों पर तह तक जाने में पुरातत्व-इतिहास की अकादमिक वस्तुनिष्ठ भूमिका मददगार होती है, तथापि उसकी व्याख्या स्याह-सफेद कर सकती है और उसमें रंग भी भरती है। आस्था के रंगों से सराबोर, इतिहास की अंधेरी सुरंगों के बीच कुछ उजले, कुछ धुंधले ऐसे ही पन्ने हैं, पुरातत्वविद् राकेश तिवारी की कलम से निकली किताब ‘जिरह अजुधिया‘। 

किताब, जिसके लिए आश्वस्त रहता हूं कि अच्छी होगी, पसंद आएगी, उसे पढ़ने के लिए बचा कर रखता हूं, भोजन के आखिरी कौर की तरह। जब तबीयत हो, लगातार पूरा समय मन लगाकर अलट-पलट कर, रस लेते, जुगाली करते पढ़ूंगा, उस दौरान और कुछ नहीं। इसके साथ भी यही बात थी, छपने के बाद से ही आ गई थी। हाथ में लेते ही अयोध्या पर कुछ और ही जिरह होने लगी। किताब के पन्नों के साथ मेरा मन अयोध्या-इतिहास की परतों और कण-कण में समाए राम में रमा रहा। 

पता चला कि यह किताब ‘जिरह अजुधिया हमरी लेखी‘ है, शीर्षक में ‘जिरह अजुधिया’ रह गई है, गनीमत कि ‘ ... अयोध्या ...‘ नहीं हो गई। साहित्य में ऐसा होता रहा है। अज्ञेय ने अपनी किताब ‘लिखि कागद कोरे‘ की भूमिका ‘साँचि कहउँ‘ में बताया है कि ‘असल में मुझे शीर्षक देना चाहिए था ‘अध साँचि कहउँ मैं टाँकि- टाँकि कागद अध-कोरे‘ - पर साठोत्तरी उपन्यास के पाठोत्तरी पाठक भी महसूसते (उन्हीं की भाषा है) कि इतने लम्बे शीर्षक नहीं चलने के ...‘। यद्यपि कविता-संग्रह, मगर साठोत्तरी ही है, विनोद कुमार शुक्ल की - ‘वह आदमी चला गया नया गरम कोट पहिनकर विचार की तरह‘। खैर, आपसी चर्चा में कुछ ऐसे प्रसंग भी आए, जिन पर राकेश जी इतना ही कह कर रह गए- ‘रामजी की चिड़िया, रामजी का खेत ...‘। मुझे याद आया कि राम मंदिर निर्माण के दौरान कितने ही तरह की रसीद बुक लिए चंदार्थी ‘राम के नाम पर‘ टकराते थे। 

किताब पढ़ते हुए, इसमें आई बातों के साथ अपनी ढपली है तो कही-कहीं अपना भी राग छेड़ने का इरादा बना, संभव है वह राग कहीं सुरीला न हो, मगर भरोसा रखें, बेमेल नहीं होगा। 

तो किताब आरंभ होती है- ‘भगवान श्रीरामलला विराजमान श्रीराम जन्मभूमि आदि...‘ न्यायालयीन मामले में निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व संगठन राकेश तिवारी का बयान लिखवाया गया- मूलतः बस्ती जिले का निवासी ... मेरे बाबा सेवानिवृत्त होने के बाद अयोध्या में भी रहते थे ... मुझे याद नहीं है कि मैं विवादित परिसर में कितनी बार गया था। लेखक के भोले बाल-मन पर अंकित राम-रहीम संकेत उल्लेखनीय है, वे लिखते हैं कि बचपन में रावण जलने पर उसकी एक लकड़ी तोड़ कर घर ले आते, क्योंकि सुन रखा था कि ऐसी लकड़ी और ताजिया की अबरक और चमकीली पन्नी खाट से बांध देने पर बुरी आत्माएं और अलाय-बलाय बराए रहते हैं। उनकी मनोभूमि में यह भी दर्ज है- ‘जब गंगा मइया लोगों के पापों से मैली हो जाती हैं तो वह स्त्री-वेश धारण कर सरयू जी में स्नान करके स्वयं को पुनः पवित्र कर लेती हैं।‘

लिखते हैं- ‘बचपन के दिनों में, ब्रह्ममुहूर्त में पितामही के सुमधुर स्वरों में श्रीरामचरितमानस का पाठ सुनने और कभी-कभी पितामह की अँगुरी थामकर सरजू मइया के आँचर में आचमन-नमन करके ‘अजुधिया जी‘ में स्थित ‘हनुमानगढ़ी-जन्मभूमि‘ के दर्शन-पूजन के संस्कार पाए। जन्म से मृत्युपर्यन्त हमारे जीवन के समस्त अनुष्ठान ‘सरजू मइया‘ और ‘अजुधिया जी‘ से जुड़े चले आ रहे हैं।‘ इसके साथ लेखक को किस तरह के संस्कार मिले, उनके पितामह के प्रसंग की बानगी- ‘हाकिम हैरान होकर पूछने लगते ‘बप्पा! आप किसकी पैरवी कर रहे हैं? मैनेजमेंट की या लेबर की?‘ पंडित जी तपाक से कहते- ‘दोनों की। ऐसा फैसला करो जिससे दोनों में से किसी का नुकसान न होने पाए।‘ हाकिम सुनकर हँसते रहते और इसी तरह मुकदमा चलता रहता। ... सबको पता चल जाता- ‘कउनो मुकदमा मा फइसला हुई गवा। को जीता को हारा। ईके बारे मा कोउ नहीं पूछत रहै। प्रसाद मिल गवा, इतनै भर समझें औ बोलें-जय अजुधिया जी की। जय हनुमान जी की। जय श्रीराम। जय जय सियाराम।‘ 

लेखक ने छत्तीस साल की उमर पार करने के पहले ही ‘उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व का भार संभाल लिया था, लिखते हैं कि उस समय रत्ती भर अंदाजा नहीं लगा कि ‘मूंड़ मुड़ाते ही ओले पड़ने‘ वाले हैं। 10 जनवरी 1990 को इलाहाबाद उच्च न्यायालय की खंडपीठ से पारित आदेश उन्हें मिला, लिखते हैं- ‘पढ़ कर समझ में आया कि अब तक दर्शक दीर्घा में टकटकी लगाए देख रहे रामलीला में अपना किरदार अदा करने का वक्त आ गया है।‘ ... ... ... ‘बहरहाल देख-परख कर तैयारी की पहली कवायद करके रामलला के दरबार में हमारी पहली पेशी पूरी हुई। 

रामलला-राम जन्मभूमि वाले अयोध्या राम मंदिर की पृष्ठभूमि में, रामायण-महाभारत की हकीकत, ऐतिहासिकता, घटना काल, रचना काल, वेद-पुराण, शास्त्रीय-ग्रंथ और प्राचीन साहित्य आदि के उद्धरण-उद्धारण होता रहा। बात पुरातत्व-उत्खनन पर आनी ही थी, आई भी। पढ़े-लिखों के बीच भी मान लिया जाता है कि इससे चमत्कार होगा, जो भी मिला ‘कार्बन-डेटिंग हो जाएगी‘ से ले कर ‘रामजी की कुंडली, जन्म-प्रमाणपत्र‘ भी मिल जाएगा, जैसी उम्मीद के जुगनू चमकते रहे। इस बीच ग्राउंड पेनिट्रेटिंग सर्वे या ‘जिओ रडार सर्वे‘ का काम ऐसे कामों में नातजुर्बेकार निजी संस्था को भी आजमाने का प्रयास हुआ, जिसकी वजह से कुछ दिनों के लिए बात अली रही, लेकिन उलझी-सी उनकी रिपोर्ट से समाधान में कोई मदद नहीं मिली। शोध-संगोष्ठी, सेमिनार होते गए, शोध-पत्रिकाओं के वाल्युम्स और पुस्तकें आती गईं, बातें बढ़ती गईं। जबकि तुलसी बाबा कह गए हैं- ‘... को करि तर्क बढ़ावै शाखा‘। 

आम तौर पर पुरातत्व से जुड़े शब्द, जो अधिकतर सुनाई पड़ते हैं, उनमें ‘कार्बन डेटिंग‘ मुख्य है। इसलिए यहां काल निर्धारण और इस ‘डेटिंग‘ पर बात कर ली जाए। ध्यान करें हाल के वर्षों में धार की भोजशाला के शिलालेखों और वाराणसी, ज्ञानवापी में महाकाल के काल-निर्धारण के लिए भी कार्बन डेटिंग खबरों में रहा था। पहले इस पुस्तक के हवाले से, जिसमें इसे स्पष्ट किया गया है- 

1. सभी जीवित पदार्थ कार्बन पर आधारित होते हैं और जीवन प्रक्रिया के अन्तर्गत ताजा कार्बन समाहित करते हैं, पौधों द्वारा की जाने वाली ‘प्रकाश संश्लेषण‘ (फोटो सिंथेसिस) की क्रिया इसका एक उदाहरण है। इस प्रक्रिया में जीवित पदार्थ जीवनपर्यन्त सामान्य C-12 के साथ उसके रेडियो एक्टिव आइसोटोप C-14 को भी समाहित करते हैं। इन प्राणियों की मृत्यु के उपरान्त इनमें निहित C-14 का क्षय (decay) प्रारम्भ हो जाता है और 5730+/-40 वर्ष में उसकी रेडियो एक्टिविटी आधी रह जाती है। इस सिद्धान्त पर किया गया काल-निर्धारण रेडियो कार्बन डेटिंग कहलाता है। 
2. अतः यदि किसी इमारत/पुरावशेष के साथ सुनिश्चित रूप से उसके समकालिक ऐसे ऑर्गेनिक सैम्पल मिल सकें जिनमें C-14 उपलब्ध हो तो उसकी रेडियो एक्टिविटी को माप करके उक्त इमारत/पुरावशेष का काल-निर्धारण किया जा सकता है। 

संक्षेप में कार्बन डेटिंग जैविक अवशेषों की होती है, अकार्बनिक पदार्थों की नहीं। साथ ही जांच के नमूनों की भिन्नता से और अलग-अलग प्रयोगशालाओं की गणना में हजार साल तक का अंतर संभव होता है। इसलिए इस विधि की अपनी सीमा है। पुस्तक में पेज 291-292 पर रेडियो कार्बन डेटिंग के साथ कालक्रम की एक अन्य विधा का संक्षेप- टी.एल. डेटिंग (सरकारी महकमे में यह आद्याक्षर टाइम लिमिट बैठक के लिए प्रचलित है।) का संक्षिप्त उल्लेख है। यह विधि टी-थर्मो, एल-ल्यूमिनेसेंट यानी ताप-प्रतिदीप्त विधि है, जिसके द्वारा सामान्यतः मृण-वस्तुओं के आग में पकाए जाने की तिथि की गणना कर, मृदभांड जैसे अवशेषों का काल निर्धारण किया जाता है। यह भी ध्यान रहे कि पुरातत्व में सामान्यतः काल निर्धारण रूपाकार-प्रकार के आधार पर किया जाता है, जिसमें अभिलेखों के लिए पुरालिपि शास्त्र और मंदिर-मूर्तियों के लिए कला-शैली, अलंकरण, लय-ताल आदि आधार होता है। यह सभी रिलेटिव या कम्परेटिव विधियां हैं, जिसमें काल निर्धारण का आधार उसके पूर्वापर ज्ञात काल के पुरावशेषों के सापेक्ष पर किया जाता है। यदि किसी वस्तु-विशेष के आधार पर निरपेक्ष रूप से काल-निर्धारण हो तो यह एब्सोल्यूट, निरपेक्ष वैज्ञानिक विधि होगी। 

मुख्यतः 9 खंडों की बंटी पुस्तक की योजना में सात को सोपान कहा गया है, मगर पंचम और अष्टम को अध्याय। ऐसा संभवतः इसलिए कि ये दोनों अध्याय ठेठ पुरातात्विक प्रक्रिया- खुदाई, अभिलेखन आदि तथा उस पर तर्क-वितर्क के हैं। आप रामभक्त हों, इतिहास में गहरी रुचि हो, शोध कर रहे हों तो बात अलग है वरना किताब की मोटाई और फिर फुटनोट, संदर्भ, उद्धरण आदि देख कर पहले तो लगता है कि क्या ही कुछ लिख दिया होगा इतना सारा, मगर किताब खत्म करने पर लगता है कितना कुछ रह गया होगा अनलिखा-छपा। इसके साथ खास यह कि पूरा लेखन भाषा और विवरण की शैली के कारण तथ्यात्मकता के बावजूद बोझिल नहीं, सरस बना रहता है। लेखक औरों को बख्शता नहीं, मगर साथ ही खुद पर बेझिझक टिप्पणी, सवाल करते हुए भी सहज और आम बने रहना, इस लेखन को खास बनाता है। ‘सहज समाधि भली‘ और ‘कामन सेंस इज मोस्ट रेयर सेंस‘, इस में साधी-सधी दिखती है। 

चतुर्थ सोपान, अयोध्या के कोरियाई-चीनी रिश्ते पर है, जिसके लिए पाकिस्तान, मंगोलिया, रूस में भी भटकना है। पहले लगता है कि बेवजह ‘दूर की कौड़ी है‘ लेकिन बात राम की हो तो देश-काल का व्यापक होना ‘किम् आश्चर्यम्‘! इस सोपान में ‘अनोखी रूमानी कहानी‘ है, जिसमें पात्र किम और हो के साथ उनके वंशजों के सूत्र-ओ-सुराग ‘जुड़वां मछलियों‘ में निहित हैं। बात आ जाती है, कोरिया के गिम्हे नगर में अयोध्या की राजकुमारी के स्मारक और अब अयेध्या में भी सरयू किनारे उनके स्मारक तक, साथ ही 30 जुलाई 2019 को भारत सरकार द्वारा जारी ‘महारानी हो‘ और ‘राजकुमारी सूरीरत्ना‘ के चित्र वाला भारत-कोरिया गणराज्य संयुक्त डाक टिकट भी जुड़ गया है। 

राकेश जी ने निदेशक के पद पर चयन में अपनी मूंछों की भूमिका पर प्रकाश डाला है, फिर यहां जुड़वां मछलियों की बात पढ़ते हुए हमारे अर्न्तचक्षु में भी मछली-मूंछें दिखने लगीं। प्राचीन कला में अपनी सबसे यादगार ‘जुड़वां मछली‘, जो छत्तीसगढ़ में ताला की अति-मानवाकार अनूठी ‘रूद्र शिव‘ प्रतिमा के मूंछों पर है। चलिए, अभी ढपली हमारी तो क्यों न हम भी अपना राग छेड़ें- बांग्ला में छोटी मछली को ‘पुटी‘ या प्यार से ‘पुटिया‘ भी कहते हैं‘, ऐसा जान पड़ता है कि यह ‘पुट देना‘, पुड़िया, जैसे शब्दों के करीब है। इस शब्द की चर्चा प्रभात रंजन सरकार की पुस्तक वर्णविचित्रा में इस प्रकार है- ‘शफरी/सफरी - ‘शफरी‘ शब्द का अर्थ है पोंठी मछली। शफरी या पोंठी मछली की बंगाल में 11 प्रजातियां हैं ... वर्तमान में क्षुद्राकृति पोंठी को कोई कोई तीती पोंठी कहा करते हैं ... गंभीरजलसंवारी रोहितादि न विकारी। गण्डूषजलमात्रेण शफरी फरफरायते।। ... बंगला भाषा में ‘शफरी‘ शब्द का अपर अर्थ ‘विदेशागत‘ अर्थात् विदेश से सफर करके जो आया है।‘ मेरी जानकारी में यह शब्द संस्कृत के ‘प्रोष्ठी‘ से आया है और प्रोष्ठी के लिए अनुमान होता है कि प्र-ओष्ठ, ओंठ के ऊपरी भाग का आकार। ‘विधुर जातक‘ में ‘पाठीना पावुसा मच्छा बलजा मुंज रोहिता।‘ मछली का नाम ‘पाठीना‘ आया है। अमरकोष का उल्लेख है- ‘प्रोष्ठी तु शफरी द्वयोः‘ और हलायुध कोष में- ‘सहस्रदंष्ट्र पाठीनः प्रोष्ठी च शफरी स्मृता।‘ यों यहां पाठी और प्रोष्ठी अलग-अलग हैं। एक अन्य संदर्भ- वाल्मीकि रामायण बालकांड में दशरथ के चारों पुत्रों को ‘प्रोष्ठपदोपमा‘, भाद्रपदा के चार तारों के समान कहा गया है। भाद्रपदा नक्षत्र के दो भेद, पूर्व और उत्तर हैं, इसके दो-दो तारे मिल कर कुल चार होते हैं। 

बात राम-रामायण की तो एक कदम और आगे बढ़ें। छत्तीसगढ़ दक्षिण कोसल है, माता कौसल्या का मायका और रामजी का ननिहाल, राम हमारे भांजे। भांजे-भांजियों को देव-तुल्य मान, मामा का पैलगी करना, छत्तीसगढ़ में अब भी अन्य अंचलों की तुलना में अधिक प्रचलित है। फिर राम वनवास का लगभग समय दंडकारण्य में बीता। और कितने ‘प्रमाण‘ चाहिए, इन सबके मद्देनजर छत्तीसगढ़वासी हम- कोरिया, चीन, अयोध्या, राम से कितने करीब जुड़ जाते हैं। किसी को यह दूर की कौड़ी लगती है तो लगती रहे, उसकी बला से। 

राकेश जी सारे दौर-दौरे का मूल्यांकन करते चलते हैं, ज्यों- ‘... 31 अक्टूबर, 1984 को दिल्ली में मिलने का आह्वान किया गया। उस दिन के आन्दोलन और सभा ने हम पर गहरा असर डाला। सिंघल जी के उद्घोष के साथ वर्मा जी की अयोध्या वाली ‘श्रीराम विषयक‘ संगोष्ठी की लय-ताल साफ-साफ समझ में आने लगी। अब तक चल रही ‘अयोध्या जी‘ और ‘श्रीरामजी‘ की ऐतिहासिकता की अकादमिक बहस से आस्था और धार्मिक परिप्रेक्ष्य की तरफ बढ़ रही जिरह अब बड़े जोर-शोर से चल पड़ी ‘श्रीराम जन्मभूमि‘ और ‘रामलला‘ को मुक्त कराने की मुहिम की दिशा में।‘ ... ... ... ‘ताला खुलने के बाद पूरे देश का वातावरण ‘राममय‘ होने के साथ ‘अयोध्या जी‘ और ‘श्रीरामजी‘ की ऐतिहासिकता की जिरह किनारे रह गई। ‘राम जन्मभूमि-मुक्ति‘ का धार्मिक और राजनैतिक मुद्दा सर्वोपरि हो गया।‘ ... ... ... ‘उधर साझा बेड़े पर सवार महारथियों में से राम-रहीम एक ही मानने वाले ‘राजा नहीं फकीर‘ बाबू विश्वनाथ प्रताप सिंह प्रधानमंत्री के सिंहासन पर विराजे।‘ -(लेखक के शब्द चयन पर आपका भी ध्यान गया ही होगा- राजा मांडा विश्वनाथ प्रताप सिंह के लिए राजा नहीं फकीर और प्रधानमत्री की कुरसी पर बैठे, नहीं सिंहासन पर विराजे।) ... ... ... अगले आम चुनाव में राजीव गांधी की हत्या के बाद उपजी सहानुभूति की लहर में श्री पी.वी. नरसिम्हा राव देश के प्रधानमंत्री और कारसेवकों पर चली गोली के जवाब में भारतीय जनता पार्टी के श्री कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद पर आसीन हो गए। ... उपर्युक्त घटनाक्रम के बीच अध्यादेश में शामिल ‘विवादित परिसर‘ में कभी मन्दिर रहे होने के रहस्य ने हमें अपने सम्मोहन-पाश में बाँध लिया।‘ 

इस दौर के राजनैतिक घटनाक्रम, जिसमें शाहबानो प्रकरण भी है, जो प्रत्यक्ष परोक्षतः मामले को प्रभावित करते रहे, राकेश जी हवाला देते चलते हैं। ... ‘इस तरह ‘अजुधिया जी‘ और ‘रामजी‘ के सन्दर्भ में ‘बाबरी मस्जिद‘ से जुड़ी आस्था-धर्म-परम्परा के अतिरिक्त ‘महात्मा बुद्ध‘ के अनुयायियों की आस्था भी ‘राजनीतिक खिलाड़ियों‘ के चौसर की बिसात वाले पासों में तब्दील कर दी गई।‘ 

इसी तरह उल्लेख करते हैं कि फैजाबाद के जिला जज कृष्ण मोहन पांडेय ने अपनी आत्मकथा में लिखा है- ‘जिस रोज मैं ताला खोलने का आदेश लिख रहा था, मेरी अदालत की छत पर एक काला बन्दर पूरे दिन फ्लैग-पोस्ट को पकड़कर बैठा रहा। वे लोग जो फैसला सुनने के लिए अदालत आए थे, उस बन्दर को फल और मूँगफली देते रहे, पर बन्दर ने कुछ नहीं खाया। चुपचाप बैठा रहा। फैसले के बाद जब डी.एम. और एस.एस.पी. मुझे घर पहुँचाने गए तो मैंने उस बन्दर को अपने घर के बरामदे में बैठा पाया। मुझे आश्चर्य हुआ। मैंने उसे प्रणाम किया। वह कोई दैवीय ताकत थी।‘ 

किताब में आई लेखकीय टिप्पणियों के कुछ नमूने- 

‘25 सितम्बर को श्री लालकृष्ण आडवाणी सोमनाथ से चलकर दस हजार किलोमीटर लम्बी रथयात्रा तय करके 30 अक्टूबर, 1990 को अयोध्या पहुँचने के इरादे से निकल पड़े। मतलब सत्ता कब्जियाने के अखाड़े में मंडल-कार्ड के मुकाबिल मन्दिर वाले कमंडल का दंगल शुरू हो गया।‘ ... ... ... ‘30 अक्टूबर से 2 नवम्बर, 1990 के बीच पूरे देश का ध्यान अयोध्या की गतिविधियों पर सधा रहा। इस बीच तत्कालीन प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह द्वारा निर्गत विवादित स्थल के अधिग्रहण सम्बन्धी अध्यादेश में यह भी शामिल था- ... वहाँ कभी मन्दिर था-या नहीं- यह रहस्य सुलझाने का काम सुप्रीम कोर्ट को सौंपा जाएगा।‘ 

इसी तरह मामला राजनेताओं, हिंदू-मुस्लिम पक्षधरों से होते हुए न्यायालय तक फिर पुरातत्व विभाग पर आ जाता। पुरातत्व-इतिहास से जुड़े अध्येता यह अच्छी तरह समझते हैं कि वे साधन-उपकरण हैं, कंधे हैं। ऐसे में कुछ इसका लाभ उठाने के फिराक में रहते हैं, उनका अपना एजेंडा साथ-साथ दौड़ने लगता है और सफल भी होते हैं। कोई अपनी जिम्मेदारी निभाते खुद को पाक-साफ और सुरक्षित रख पाता है तो ऐसे भी हैं, जो लपेटे में आते हैं, और जैसा वे लिखते हैं- ‘... दोनों समुदायों के लोग बेचारे इतिहासकारों को उनकी तरफ से ऐतिहासिक सुबूत पेश करने को कहते हैं।‘ 

इस संदर्भ में लेखक की कुछ टिप्पणियां देखने लायक हैं- ‘जहां तक हमारी जानकारी है दुनिया भर में शायद ही कहीं किसी मसले को सुलझाने के लिए अदालत ने पुराविदी खुदाई का सहारा लिया होगा!‘ ... ‘थोड़ी ही देर के लिए सही हमें अपनी महत्ता पर फूले रहने का दुर्लभ अवसर मिला, वरना आम तौर पर टुटहे बर्तन बटोरने और खंडहरों में माथा फोड़ने वाले पुराविदों को इन महकमों के लोग भाव ही कहाँ देते हैं।‘ ... ‘रोशन होने लगे भू-खोदना पुराविद्‘ ... ‘मन्दिर-मस्जिद मसला गरमाते जाने के साथ पुराविदों-इतिहासकारों में छिड़े वाद-विवाद और प्रतिवादों के चलते सारे देश में पुरातात्विक शोध और ‘पुरातत्व विभाग‘ की अहमियत उन्मान चढ़ती गई।‘ ... इस संदर्भ में पुराविदों के योगदान के लिए उनकी पीठ ठोंकी गई।‘ ... कुल मिलाकर इस विवाद के चलते इतिहासकारों, पुराविदों, ‘भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण’ और सरकार की गर्दन फंस गई ‘भूत’ की रसरी में। 

'पुराविदी खुदाई' का जिक्र आने पर ‘उदयन दास हत्या कांड‘ प्रसंग को याद लेना चाहिए। जिसमें उदयन ने 2010 में अपने ही माता-पिता की हत्या कर, उन्हें रायपुर घर के लॉन में दफना दिया था, पुनः 2016 में अपनी प्रमिका की भोपाल में हत्या की और सीमेंट का चबूतरा बना कर दफन कर दिया था। 2017 में खुलासे के बाद 2020 में पश्चिम बंगाल की अदालत ने उम्र कैद की सजा सुनाई और 2023 में रायपुर की अदालत में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। पुराने कब्रगाह, महाश्मीय सभ्यता के कबर-खोदू, यहां पुराविदी खुदाई के लिए तब ‘सीन‘ में आए, जब उदयन की निशानदेही पर उसके रायपुर वाले निवास के लॉन में हत्या कर दफनाए उसके मां-पिता के शव की बरामदगी के लिए सुबह-सुबह खुदाई शुरू हुई। खुदाई जेसीबी से हो रही थी, भीड़ जुटी थी, मीडिया चैनलों पर लाइव प्रसारण हो रहा था। यह सब कुछ देखते हुए रायपुर के तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक श्री प्रदीप गुप्ता को चिंता हुई कि डेड बॉडी के साथ सबूत सुरक्षित करने में समस्या आ सकती है। उन्होंने मुझसे फोन पर संपर्क किया और पूछा कि पुरातात्विक खुदाई के लिए कुछ प्रशिक्षित कामगर मिल सकते हैं, मेरा जवाब सकारात्मक था, मगर जब उन्होंने मामला बताया और कहा कि ऐसे लोग तुरंत चाहिए तो इस पर मैंने स्पष्ट किया कि कामगर कितना भी प्रशिक्षित हो ऐसे मामले में काम नहीं आएगा, तो रास्ता भी सुझाना पड़ा। छत्तीसगढ़ पुरातत्व संचालनालय के मेरे सहकर्मी और खुदाई के काम के सबसे अनुभवी प्रभात सिंह को इसके लिए कहा, इस निर्देश के साथ कि यदि इस काम में परेशानी महसूस हो तो बता दें, विनम्र असमर्थता प्रकट करने में मुझे तनिक हिचक न होगी। वे अपने सहयोगी प्रवीण तिर्की के साथ तैयार हुए। तब तक हुई खुदाई के स्ट्रेटा के आधार पर शव के दफन होने का ठीक-ठीक अनुमान किया, जो सटीक साबित हुआ। इस तरह इन दो खेदकों ने अपने अनुभव और तकनीकी योग्यता, कार्य-कुशलता के साथ काम संपन्न कराया और श्री गुप्ता से प्रशस्ति पत्र पाने के हकदार बने। बाद में प्रभात जी ने बताया कि संयोगवश कुछ दिनों से वे ‘burial excavation‘ पढ़ते हुए सोच रहे थे, न जाने इसका अवसर कब मिलेगा, मिलेगा भी कि नहीं, एतदर्थ उन्होंने मेरे प्रति आभार जताया। 

यहां ‘इतिहासकारों, पुराविदों, और ‘भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण’ की गर्दन फंस गई ‘भूत’ की रसरी‘ के दो प्रसंगों को भी याद कर लेना प्रासंगिक होगा। 2007 के रामसेतु विवाद में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के निदेशक श्री चन्द्रशेखर द्वारा सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दिया गया था, जिसमें रामसेतु के मानव-निर्मित होने को खारिज किया गया था। इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला माना गया। विवाद बढ़ने पर सरकार ने हलफनामा वापस ले लिया और सरकार के ‘निर्देशों का ठीक से पालन‘ नहीं किये जाने के परिणामस्वरूप, चन्द्रशेखर और सहायक निदेशक वी. बख्शी को निलंबित कर दिया गया था। लगभग तीन महीने बाद निलंबन वापस लेते हुए इन अधिकारियों की बहाली कर दी गई। 

दूसरा मामला 2013 का है, जिसमें स्वामी विरक्तानंद उर्फ संत शोभन सरकार ने अपने सपने के आधार पर उन्नाव जिले के डौंडिया खेड़ा गांव के रामबक्स सिंह के ऐतिहासिक किले के नीचे भारी मात्रा में सोने का खजाना होने का दावा था। शोभन सरकार के सपने का सम्मान करते भारत सरकार ने पुरातत्व विभाग को काम पर लगा दिया। लगभग महीने भर की खुदाई के बाद ‘मिल जाए तो मिट्टी है, खो जाए तो ...‘ जैसी बात हुई। सपना संत का था, झूठा तो हो नहीं सकता, संभव है ‘अपात्रों‘ के हाथ लगने के पहले सोना मिट्टी हो गया हो। संयोगवश इस काम से संबद्ध अधिकारी श्री प्रवीण मिश्रा जी रायपुर से स्थानान्तरित हो कर गए, मेरे परिचित थे, इसलिए पूरे खुदाई अभियान की परत-दर-परत जानकारी मुझे व्यक्तिगत रूप से भी मिली। ‘सुनहरे‘ सपने के आधार पर खुदाई का यह विश्व का अनूठा मामला पुरातत्व के इतिहास में सदैव के लिए दर्ज हो गया। 

आगे बढ़ते किताब से कुछ और अंश देखते चलें- 
# फिर, भला बचपन से ही भगवा ध्वज को नमन करने वाले ‘नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे...‘ गाने और दंड-सलामी करने वाले ... 
# अपने वक्त के नामचीन दानिशमन्दों में शुमार सर्वपल्ली गोपाल और उनके सह-लेखकों ने हिन्दू पक्ष की अयोध्या, रामजी और जन्मस्थान से जुड़ी दलीलों को छिन्न-भिन्न करने के लिए स्वाध्याय और शोध के तपोबल से अर्जित अपने तरकश के दिव्य तीरों की बरसात करने में कोई कसर नहीं छोड़ी- 
# गोली-कांड-अयोध्या और रामजी के नाम पर चल रहे सियासी नृत्य की ताल-बेताल नृत्य-पदी में ‘विवादित ढाँचे की जगह कभी मन्दिर रहे होने के सवाल‘ में उलझकर हम उस मसले से अपने सरोकारों के बारे में भूल ही गए। 
# दूर-दूर तक खलबली मचा दी अयोध्या के विवादित-स्थल से प्राचीन मन्दिर अवशेष मिलने की खबरों ने। मन्दिर और मस्जिद के पैरोकारों के अखबारी-आग में दोनों तरफ से भर-भर मूठी लोबान झोंका जाने लगा। 
# देर से ही सही, पगहा तोड़ाकर उछलते बछेड़ों के पाँव किस तरह पगहों में छानकर चाकरी के संस्कारों में जकड़े जाते हैं सिस्टम में समाहित उसकी प्रक्रिया समझ में पैठने लगी। 
# हमारी कल्पनाओं की लटाई पर ढील पाई कनकइया खुले आसमान में लहराने लगी। 

इस ‘लटई-कनकइया‘ पर मेरी टिप्पणी कि खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश की ‘खिचड़ी-मकर संक्रांति‘ के पेंच लड़ाने से अच्छी तरह परिचित न हों, शायद उन्हें इसका आनंद न मिल सके। यह लटई समानार्थी है परेता, लपेटा या चकरी का और कनकइया यानी गुड़डी-पतंग। इसका रस सिर्फ शब्दों के समानार्थी में नहीं, यादों में है, जिसमें कभी आपने पतंग को ढील दी हो और उसे मौज में लहराते देखा हो। 

प्राचीन इतिहास के उद्भट पंडित, डॉ. विश्वम्भर शरण पाठक (अधिकतर इनका नाम विशम्भर लिखने की भूल होती है।) के हवाले से महत्वपूर्ण भाषाशास्त्रीय विमर्श पुस्तक में शामिल है, इस तरह- ‘यह सुनकर उन्होंने कहा-‘अच्छा! एक सूत्र मैं बताता हूँ। भाषा-शास्त्रीय दृष्टि से इस क्षेत्र में कुछ ऐसे शब्द बोले जाते हैं जिनकी व्युत्पत्ति न तो वैदिक व्याकरण के नियमों से और न ही शास्त्रीय व्याकरण की सहायता से सिद्ध होती है।‘ उदाहरण के लिए यहाँ दो शब्द लिये जा सकते हैं- ‘साकेत‘ और ‘श्रावस्ती‘। पुराणों के अनुसार ‘श्रावस्ती‘ की स्थापना ‘श्रावस्त‘ ने की थी किन्तु ‘श्रावस्त‘ के अर्थ क्या हैं? पूर्व इंडो-यूरोपियन भाषा में पाँच मूल स्वर थे-अ, इ, उ, अय, अव। कालान्तर में पाणिनि का सूत्र बन गया- ऐचोऽयवायावः, अर्थात अऽइ = अय, और अऽव = अव। यह बाद का विकास है।‘ ... पाठक जी जैसे मूर्धन्य भाषा-शास्त्रीय विशेषज्ञ से ‘वैदिक संस्कृत‘ से भी पहले की भाषा रहे होने के अनुमान का ज्ञान हुआ।‘ 

इसके साथ भाषा संबंधी एक अन्य उल्लेख, 1.2.2003 को जारी सम्मन का है- ‘इस सम्मन में इस्तेमाल किये गए इन लफ्जों के मायने हमारे दफ्तर में कोई नहीं बता पाया-‘मुद्दालेह, हरगाह, मिन जामिन, मजकूरावाला, असालतन, बतारीख, इरसाल, जादराह, उज्र, मजमुआ, मरकूल, सहादत, मुतसव्वर, मजकूर, मरकूम वाल्दा, मजकूरा मुबलिग‘। ... सोचने लगा- ‘आम लोगों को तलब करने के लिए अदालतों से जारी होने वाले हुक्मनामों (सम्मनों) की इबारत इतनी मुश्किल क्यों होती है। इसमें इतने कठिन लफ्ज क्यों इस्तेमाल किये जाते हैं! जिसके सही-सही मायने समझने के लिए भी किसी आलिम मौलवी साहब की मदद लेनी पड़े। पता नहीं कब से सँजोयी जा रही है यह रवायती जबान! क्यों नहीं इसे सुधारकर सबके समझने लायक सरल बना दिया जाता। कहाँ तो गोहार लगती है अंग्रेजी की जगह हिन्दी की और कहाँ तो यहाँ देवनागरी लिपि में जारी हो रहे हुक्मनाओं की यह भाषा!‘ 

राकेश जी लिखते हैं- ‘अच्छे शोधकर्ता और अच्छे वकील प्राइमरी सोर्स (मूल स्रोत) की तसदीक किये बिना पूरी तरह से मुतमईन नहीं हो पाते।‘ 

उनकी इस बात को कुछ आगे बढ़ा कर देखें। यह बात ‘प्रमाण विचार‘ की तरह है, चाहे वह कानून हो शोध हो या दर्शन। कानून में बतौर सबूत-आधार फौजदारी हो तो प्राथमिकी, चश्मदीद, परिस्थितिजन्य, अन्य सहायक परिपार्श्विक तथ्य। दीवानी में यही मूल दस्तावेज, अन्य संबंधित कागजात और उसके बाद प्रकरण से जुड़े व्यक्तियों के बयान होते हैं। संक्षेप में मौखिक, दस्तावेजी और भौतिक। अकादमिक शोध-प्रविधि में यही क्रम होता है। इसलिए उत्खनन में कई बार दैनंदिनी, प्राथमिक प्रविष्टि पंजी की जांच-खोज की जाती है, संक्षेप में प्राथमिक और द्वितीयक, जो यथाआवश्यक मात्रात्मक और गुणात्मक होते हैं। दर्शन के क्षेत्र में, विशेष कर न्याय, चार्वाक में कहा जाता है- ‘प्रत्यक्षं किं प्रमाणं‘ या अद्वैत का ‘हस्तामलक‘। पद्मभूषण से सम्मानित हमारे गुरुजी मधुसूदन ए ढाकी जी, विचारों में खुले, व्यवहार में गंभीर-से, कठोर श्वेताम्बर जैन-व्रती, संभवतः जैन चिंतन परंपरा के आधार पर कहते थे ‘प्रमाणं स्वपरभासी, सत्यं वाद विवर्ज्यते‘। बहरहाल, इस क्रम में प्रत्यक्ष के आगे अनुमान, उपमान, शब्द, अर्थापत्ति और अनुपलब्धि निर्धारित है। अयोध्या राम जन्मभूमि और राम मंदिर के संदर्भ में प्रमाण अनुपलब्धता के लिए Absence of evidence is not evidence of absence कहावत, प्रासंगिक है। इसी तरह कहा जाता है- देर ही अंधेर का कारण है और इसके विपरीत यह भी कि जल्दी का काम शैतान का, धीरे-धीरे रे मना ...। अयोध्या प्रकरण से जुड़े रहे ए.के. शर्मा जी ने अपनी पुस्तक AYODHYA CASE Archaeological Evidences में उल्लेख किया है- Justice delayed is justice denied. 

इस पूरे प्रकरण का महत्वपूर्ण दुर्लभ स्रोत, पुस्तक के षष्टम सोपान के 11. ‘परिशिष्ट-क‘ पर ‘अयोध्या का विष्णुहरि मन्दिर शिलालेख‘ भावानुवाद सहित प्रकाशित है। इस अभिलेख के पाठ में थोड़ा-बहुत अन्तर होने के बाद भी इसके मिलने से बारहवीं शताब्दी में अयोध्या में ‘विष्णुहरि‘ का भव्य प्रस्तर मन्दिर निर्मित कराया जाना सुनिश्चित रूप से सिद्ध हो गया। 

इन सबके बावजूद अयोध्या और राम की प्राचीनता के लिए निष्कर्ष पर पहुंचते हुए लिखते हैं- ‘कुल मिलाकर भूगर्भीय, पर्यावरणीय और पुरातात्त्विक शोधों तथा प्राचीन साहित्य से मिले समेकित तथ्यों के प्रकाश में ‘शतपथ ब्राह्मण उपाख्यान‘ के बल पर फुलाया गया गहन वनों वाला गुब्बारा अब तक पूरी तरह से फूट-फाट चुका है। और अब, गंगा घाटी का प्राचीन कालीन नजारा निरखने के लिए चाहिए नया नजरिया। इस सिलसिले में संगत शोध-प्रकाशनों के सन्दर्भ देखे जा सकते हैं। ... थोड़े में कहें तो पिछले पाँच दशकों की खोजों से गंगा-घाटी की प्राचीन मानव-सभ्यताओं की तसवीर पूरी तरह बदल चुकी है। इसलिए ‘रामजी की अजुधिया‘ की बसावट और प्राचीनता पर भी इस बदली हुई अद्यतन स्थिति की पृष्ठभूमि में विचार करना अधिक युक्तिसंगत होगा।‘ 

वे लिखते हैं- इस या उस पार्टी या स्वतंत्र या निरपेक्ष विचारधारा से जुड़ा होना कोई बुरी बात नहीं, किन्तु किसी विशेष विचारधारा के राजनीतिक प्रयोग के लिए दोषपूर्ण तर्कों के बल पर उलटी-सीधी ‘दलीलें‘ देना किसी भी तरह से ठीक नहीं ठहराया जा सकता। ... राजनीतिक या अन्य किन्हीं भी कारणों से ऐसा करने वालों को न तो अवांक्षित और अतिरिक्त प्रशंसा-अनुशंसा मिलनी चाहिए, और न निन्दा, न प्रताड़ना। ऐसी उपलब्धियों के माध्यम से मन्दिर-पक्ष को मजबूत करने का श्रेय लेना या देना किसी तरह श्रेयस्कर नहीं। ... उपर्युक्त सन्दर्भ में ‘रामजी‘ की कृपा से अपने राम बहुत भाग्यशाली रहे। बारह वर्ष से कुछ अधिक लम्बे समय तक किसी भी सरकार ने अयोध्या-विवाद के पक्ष या प्रतिपक्ष में कुछ भी लिखने के लिए न तो कभी कोई दबाव डाला और न प्रोत्साहित ही किया। संस्थाओं और उनमें कार्यरत व्यक्तियों की विश्वसनीय बनाए रखने के लिए ऐसा ही करना समुचित भी है। साथ ही यह भी कि- ‘अपने लाभ‘ के लिए मौके के हिसाब से तोल-मोल कर बोलना छोटे-बड़े किसी के भी लिए शोभनीय नहीं। यदि ऐसा किसी पद के दायित्वों का निर्वहन करते हुए किया जाए तब तो बिलकुल भी नहीं। कोर्ट या सरकार के आदेश से वैसा ही करना चाहिए जैसा किया जाना तकनीकी और अकादमिक दृष्टि से तथ्यात्मक और निष्पक्ष हो। ऐसा करके कोई किसी पर तनिक सा भी ‘उपकार‘ नहीं करता, वैसा तो उन्हें करना ही चाहिए। उसके लिए अतिरिक्त लाभ की लालसा, जतन या अनुकम्पा पाना या देना पद-भ्रष्ट होने का द्योतक है।'

निष्कर्ष पर पहुंचते हुए पुस्तक के और कुछ अंश, जिनसे लेखक-पुस्तक के नजरिए को साफ समझा जा सकता है- # कुछ को छोड़ कर दोनों तरफ के अकादमिक सूरमा साफ तौर पर दुराग्रह की सीमा लांघकर राजनीति के रावण दरबार में अंगद के पांव अड़ाने का प्रहसन करते हुए अपने-अपने तर्कों-कुतर्कों के साथ लामबन्द दिखने लगे। 
# विभिन्न उद्धरण-प्रसंगों में आए कुछ महत्वपूर्ण उल्लेख- ‘अयोध्या मुद्दा ‘आस्था‘ से संबंधित है ‘तथ्यों से नहीं‘ जो कि इस पूरे प्रयास की उपयोगिता पर सवालिया निशान लगा सकता है।‘ और ‘पुरातत्व एक सामाजिक विज्ञान है न कि प्राकृतिक विज्ञान। पुरातात्विक खोजें व्याख्याओं की एक विस्तृत श्रृंखला के अधीन होती हैं।‘ 
# पुनः ‘अयोध्या का मसला इतिहास द्वारा अन्तिम रूप से तय नहीं किया जा सकता। इसे पुरातत्व द्वारा भी तय नहीं किया जा सकेगा। खुदाई से केवल और अधिक भ्रम उत्पन्न हो सकता है।‘ 
# इसी तरह ‘ए.एस.आई. जैसी संस्था जिस पर एक वक्त में मुल्क को जायज नाज रहा है कि कारगुजारी के बारे में ऐसा कहने के लिए मजबूर होना तकलीफदेह है। 
# उन्होंने ऐसा केवल निरपेक्ष मूल्यों के प्रति निष्ठा के कारण किया। 
# अब जबकि खुदाई निराशजनक साबित हो चुकी है अचानक फिर से सुलह की माँग सुनाई पड़ने लगी है। वक्त और परिस्थितियाँ दोनों ही इस माँग को सन्दिग्ध बना देते हैं। अब जबकि सब कुछ खोदकर नष्ट कर दिया गया है, क्यों न कोर्ट के आदेश का इन्तजार किया जाए और उसका पालन किया जाए?‘ 
# जैसा कि पहले ही उल्लेख किया गया है उनकी सामाजिक संरचना, पारिवारिक मूल्यों, जीवन दर्शन, भाषा-बोली आदि के बारे में केवल अनुमान लगाने के यत्न ही किये जा सकते हैं। 

हर सफर का अपना रोमांच होता है, वह देश का हो या काल का। छत्तीसगढ़ के लोग लंबी यात्राओं और प्रवास पर जाते, अपने अनुभव से कहते हैं- परदेस जाए अउ रुख चढ़े एक बरोबर‘, परदेश जाएं या पेड़ पर चढ़े हो, अनिश्चितता के अधर में होते हैं। लेकिन इसी अनिश्चितता के रोमांच में सफर का रस होता है। ‘जिरह अजुधिया‘ के इस सफर में बेपरवाह-से जान पड़ते, घुमक्कड़ी करने वाले राकेश तिवारी का साथ है, फिर सफर कितना भी अनजाना, लंबा और दुर्गम हो, उलझाव, भटकाव और थकान में भी मौज बनी रहती है। अंततः समझ में आता है कि राकेश जी की ओर से यह आना सबसे जरूरी था, जिन्होंने अपने अंचल और संस्कारों के साथ पुरातत्व इतिहासकार के रूप में कर्मभूमि के प्रति सजग-जिम्मेदारी सहित न्याय किया है, और इसमें अपनी प्रामाणिकता और विश्वसनीयता को सर्वोपरि रखा है। यह उनकी कलम-तोड़ जैसी रचना है, मगर वे लगातार सक्रिय हैं, सक्रिय बने रहें, कलम टूट-छूट जाए तो की-बोर्ड पर या अपने ‘गुरु‘ नागर जी की तरह बोल-बोल कर लिखते-लिखाते। 

‘पक्का पक गए होंगे आप अब तक के वाद-प्रतिवाद-विवाद और तोहमतों वाली अदालती कारगुजारी से। मगर इतने उलझे हुए झमेलों की तह में उतरने के लिए इतना तो झेलना ही पड़ेगा।‘ पुस्तक में आए न्यायालयीन बयानों, वकीलों, पुराविदों के तर्क-वितर्क, खंडन-मंडन, शुष्क विवरण से बोझिल होते मसौदे का ध्यान रखते हुए राकेश जी ऐसा स्वयं लिखते हैं पर नायाब कहन, लय रवानी के लिए शब्दों का चयन, जिसमें आंचलिकता का पुट है, के माध्यम से, अधिकारी खुद को इसानी नजरिए से देखता है और लेखकीय नजरिए से कलमबद्ध करते हुए नान फिक्शन को फिक्शन की रवानी दे देता है, यह कहते हुए कि- ‘... देश का नागरिक होने के नाते अपने उद्गारों के बारे में भी दो बातें कर लेने की प्रासंगिकता के लिए।‘ 

हमने बारीकी से पढ़ा, यों ही तारीफ का हवाई पुल, कहे तो फ्लाईओवर नहीं बांध दिया है। इस दौर में छपाई सुगम हो गई है, लेकिन शुद्धि-पत्र का प्रचलन नहीं रहा, जबकि प्रूफ की अशुद्धियां आम हो गई हैं। ऐसे में इस पुस्तक लगभग अशुद्धि-प्रूफ है ही और पाया कि कॉपी एडिटिंग, पेज-सेटिंग, ले-आउट भी बढ़िया है। यह उल्लेख आवश्यक जान पड़ता है कि अब, जबकि ‘पुरातत्त्व‘ को ‘पुरातत्व‘ लिखा जाना सामान्य प्रचलन में है, यहां वह पुरातत्त्व ही रखा गया है। (लगभग कहना इसलिए वांछित कि पेज 358, पंक्ति 24 पर ‘अवांक्षित‘ संभवतः अवांछित होगा। दो अन्य बिंदु- पेज 134 पर ‘संस्थान के प्रशिक्षुओं में...‘ कुछ नामों के साथ स्व. जुड़ा है, यह स्व., स्वर्गीय है तो आशय यही होगा कि कुछ स्वर्गीय भी प्रशिक्षु थे। इसी तरह पेज 141 पर आया नाम ‘डॉ. गएन्द्र, जो शायद गजेन्द्र या ज्ञानेन्द्र हो और पेज 274 पर ऐक्ट, न कि एक्ट, ध्यान देने पर स्पष्ट हो गया कि पेज 134, 141 और 274 की ‘अशुद्धियां‘ उद्धृत किए जाने के कारण हो सकती है, जिसे यथावत रखा गया है।) 

इस किताब पर कुछ और उद्धरण/अच्छी बातें लिखना चाहा, मगर आभार में अपना नाम देख कर संकोचवश ठिठक गया कि जवाबी आभार न मान लिया जाए। मगर मुरव्वत नहीं, पकने की बात तो खुद लेखक कहता है और ‘एक बार दुहरा देना प्रासंगिक होगा‘ कहते हुए, प्रसंगवश ही सही कुछ अंशों में दुहराव-तिहराव है। पेज 135 फेसबुक पर- ‘इस जिरह की पिछली पोस्ट ...‘ का उल्लेख पा कर किताब का पाठक, प्रसंग का जोड़ नहीं बिठा पाता और अनजान पाठक के लिए बात तब खुलती है, जब अंत में ‘आभार‘ में पाता है कि इसे किस्तों में फेसबुक पर लिखा जाता रहा है। अब अधिकतर प्रकाशन, सोशल मीडिया की सामग्री को अपनाने लगे हैं, दूसरी तरफ अभी भी कुछ प्रकाशन समूह हैं जो ऐसे किसी प्लेटफार्म पर आ चुकी सामग्री को पूर्व-प्रकाशित मानते, अछूत वाला व्यवहार करते हैं। ऐसे में फेसबुक पर लिखी गई इस श्रृंखला का पुस्तक रूप में प्रकाशन, उल्लेखनीय है।

प्रसंगवश,
ऊपर श्री ए.के. शर्मा (अरुण कुमार शर्मा) की किताब AYODHYA CASE Archaeological Evidences का जिक्र है। श्री शर्मा, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के उत्खनन शाखा के अधिकारी रहे हैं। सेवानिवृत्ति के पश्चात विभिन्न उत्खनन परियोजनाओं का संचालन किया। छत्तीसगढ़ सरकार में पुरातत्व के मानद सलाहकार रहते हुए मुख्यतः सिरपुर तथा अन्य स्थलों की सर्वेक्षण, खुदाई, अनुरक्षण आदि कार्य कराया और इसी दौरान 2017 में पद्मश्री से सम्मानित हुए। राम जन्मभूमि उत्खनन और न्यायालयीन प्रक्रिया के उनके अनुभव-संस्मरण मुझे प्रत्यक्ष सुनने का मौका मिला, जिसमें वे मुझे वकीलों की तरह प्रति-परीक्षण का अवसर देते थे। उनसे जिरह के लिए मुझे स्वयं घटनाक्रम, मत-मतांतर की जानकारी के लिए मुझे लगातार सजग रहना होता। उनकी पुस्तक प्रकाशित होने पर उन्होंने सत्पात्र मानते उन्होंने कृपापूर्वक पुस्तक की सौजन्य प्रति मुझे दी थी। ‘जिरह अजुधिया‘ पढ़ने की तैयारी में, इस पुस्तक का पढ़ा होना, बहुत काम का साबित हुआ। इस पुस्तक की संक्षिप्त चर्चा यहां आवश्यक मानते- 

श्री शर्मा, पुस्तक के आरंभ में लिखते हैं कि- अयोध्या के मामले में, नियमित प्रक्रिया के बजाय माननीय उच्च न्यायालय ने पहली बार जल्दबाजी दिखाई, हालांकि यह मामला 1949 से अदालतों में लंबित था। फलस्वरूप भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक को अपनी विशेष शक्तियों का प्रयोग करते हुए, निर्णय लेने का अवसर दिया। साथ ही माननीय न्यायालय का दूसरा अभूतपूर्व आदेश था कि ‘खुदाई पूरी होने की तारीख से एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए‘। किसी भी बड़े पैमाने की खुदाई की रिपोर्ट लिखने में, जिसमें हड्डियों की जांच, मिट्टी और मोर्टार के नमूनों की रासायनिक जांच आदि सहित सभी पहलुओं को शामिल किया जाता है, सामान्यतः कम से कम बारह से सोलह महीने लगते हैं। तीसरा, अभूतपूर्व आदेश खुदाई के अंतिम चरण में टीम लीडर को बदलने का था, जबकि माननीय न्यायालय को यह पूरी तरह से पता था कि मूल टीम लीडर के नेतृत्व में ही पूरी खुदाई की गई थी और वही क्षेत्र के सभी तकनीकी विवरणों से अवगत है। यह न्यायालय के अनुरूप रवैया नहीं था। यह खेदजनक है कि तत्कालीन भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक ने इसका विरोध नहीं किया, क्योंकि टीम लीडर की नियुक्ति उन्होंने की थी, न कि माननीय न्यायालय ने। यह गलत धारणा कि न्यायपालिका कुछ भी कर सकती है, और वह भी तकनीकी मामलों में, न्याय के हित में दूर की जानी चाहिए, क्योंकि वे सभी विषयों के ज्ञाता नहीं हैं। माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों के तहत, श्रम संरचना में भी, धार्मिक (मुस्लिम श्रमिक) कोटा पहली बार दुनिया भर में किसी भी पुरातात्विक उत्खनन में लागू किया गया था। 

श्री शर्मा यह भी बताते हैं कि 3 अगस्त 2003 को, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण में मेरे पूर्व सहकर्मी डॉ. एस.पी. गुप्ता और श्री के.एन. दीक्षित ने नई दिल्ली में मुझसे संपर्क किया और पूछा कि क्या मैं अयोध्या में खुदाई स्थल पर जाकर, खुदाई से प्राप्त अवशेषों का निरीक्षण कर सकता हूँ और अपनी राय दे सकता हूँ। मैंने तुरंत सहमति दे दी क्योंकि यह मेरे जीवन का अवसर था, जिसमें बहुत समय से लंबित जटिल समस्या के समाधान के लिए अपना ज्ञान और बुद्धिमत्ता साझा करना चाहा। 

इस सचित्र पुस्तक में अन्य ढेरों संदर्भों के साथ न्यायालयीन प्रकरणों की क्रमवार जानकारी और उनमें उठाए गए मुद्दों की जानकारी है। इसमें 23 दिसंबर 1949 को अयोध्या पुलिस थाने में दर्ज FIR-प्राथमिकी से आरंभ क्रमशः 1950, 1959 के ‘suit-वाद‘, 30 जुलाई 1953 का आदेश, सिविल जज, फैजाबाद का आदेश, 18 दिसंबर 1961 का वाद, 6 जनवरी 1964, 23 अगस्त 1990 का आवेदन, अप्रैल 1993 में भारतीय जनता पार्टी द्वारा अयोध्या और राम मंदिर आंदोलन पर जारी श्वेत पत्र, उच्चतम न्यायालय का आदेश 24 अक्टूबर 1994 ... आदि का संक्षिप्त विवरण/उद्धरण है। इस पुस्तक का अन्य महत्वपूर्ण पक्ष भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण उत्खनन प्रतिवेदन की संक्षेपिका और उस पर अदालती फैसला है।