Sunday, November 22, 2026

श्रीपुर - सिरपुर

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में महानदी के दाहिने तट पर स्थित एक छोटा-सा गांव है- सिरपुर। प्राचीन काल में यह ‘श्रीपुर’ नाम से प्रसिद्ध एक समृद्धशाली नगर और दक्षिण कोसल राज्य की राजधानी था। दक्षिण कोसल में वर्तमान छत्तीसगढ़ के बड़े भू-भाग के साथ पश्चिमी ओडिशा का क्षेत्र भी शामिल था। सिरपुर का उत्कर्ष छठी से आठवीं शताब्दी ईस्वी के बीच हुआ। तब यहां शरभपुरीय और पांडुवंशीय (सोमवंशी) राजाओं का शासन था। इस काल में सिरपुर कला, स्थापत्य, धर्म, शिक्षा, व्यापार और संस्कृति का महत्वपूर्ण केन्द्र हुआ करता था। 

महानदी का अन्य नाम चित्रोत्पला गंगा है और सिरपुर का पुराना नाम चित्रांगदपुर होने की भी मान्यता है। इसी से जुड़ी मान्यता है कि सिरपुर चित्रांगदा-अर्जुन के पुत्र बभ्रुवाहन की राजधानी थी। इसी प्रकार इसे असुर राजा बलि के पुत्र बाणासुर की राजधानी भी माना जाता है। अनुमान होता है कि बाणासुर की मान्यता सिरपुर के प्रतापी शासक महाशिवगुप्त ‘बालार्जुन‘ शब्द से साम्य के कारण होगी। इसी तरह ‘भलेसर‘ या ‘भालेसर‘ स्थान-नाम भी बालार्जुन के विभिन्न निर्माण जिनका नाम ‘बालेश्वर‘ मिलता है, का रूप होना माना जा सकता है। इस नाम का एक गांव महासमुंद से संलग्न है। कोमाखान-गरियाबंद मार्ग पर एक अन्य ‘भलेसर‘ है तथा एक ‘भालेसर‘ नामक गांव जोंक नदी पार कर, संलग्न ओडिशा के नुआपाड़ा जिले में खरियार रोड के पास भी है। ओडिशा की समुद्र तटीय प्राचीन नगरी बालासोर का भी एक नाम बालेश्वर है। 

 माना जाता है कि महान बौद्ध दार्शनिक शून्यवाद के प्रणेता आचार्य नागार्जुन सिरपुर से संबद्ध थे। सातवीं शताब्दी ईस्वी में भारत आए चीनी यात्री युवान चांग (ह्वेनसांग) ने अपने यात्रा वृतांत में दक्षिण कोसल की राजधानी का वर्णन किया है। सिरपुर की भौगोलिक स्थिति और यहां उत्खनन से मिले पुरातात्विक अवशेष युवान चांग के विवरण से मेल खाते हैं। 

सिरपुर का महत्व पहले-पहल 1873-74 में प्रकाशित हुआ। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के प्रथम महानिदेशक मेजर-जनरल अलेक्जेंडर कनिंघम के सहयोगी जे.डी. बेग्लर ने सिरपुर के प्राचीन धरोहर को देखा और विशेष रूप से ईंटों से बने लक्ष्मण मंदिर की स्थापत्य विशेषताओं को दुनिया के सामने लाया। मुख्यतः यही प्रतिवेदन सिरपुर के शोध-उत्खनन और संरक्षण के लिए आधार बना। इस क्रम में स्वयं कनिंघम, ए.एच. लांगहर्स्ट, हेनरी कजिन्स, राय बहादुर हीरालाल, मुनि कान्तिसागर जैसे विद्वानों ने इस स्थल और स्मारकों के महत्व को उजागर किया। 

सिरपुर में व्यवस्थित उत्खनन 1953-54 में आरंभ हुआ। यह कार्य सागर विश्वविद्यालय के पुरातत्वविद् डॉ. मोरेश्वर गंगाधर दीक्षित द्वारा कराया गया। इस खुदाई में मुख्यतः ‘आनंदप्रभ कुटी विहार‘ और ‘स्वस्तिक विहार‘ जैसे बौद्ध स्मारक प्रकाश में आए। साथ ही बड़ी तादात में पुरावशेष मिले। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद उत्खननकर्ता अरुण कुमार शर्मा के निर्देशन में राज्य पुरातत्व विभाग के अमले, उनके मुख्य सहयोगी प्रभात कुमार सिंह द्वारा व्यापक उत्खनन कार्य कराया गया, जिससे सिरपुर के राजनैतिक, धार्मिक, सामाजिक, आर्थिक जीवन और शिक्षा, शिल्प-स्थापत्य, प्राचीन नगर विन्यास को समझने में सहायता मिली। 

वर्तमान में सिरपुर में स्थित स्मारकों में विश्व प्रसिद्ध लक्ष्मण मंदिर के साथ-साथ राम मंदिर, गंधेश्वर मंदिर, आनंदप्रभ कुुटी विहार, स्वस्तिक विहार, तीवरदेव विहार, सुरंग टीला मंदिर समूह, राजप्रासाद के अवशेष, स्तूप, प्राचीन सुनियोजित बाजार, वैद्यशाला, पाठशाला (मठ) आदि हैं। साथ ही बड़ी संख्या में धातु और प्राषाण प्रतिमाएं, प्राचीन अभिलेख, सिक्के तथा अन्य पुरावशेष प्राप्त हुए हैं। इनमें गंधेश्वर मंदिर की प्रतिमाएं और शिलालेख विशेष उल्लेखनीय हैं। इसी तरह तीवरदेव विहार की बारीक नक्काशी और बौद्ध जातक कथाओं का अंकन महत्वपूर्ण है। 1987 में सिरपुर से पांडु-सोमवंशी शासक महाशिवगुप्त बालार्जुन के 9 ताम्रपत्रों का सेट, जिसमें कुल 27 पत्र थे, की महत्वपूर्ण प्राप्ति हुई थी। 

सिरपुर की प्रसिद्धि यहां से प्राप्त कांस्य प्रतिमाओं के कारण भी हैं, जिनमें से एक बौद्ध ‘मंजुश्री‘ रायपुर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय में है। विदेशों में आयोजित होने वाले भारत महोत्सव में यह कांस्य प्रतिमा, भारतीय कला की प्रतिनिधि कृति के रूप में प्रदर्शित हुई। एक अन्य उल्लेखनीय कांस्य प्रतिमा ‘तारा‘ अमरीका के लास एंजिलिस संग्रहालय में है। यहां से आठवीं सदी इस्वी के चीनी शासक ‘काइ युवान‘ का सिक्का भी मिला है। यहां से मिली पाषाण प्रतिमाएं लक्ष्मण मंदिर परिसर के स्थानीय संग्रहालय में प्रदर्शित की गई हैं।
 
मंजुश्री, सिरपुर, लगभग 8वीं सदी ईसवी

सिरपुर का प्रमुख स्मारक और आकर्षण का केन्द्र ईंटों से बना लक्ष्मण मंदिर है। यह भारतीय स्थापत्य कला में अनूठा उदाहाण है। लक्ष्मण मंदिर से प्राप्त शिलालेख वर्तमान में रायपुर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय में सुरक्षित है, जिससे पता चलता है कि इस मंदिर का निर्माण रानी वासटा द्वारा अपने पति हर्षगुप्त की मृत्यु के पश्चात उनकी याद में कराया गया। मंदिर का निर्माण 625 से 650 ईस्वी के मध्य माना गया है। रानी वासटा मगध (बिहार) के मौखरी शासक सूर्यवर्मा की पुत्री थीं। 

ताजमहल की अधिक प्रसिद्धि और जीवन साथी की याद में कराए गए निर्माण के कारण लक्ष्मण मंदिर को ईंटों का प्राचीन ताजमहल भी कहा जाने लगा है। यद्यपि ताजमहल मकबरा है, जिसे मुगल शासक शाहजहाँ ने अपनी बेगम मुमताज की याद में 17 वीं सदी में बनवाया था। जबकि इस देवालय ‘लक्ष्मण मंदिर‘ का निर्माण रानी वासटा ने अपने पति की स्मृति में कराया। इस तरह दोनों स्मारकों की स्थापत्य, निर्माण काल और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि अलग-अलग हैं। 

इस मंदिर का निर्माण कार्य रानी वासटा के पुत्र और दक्षिण कोसल के महान शासक महाशिवगुप्त बालार्जुन के काल में पूर्ण हुआ। ताम्रपत्र लेखों से पता चलता है कि बालार्जुन का राजत्व काल 57 वर्षों का था। बालार्जुन का काल छत्तीसगढ़ के इतिहास का ‘स्वर्णयुग‘ कहा जाता है। 

छत्तीसगढ़ में सिरपुर के अलावा खरौद, पुजारीपाली, पलारी और धोबनी आदि स्थानों में भी लगभग इसी काल के प्राचीन ईंटों के मंदिर हैं। सिरपुर का लक्ष्मण मंदिर देश के प्राचीनतम ईंट निर्मित मंदिर संरक्षित स्मारक के रूप में विख्यात है। पुरातात्विक साक्ष्यों के अनुसार यह मूल रूप से ‘हरि‘ यानी भगवान विष्णु को समर्पित वैष्णव मंदिर था। मुख्य गर्भगृह से भगवान विष्णु की मूर्ति रही होगी, जो लुप्त हो गई। बाद के काल में, जब यहाँ गर्भगृह के पास मानव-रूप शेषनाग की आकृति वाली छोटी प्रतिमा मिली, जिसे गर्भगृह में रखा गया है। शेषनाग की इस मूर्ति को शेषावतार लक्ष्मण माना गया और लोकमानस में इसका नाम लक्ष्मण मंदिर के रूप में प्रसिद्ध हो गया। 


वास्तुकला की दृष्टि से पूर्वाभिमुख लक्ष्मण मंदिर वास्तु की धरातलीय योजना को तीन प्रमुख भागों में विभाजित कर सकते हैं- गर्भगृह, अंतराल और मंडप। गर्भगृह, मंदिर का सबसे पवित्र मुख्य भाग है, जो सामान्यतः चौकोर और कम प्रकाश वाला होता है। गर्भगृह में मुख्य आराध्य देव की स्थापना की जाती है। लक्ष्मण मंदिर का वर्गाकार गर्भगृह चारों ओर मोटी और मजबूत ईंटों की दीवार वाला है। गर्भगृह की आंतरिक दीवारें बिल्कुल सादी हैं, ताकि भक्त का ध्यान केवल ईश्वर की ओर केंद्रित रहे, लेकिन इसका बाहरी हिस्सा अत्यधिक अलंकृत है। गर्भगृह को मुख्य सभा कक्ष (मंडप) से जोड़ने वाला भाग, संकरा गलियारा- ‘अंतराल’, कलात्मक एवं संक्षिप्त है। गर्भगृह के सामने विशाल सभा कक्ष ‘मंडप‘ होता है, जहाँ भक्तगण, भेद-भाव रहित एकत्र होकर पूजा-अर्चना, स्तुति और भजन करते हैं। इस मंदिर के आयताकार मंडप की छत और दीवारें पूरी तरह से ढह चुकी हैं। वर्तमान में यहाँ केवल मंडप का विशाल चौकोर चबूतरा और कुछ नक्काशीदार पत्थरों के खंभों के निचले हिस्से, कुंभियां ही शेष बचे हैं। 

यह मंदिर उर्ध्वाधर ऊंचाई में जमीन की सतह से ऊंचे और विशाल चबूतरे ‘जगती‘ पर बनाया गया है। इस पर चढ़ने के लिए उत्तर और दक्षिण दोनों दिशाओं से पत्थरों की सीढ़ियाँ हैं। ऊंचे चबूतरे पर होने के कारण मंदिर की भव्यता दूर से दिखाई देती है। मंदिर का निर्माण पकी लाल ईंटों से किया गया है। ईंटें बारीक छनी हुई मिट्टी में धान की भूसी मिला कर पकाई हुई हैं। इतने लंबे समय के बाद भी ये ईंटें वैसी की वैसी ही मजबूत हैं। ईटों को जोड़ने के लिए इस्तेमाल किया गया लेप या गारे इतना पतला है कि दो ईंटों के बीच के जोड़ की रेखा मुश्किल से दिखती है। अनुमान होता है कि ईंटों पर पतला पलस्तर भी चढ़ाया गया था। ईंटों की मजबूती का अनुमान इस बात से भी होता है कि उन पर बहुत बारीक और सजीव नक्काशी की गई है। इससे पता चलता है कि उस समय के शिल्पकार ईंट को केवल निर्माण सामग्री नहीं, बल्कि कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम के रूप में भी इस्तेमाल करते थे। इस मंदिर से प्राचीन भारत में ईंट निर्माण और भवन निर्माण की विकसित तकनीक का भी पता चलता है। 

चबूतरे पर निर्मित मंदिर का आधार भाग अधिष्ठान या वेदिबंध कहलाता है, इसके उपर का हिस्सा जंघा तथा उसके उपर शिखर होता है। मंदिर की बाहरी दीवारों पर जंघा भाग में तीनों दिशाओं में ईंटों पर सुंदर आभासी झरोखे की आकृतियां हैं। साथ ही कूट वातायन (छद्म झरोखा या खिड़की) चैत्य गवाक्ष (नाल या मेहराब जैसी आकृति), कलश, आमलक जैसे स्थापत्य अभिप्रायों के साथ देवी-देवता, व्याल और गज, भारवाहक, लताओं के बेल-बूटे और ज्यामितीय आकृतियाँ बनाई गई हैं। मंदिर का शिखर, मरम्मत कर सुरक्षित किया गया है। 

लक्ष्मण मंदिर का आकर्षक और कलात्मक हिस्सा इसके गर्भगृह का मुख्य प्रवेश द्वार है। ईंटों से बने इस मंदिर का द्वार-चौखट मजबूत बलुआ पत्थर का है, जिस पर नक्काशी की गई है। द्वार के सबसे ऊपरी हिस्से ‘सिरदल‘ पर शेषशायी विष्णु का अंकन है, जिसके बाईं ओर सरस्वती और दाहिने वादक बैठा है। चौखट पर पत्र-लतावल्लरी के साथ विष्णु के दशावतारों को दर्शाया गया है। कृष्णलीला के भी दृश्य रोचक हैं, जिनमें केशीवध, कालियदमन, कंसवध आदि को दर्शाया गया है। साथ ही आकाशचारी गंधर्व, बौने गण, शालभंजिकाओं, प्रेमी-युगल, चंचल बंदरों, गिलहरी, तोते आदि पक्षियों का अंकन है। इन्हें बड़ी बारीकी और कलात्मक सौंदर्य के साथ उकेरा गया है। 

सिरपुर की उल्लेखनीय विशेषताओं में से एक- धार्मिक सहिष्णुता और सद्भाव है। यहां शैव, वैष्णव और शाक्त परंपराओं के साथ बौद्ध और जैन धर्म के भी महत्वपूर्ण प्रमाण मिले हैं। मंदिरों के साथ बौद्ध विहार, स्तूप और जैन प्रतिमाओं की प्राप्ति से पता चलता है कि विभिन्न धार्मिक परंपराएं यहां साथ-साथ विकसित हुईं। यहां के शासकों ने राजधर्म के साथ-साथ अन्य धार्मिक संप्रदायों को महत्व और सम्मान दिया। 

यहां के पुरावशेष इतिहास की अनमोल धरोहर है, जिसमें हमारी समृद्ध सभ्यता की जीती-जागती गाथा है। यहां के स्मारक राज्य तथा केन्द्र शासन द्वारा संरक्षित किए गए हैं। हमारे गौरवशाली इतिहास की कला और समृद्ध परंपरा को साक्षात करने वाला यह स्थल यूनेस्को के विश्व धरोहर की अस्थायी सूची में शामिल है। यहां माघ पूर्णिमा के अवसर पर मेला लगता है। यह छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हुआ है। सिरपुर के स्मारकों, पुरावशेषों का संरक्षण और रख-रखाव, सरकार के साथ-साथ हम सबकी प्राथमिकता है।

Tuesday, November 17, 2026

अकबर-भानु

रामचंद्र शुक्ल के हिंदी साहित्य का इतिहास में छत्तीसगढ़ के जगन्नाथ प्रसाद भानु और माधवराव सप्रे की उपेक्षा की चर्चा यदा-कदा होती है। इस पर गिला-शिकवा से निकल कर आगे बढ़ने का सबसे गंभीर काम मेरी जानकारी में डॉ. सुशील त्रिवेदी जी ने किया है। ‘भानु‘ जी पर उनका शोध है और सप्रे जी का समग्र (अप्रकाशित) उन्होंने तैयार किया है। यह पता लगने पर इनसे संबंधित किसी जानकारी या पक्ष की व्याख्या के लिए मुझे डॉ. त्रिवेदी से सहज मार्गदर्शन मिल जाता है। इसी क्रम में ‘भानु‘ जी के अनूठे पक्ष के बारे में जानकारी मिली, उसका एक अंश- 

 
विज्ञप्ति 
प्रिय पाठक वृन्द ! 

        हिंदी काव्यग्रन्थमाला की पांचों पुस्तकें अर्थात् १ छन्दःसारावली, २ हिंदी काव्यालंकार, ३ अलंकार प्रश्नोत्तरी, ४ रसरत्नाकर और ५ काव्य-प्रबन्ध प्रकाशित हो चुकीं। इनमें मेरे रचित काव्यप्रभाकर के समस्त विषय आगये हैं। अब काव्यप्रबंध के अंत में जो भाषा काव्य-कुसुमांजलि नामक प्रकारण छपा है उसी को हिंदी काव्यरसिकों के विनोदार्थ अलग पुस्तक के रूप से प्रकाशित कर आप महानुभावों की सेवा में उपस्थित करता हूँ। इस पुस्तक के दो विभाग हैं—एक में प्राचीन कवियों के संक्षिप्त परिचय सहित उनकी कविता की कुछ कुछ बानगी और दूसरे में अन्य कवियों की कविता समस्या क्रमानुसार है। आशा है कि अनेक प्रौढ़ कवियों की अनूठी उक्तियां पढ़कर आप को विशेष आनंद प्राप्त होगा। 
विनीत— 
जगन्नाथप्रसाद-भानु। 

अथ 
काव्य कुसुमांजलि-भाषा। 

(संक्षिप्त कवि परिचय सहित) 

भाग पहिला 

अकबर।
 
(श्री मुहम्मद जलालुद्दीन अकबरशाह-बादशाह दिल्ली) 

       जगत्प्रसिद्ध मुगल बादशाह जन्म सं० १५९९ विद्वानों का सदा सत्संग रखते थे और कविता भी किया करते थे— 

            शाह अकबर बाल की बांह अचिन्त गही चल भीतरु भौने। 
            सुन्दरी द्वारहि दृष्टि लगायके भागिबे की भ्रम पाबत गौने। 
            चौंकतसी सब ओर विलोकत शंक सकोच रही मुख मौने। 
            यौं छबि नैन छबीले के छाजत मानो बिछोह परे मृग छौने॥१॥ 

            शाह अकब्बर एक समै चले कान्ह विनोद बिलोकन बालहिं। 
            आहट में अबला निरख्यो चकी चौंचि चलीकर आतुर चालहिं॥ 
            त्यों बलि बेंनी सुधारि धरि सुभई छबि यौ ललना अरु लालहिं। 
            चम्पक चारु कमान चढ़ावत काम ज्यों हाथ लिये अहि बालहिं॥२॥ 

जाको जस है जगत में, जगत सराहै जाहि। 
ताको सफल जीवन है, कहत अकब्बर साहि॥ 

टीप- यहां कुछ बिंदुओं पर ध्यान गया- 
# विज्ञप्ति के नीचे (संभवतः त्रिवेदी जी की) हस्तलिखित 1920, जिसके नीचे 57 (जोड़ना) के नीचे 1977 है, इससे अनुमान होता है कि पुस्तिका में अन्यत्र प्रकाशन वर्ष 1977 दिया होगा। 
# कहीं भी चंद्रबिंदी का प्रयोग नहीं है, काव्य-प्रबन्ध को बाद में काव्यप्रबंध, अर्थात आधा न् के बजाय अनुस्वार लगाया गया है। 
# ‘कविता समस्या‘ का आशय-प्रयोग, मुझे स्पष्ट नहीं हुआ।

Friday, November 13, 2026

अफसाना आइसीएस अफसरों का

तीन अफसरों का संक्षिप्त इतिहास-पुराण, जिन्होंने रायपुर, छत्तीसगढ़ में सेवाएं दीं- 

0 देशमुख, चिंतामन द्वारकानाथ (सीडी) - 1896-1982, आइसीएस में चयन-1918, 
पद्मविभूषण, आत्मकथा-‘द कोर्स आफ माइ लाइफ‘ 1974 
0 पाटिल, रामराव कृष्णराव (आरके) - 1907-2007, आइसीएस में चयन-1930
0 नरोन्हा, रोनाल्ड कार्लटन विवियन पायदादे (आरसीवीपी/आरपी) 1916-1982, आइसीएस में चयन-1938, पद्मभूषण, आत्मकथा-‘ए टेल टोल्ड बाइ एन इडियट‘

देशमुख,  पाटिल,  नरोन्हा

बात शुरु करते हैं- उर्दू के मशहूर शायर और इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अंग्रेजी के प्रोफेसर, रघुपति सहाय ‘फिराक गोरखपुरी‘ से। प्रचलित है, वे कहते कि भारत में अंग्रेजी ढाई लोगों को ही आती है। एक मैं, दूसरे डॉ. राजेन्द्र प्रसाद और आधे में नेहरू। उनकी अंग्रेजी के समर्थन में वाक्या है कि सेवानिवृत्ति के बाद सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस आया, उसमें उन्होंने अंग्रेजी की कई गलतियां निकालीं और नोटिस सुधारने को कहते हुए वापस कर दी। सुधर कर दूसरी बार आई नोटिस के साथ फिर ऐसा हुआ। तब न नोटिस आई, न उन्होंने बंगला खाली किया। 

आइसीएस प्रसंग में फिराक की याद इसलिए भी कि उनका चयन 1919 में आइसीएस में हुआ मगर 1920 में ही गांधी से प्रभावित हो कर उन्होंने त्यागपत्र दे दिया। यहां आगे कुछ ऐसा ही पाटिल ने किया था। एक और सुनी-सुनाई देशमुख की। देशमुख को बताया गया कि आइसीएस के परिणाम आ गए हैं, इस पर देशमुख ने पूछा था- ‘हू स्टूड सेकंड‘। आशय था- इसमें क्या संदेह कि पहले स्थान पर वे ही होंगे। 

श्री सीडी देशमुख -

1918, लंदन की एक सुबह। सीडी देशमुख के मित्र राजाध्यक्ष ने हाथ में टाइम्स अखबार लिए उनसे पूछा कि क्या उन्होंने अखबार देखा है। उन्होंने कहा, नहीं। आईसीएस के परिणाम आ चुके हैं, राजाध्यक्ष ने बताया और कहा कि आप न केवल उत्तीर्ण हुए हैं बल्कि प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसकी पुष्टि के बाद जश्न मनाना तय हुआ। देशमुख ने मित्रों के साथ एबीसी रेस्टोरेंट में हॉर्लिक्स माल्टेड मिल्क पी कर इस महान अवसर का जश्न मनाया। बाद में पता चलता है कि उन्हें 5900 अंकों में से 3520 अंक मिले थे, जबकि खराब लिखावट के कारण 60 अंक काट लिए गए थे। एसके सिन्हा दूसरे स्थान पर थे, जिन्हें 2780 अंक मिले थे। इस क्रम में बाद के नाम क्रमशः कमल चंदर, एसजी संगोदयन, एसए लाल, सलेह अकबर हैदरी और आरएन बैनर्जी और फिर युद्ध के कारण बाद में सात सीटों को बढ़ाकर नौ कर दिया गया, जिससे इस सूची में वजाहत हुसैन और वीएन भिडे का नाम जुड़ गया। (इससे अनुमान होता है कि वे भारतीयों में प्रथम स्थान पर थे, न कि पूरी परीक्षा में। जबकि नरोन्हा के साथ यह स्पष्ट जानकारी मिलती है कि वे इस परीक्षा में भारतीयों में प्रथम आए थे।) 

देशमुख की रायपुर पदस्थापना के दौरान यहां यादवराव देशमुख जैसे दो-तीन प्रमुख मराठा वकील, डब्ल्यू. बी. लाखे जैसे सहकारी आंदोलन के नेता, या जगन्नाथ राव दानी जैसे धनी जमींदार और मानद मजिस्ट्रेट होते थे। महाराष्ट्रियन होने के कारण स्थानीय नेताओं द्वारा दबी आवाज़ में उन पर पक्षपात का संदेह होता- ‘कढ़ी कढ़ी से मिल जाएगा‘। तब हिंदी भाषी नेताओं में प्रमुख रविशंकर शुक्ला थे। मुस्लिम समुदाय के दो वकील डब्ल्यू. ए. रिज़वी थे, जो बाद में विधानसभा अध्यक्ष बने। बंगाली समुदाय के बोस और भादुड़ी जैसे वकील मुख्य थे। देशमुख, राम मंदिर के महंत बजरंगदास को आदरणीय बुजुर्ग व्यक्ति के रूप में याद करते हैं कि जिन्होंने उनके प्रति सौहार्द दिखाया।

अपने बंदोबस्ती के काम के बारे में लिखते हैं कि अधिकांश जमींदारियों का काम वाटरफॉल, आईसीएस द्वारा पहले ही पूरा कर दिया गया था, लेकिन तीन जमींदारियों, अर्थात् बिलाईगढ़-कटगी, भटगांव और फुलझर पूरा करना बाकी था, साथ ही खालसा को भी, जो लगभग 6,000 वर्ग मील क्षेत्रफल में फैली हुई थी। वे इस काम के लिए आमतौर पर छह से सात गाँवों का निरीक्षण दोपहर के पहले और तीन-चार गांवों का उसके बाद किया करते और निरीक्षण के नोट्स उसी दिन पूरा कर लेते थे। इस काम में उन्होंने कुल 2750 गांवों का दौरा किया, जिसके लिए लगभग 12,000 मील की दूरी ऊबड़-खाबड़ इलाकों में तय की। उनका निरीक्षण दौरा कार्यक्रम पूर्व-निर्धारित होता था और उसमें कभी बदलाव नहीं होता था इसलिए मातहत अधिकारियों और लोगों को अपना आवंटित काम समय पर पूरा करने का दबाव होता था। इस काम के दौरान पांच वर्षों में वे केवल एक दिन अपने निरीक्षण कार्यक्रम को तेज बुखार के कारण पूरा नहीं कर पाए थे। 1926 से 1931 तक रायपुर जिले के उनके द्वारा किया गया पुनरबंदोबस्ती कार्य की रिपोर्ट को उत्कृष्ट माना गया था। 

आपराधिक मामलों का काम उन्हें नीरस लगता था, मगर इसी से उन्हें छत्तीसगढ़ी सीखने का अवसर मिला। इसे ग्रामीण इलाकों में इस्तेमाल कर सकने के ख्याल से उन्होंने जल्दी ही छत्तीसगढ़ी का अभ्यास कर लिया और अनुभव किया कि छत्तीसगढ़ी विकसित और आकर्षक बोली है, जिसका अपना साहित्य भी है।

वे नागपुर यूरोपियन क्लब, जिसमें भारतीयों को पूर्ण सदस्यता (संभवतः मताधिकार वंचित) नहीं मिलती थी। वे धरमपेठ के इंडियन क्लब का भी उल्लेख करते हैं। उनकी पहली पत्नी रोजीना आर्थर विलकॉक्स था, 1949 में जिनकी मृत्यु हो गई, इसके बाद उन्होंने दुर्गाबाई से विवाह किया। रायपुर का क्लब, पहले छत्तीसगढ़ यूरोपियन क्लब कहलाता था। शहरों में भारतीयों के लिए गोंडवाना क्लब, सिटी क्लब या यूनियन क्लब होते थे। (क्षेपक कथा) बताया जाता है कि ब्रिटिश पत्नी के कारण देशमुख की पत्नी पूर्ण सदस्य थीं, मगर स्वयं देशमुख नहीं और यहीं से इस क्लब के नाम से यूरोपियन हटा देने की बात शुरू हुई। डीसी-कलेक्टर, क्लब के पदेन अध्यक्ष होते और एसपी सचिव, जो बाद में कमिश्नर और डीआइजी होने लगे, अब छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव पदेन अध्यक्ष होते हैं।

देशमुख अपने रायपुर के वकील मित्र अहमद के एक पत्र का हवाला देते हैं, जिसमें लिखा था- ‘रायपुर के लिए यह कितने सम्मान की बात है, जो आपका खुले हाथों से स्वागत करने के लिए तैयार है। आप कब आ रहे हैं? कम से कम एक दिन के लिए तो आइए। आप अब एक नेता और शासक हैं, न कि पहले की तरह एक लोक सेवक। आपके द्वारा किए गए बंदोबस्त के लिए आपका नाम रायपुर के ताने-बाने में रचा-बसा है और पीढ़ी दर पीढ़ी कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।‘

वित्त मंत्री रहते हुए सीडी देशमुख 1950-56 और उनकी दूसरी पत्नी दुर्गाबाई 1952-54, दोनों इस दौरान योजना आयोग के सदस्य थे। शादी के पहले दुर्गाबाई ने अपना इस्तीफा यह कहते हुए देना चाहा कि पति-पत्नी दोनों का एक साथ योजना आयोग में रहना ठीक न होगा, इस पर नेहरू ने इसे नामंजूर करते हुए कहा कि आपकी नियुक्ति सीडी देशमुख ने नहीं बल्कि मैंने, आपकी काबिलियत के कारण की है। नेहरू जी स्वयं इस विवाह के पहले गवाह बने थे। एक घटना की जानकारी मिलती है कि 1923 में काकीनाड़ा कांग्रेस अधिवेशन में 14 साल की दुर्गाबाई खादी प्रदर्शनी की स्वयंसेविका थीं, उन्होंने नेहरू जी को टिकट न होने के कारण अंदर जाने से रोक दिया था, आयोजक नाराज हुए, मगर नेहरू जी ने उनकी प्रशंसा की थी।

जानकारी मिलती है कि 1950 में वित्तमंत्री का पद स्वीकार करते हुए देशमुख ने अपनी मंशा जाहिर कर दी थी कि सैद्धांतिक मामले में मतभेद होने पर वे बेहिचक पद छोड़ देंगे। तब नेहरू ने आश्वस्त किया था कि ‘ऐसी स्थिति आई तो केवल आप ही सरकार से बाहर नहीं होंगे।‘ भाषाई राज्य पुनर्गठन संबंधी मामले में नेहरू से मतभेद के चलते उन्होंने 1956 में वित्त मंत्री पद से इस्तीफे के साथ योजना आयोग की सदस्यता भी छोड़ी थी। देशमुख के इस्तीफे पर नेहरू ने कहा कि ‘देशमुख जैसे मूल्यवान सहयोगी से अलग होना उन्हें खेदजनक लग रहा है। वे व्यक्तिगत विवाद में नहीं पड़ना चाहते।‘ इस प्रसंग के बाद देशमुख की पदस्थितियों और नेहरू से पत्राचार में स्पष्ट होता है कि उन दोनों के बीच का मतभेद मात्र मुद्दे तक सीमित था, अन्यथा वे एक-दूसरे के प्रति पूर्ववत विश्वास और व्यवहार बनाए रखे रहे। वे दिल्ली विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर, यूजीसी के चेयरमैन, भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर, जैसे और भी कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे।

अपने संस्मरण और अनुभवों में वे लिखते हैं कि- ‘देशमुख (शाब्दिक अर्थ ‘किसी क्षेत्र का प्रवक्ता‘) बोलने में लिखने से ज्यादा कुशल होता है, और मैं अब जीवन के उस पड़ाव पर पहुँच गया हूँ जहाँ यादें ताज़ा करने का मन करता है। ... मुझे उम्मीद है कि मेरी यादें कुछ लोगों को, जिनमें भावी इतिहासकार भी शामिल हैं, रुचिकर लगेंगी, खासकर 1943-1967 की अवधि से संबंधित विवरण, जिसके दौरान मैंने महत्वपूर्ण सार्वजनिक पदों पर कार्य किया।‘ 

श्री आरके पाटिल -

लगभग 13 वर्षों तक मध्य प्रांत और बरार में सेवाएं दीं और 1943 में इस्तीफा दे दिया। जानकारी मिलती है कि उन्होंने अपने सरकारी आवास पर ब्रिटिश यूनियन जैक फहराने के आदेश का विरोध किया था। 

रायपुर के कुछ युवा क्रांतिकारी (परसराम सोनी, रणवीर सिंह शास्त्री, गिरीलाल लोहार) भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद के रास्ते पर चलते हुए हथियार और बम बनाने का गुप्त कारखाना चला रहे थे। इसे इतिहास में ‘रायपुर षड्यंत्र केस‘ के नाम से जाना जाता है। एक मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इन क्रांतिकारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पाटिल 17 जुलाई 1942 को मुलाहिजे के लिये जेल पहुंचे। जेलर को हिदायत दी कि इन युवाओं को बैरक में भेज दिया जावे। जेलर ने आदेश का पालन किया और अस्पताल के बैरक में भेज दिया। परसराम सोनी के हवाले से पता लगता है कि उन्होंने जेल अधिकारियों को लिखित आदेश दिया कि ‘दो हम रायपुर कांस्परेंसी केस के और चार बुलढ़ाना कांस्परेंसी केस के लोगों को एक ही बैरक में रखा जाय व खाना ठीक दिया जाय।‘

1942 में भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान जन-आक्रोश भड़का, तब पाटिल रायपुर के डिप्टी कमिश्नर (कलेक्टर) और ब्रिटिश एम. टी. थॉमस जिला पुलिस अधीक्षक थे। छत्तीसगढ़ के प्रमुख नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। इससे जनता भड़क उठी। शहर के स्कूल, कॉलेज और बाजार बंद हो गए। एक विशाल जुलूस निकला। जुलूस सिटी कोतवाली के पास पहुंचा, तो माहौल हिंसक होने लगा। पुलिस लाठीचार्ज और गोली-चालन करने की तैयारी में थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और बल प्रयोग के मामले पर एसपी थॉमस और पाटिल के बीच मतभेद हुआ। पाटिल ने पुलिस को बल प्रयोग और गोलीबारी करने से रोक दिया। पुलिस द्वारा केवल हवाई फायरिंग करके भीड़ को तितर-बितर किया गया।

1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान की हिंसक घटनाओं के लिए कांग्रेस नेताओं के साथ गांधीजी को जिम्मेदार मानते हुए गिरफ्तारियां हुई। गांधीजी को आगाा खां पैलेस में नजरबंद किया गया था। इस आरोप का विरोध करते हुए गांधीजी ने 3 मार्च 1943 को 21 दिन का उपवास पूरा किया। उपवास समाप्त होने पर लॉर्ड लिनलिथगो यह जानने को चिंतित रहे कि इसका भारतीय समाज के विभिन्न वर्गों पर क्या प्रभाव पड़ा है। इस विषय पर भारतीय सिविल सेवा के तथाकथित ‘हिंदू अधिकारियों’ के विचारों की रिपोर्ट देते हुए, मध्य प्रांत एवं बरार के गवर्नर सर हेनरी ट्वाइनम ने लिखा कि “यह सड़न बहुत दूर तक नहीं फैली है।‘ इसका अपवाद आर.के. पाटिल थे। ट्वाइनम के अनुसार, पाटिल ठीक उसी प्रकार की ‘सस्ती और अवास्तविक भावुकतापूर्ण संवेदनशीलता तथा बेचैन भावुकता’ का प्रतिनिधित्व करते थे, जिसका विस्तार हरिजन के पन्नों में हुआ था। पाटिल के इस्तीफे पर ट्वाइनम का मानना था- अच्छा हुआ कि पाटिल जैसे अधिकारी से पीछा छूटा, जो अविश्वसनीय कार्यकारी अधिकारी और कमजोर न्यायिक अधिकारी साबित होते। (पाटिल के पहले हरि विष्णु कामथ (1907-1982) ऐसे आइसीएस अधिकारी थे, जिन्होंने 1930 से 1938 तक शासकीय सेवा के बाद त्यागपत्र दिया था। फिर वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और सुभाषचंद्र बोस से जुड़े। संविधान सभा के सदस्य रहे। प्रजा सोशलिस्ट पार्टी से जुड़े और लोकसभा के सदस्य भी रहे।)

स्वतंत्रता के बाद, उन्होंने सार्वजनिक जीवन में प्रवेश किया, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सदस्य बने। गांधीवादी मूल्यों और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा। ग्रामोद्योग संघ के सह-संस्थापक बने। 1950-51 में भारत के पहले योजना आयोग के सदस्य के रूप में कार्य किया, मध्यप्रांत के खाद्य और कृषि मंत्री रहे। 

श्री आरपी नरोन्हा - 

नरोन्हा के आइसीएस होने की कहानी मजेदार है, उन्हीं के अनुसार वे मजे मजे में आई.सी.एस. बन गए, जबकि फ़ोटो-जर्नलिस्ट बनना चाहते थे। उनकी मां चाहती थीं कि वे प्रतियोगी परीक्षा दें। पहली बार वे परीक्षा में बैठे ही नहीं तब उनकी मां ने आइसीएस. परीक्षा के सभी फार्म आदि कागजात भिजवा दिये और संकेत दिया कि उनके जेब-खर्च पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। वे परीक्षा में बैठे, उनका चयन हो गया और इससे भी बड़ा आश्चर्य कि वे भारतीयों में प्रथम स्थान पर थे। इस पर वे मौज लेते हैं कि ‘तब से प्रतियोगी परीक्षाओं में मेरी कोई आस्था नहीं रह गई।‘

आइसीएस परीक्षा के साक्षात्कार में उन्हें पूछा गया था कि वेतन के अलावे इस सेवा की ओर आपको किस चीज ने आकर्षित किया, इस पर उन्होंने उलट कर पूछ लिया था कि ‘वेतन के अलावा क्या कोई और आकर्षण है? वे खुद को भाड़े के सैनिक की तरह मानते थे, जो वेतन देने वाली किसी भी सरकार के लिए निष्ठापूर्वक अपनी सेवाएं देता है, मगर ‘मजबूत व्यावहारिक अंतरात्मा की सीमा में (विदिन द लिमिट्स इम्पोज्ड बाइ ए रोबस्टली प्रैक्टिकल कोन्साइंस)‘। शिकार की रुचि के कारण उन्होंने अपनी सेवा के लिए सीपी बरार को प्राथमिकता दी, वही उन्हें मिली और 1939 के अंतिम दिनों में नागपुर में सहायक आयुक्त पदस्थ हुए।

शिकारी नरोन्हा से जुड़ी दो बातें, जिसमें पहली का उल्लेख उन्होंने स्वयं किया है- कान्हा किसली में वे गोविंद नारायण सिंह के साथ थे। गोविंद जी का मानना था कि शेर को पीछे से चौंकाया जाए तो वह हमला नहीं करेगा, भाग जाएगा। नरोन्हा इससे सहमत नहीं थे। कुछ देर बाद रात को वन मार्ग में जाते हुए एक शेर दिखा, गोविंद जी चुपचाप जीप से उतर कर शेर के पास गए और उसके पुट्ठे पर चपत लगाई, शेर भाग खड़ा हुआ। इस पर नरोन्हा कहते हैं- ‘वे (गोविंद नारायण सिंह) इसे स्वीकार नहीं करते कि उन्होंने मूर्खतापूर्ण बर्ताव किया था।‘ इस प्रसंग को अजीत जोगी ने मनगढंत जैसा मान कर टिप्पणी की है। दूसरी, जैसा मैंने स्वयं जाना। बात 1990-91 की है। केसकाल के पास गढ़धनोरा के मांझी करिया पुजारी मेरे परिचित थे। वे बताते कि उन्होंने शेर मारा, जंगल वाले पीछे पड़ गए, वे तर्क देते रहे कि हमने तो नरोन्हा के साथ भी शेर मारा था, अपनी लाइसेंसी बेल्जियम से, तब तो कोई पूछने नहीं आया था। वन विभाग की कार्यवाही का कारण वे समझने को तैयार नहीं थे। शेर तो शेर और शिकार तो शिकार। मगर इतना समझ गए कि मुश्किल में पड़ सकते हैं तो मरे शेर का पता-ठिकाना बताने के बजाय उसे जलाकर खाक कर दिया।

मूल मध्यप्रदेशियों के लिए जो बात वे लिखते हैं वह खास कर छत्तीसगढ़ के लिए अधिक उपयुक्त जान पड़ता है- ‘इनमें एक बात आम है, दो कदम पीछे हटकर जीवन को विनोदपूर्ण अनासक्ति के साथ देखने की क्षमता, संलिप्त हुए बगैर उसका आनंद को उठाने की क्षमता। ... कारण जो भी हो, भारत में मध्यप्रदेश एकमात्र राज्य है जहां मैंने बाहरी लोगों के विरुद्ध केवल उनके बाहरी होने के कारण से जरा भी पूर्वग्रह नहीं पाया; वे आपके अपने गुणदोषों पर आपको स्वीकार अथवा अस्वीकार करते हैं।‘

1942 के माहौल पर पाटिल की तरह नरोन्हा ने भी माना था कि जिन नेताओं को गिरफ्तार किए जाने की बात हो रही है, उनमें से किसी के हिसंक हो जाने की संभावना नहीं है, उल्टे अगर हिंसा भड़की तो उसे नियंत्रित करने के लिए इन्हीं नेताओं पर निर्भर रहना होगा। उनके अनुसार अहिंसक प्रदर्शनकारियों की भीड़, जिसे बिना बल प्रयोग के नियंत्रित किया जा सकता था, वहां भी भीड़ के हिंसक हो जाने के पहले ही बल-प्रयोग किया गया, और स्वाभाविक ही इसकी हिंसक प्रतिक्रिया हुई। ऐसे अवसरों पर गोलीचालन किया गया जहां थोड़े धैर्य और थोड़े व्यवहार-चातुर्य से स्थिति को आसानी से संभाला जा सकता था।

एक घटना का उल्लेख यहां प्रासंगिक होगा। 1960 में 27-30 अक्टूबर को रायपुर में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का अधिवेशन हुआ। कैलाशनाथ काटजू मुख्यमंत्री थे, अधिवेशन में भाग लेने प्रधानमंत्री नेहरू भी आए। नरोन्हा तब संभागायुक्त थे। अधिवेशन में लगभग 20000 कुल्हाड़ी लिए प्रदर्शनकारी आदिवासियों का समूह उग्र-उत्तेजित था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नौबत गोलीचालन की थी। डॉ. काटजू चितिंत थे, मगर पं. नेहरू, स्थिति से निपटने की नरोन्हा की योजना और प्रशासनिक क्षमता के प्रति आश्वस्त थे। नरोन्हा अपने प्रशासनिक अनुभव के साथ लिए गए निर्णय का उल्लेख करते हैं कि कहां और किन स्थितियों में गोली-चालन आवश्यक हो जाता है और किस तरह उस स्थिति को टाला जा सकता है। यहां भी सब कुछ शांतिपूर्वक निपट गया। वे यह भी लिखते हैं कि आशंकाओं के बावजूद उन्हें कभी भी गोलीचालन नहीं कराना पड़ा। इस संदर्भ में एक आइएएस अधिकारी ने मेरी जिज्ञासा के जवाब में कहा था कि गोलीचालन का अधिकार उसे ही दिया जाता है, जिस पर भरोसा हो कि वह बिना गोली चलवाए, स्थिति को नियंत्रित कर सकता है। नरोन्हा रेखांकित करते हैं- ‘स्वतंत्रता के बाद गोलीचालन की घटनाएँ, उस समय की अपेक्षा जब हम अँगरेज़ों के ‘गुलाम‘ थे, कहीं अधिक हुई। साध्य की तुलना में साधन को अधिक महत्त्वपूर्ण बनाना बुद्धिमानी नहीं है।‘

1961 में गोवा मुक्ति के बाद वे वहां के प्रथम मुख्य नागरिक प्रशासक नियुक्त हुए। माना जाता है कि मुख्यतः 1960 की रायपुर में बनी परिस्थितियां के दौरान उनकी सूझ-समझ के प्रति आश्वस्त नेहरू के भरोसे पर नरोन्हा खरे उतरे थे, और यही गोवा में उनकी नियुक्ति का मुख्य आधार बना। वहां उन्होंने सैनिक राज्यपाल मेजर जनरल कैडेथ के अधीन काम किया। कैडेथ ने उन्हें रॉन संबोधित करते पत्र लिखा था, जिसमें यह भी था कि ‘तुम्हारे साथ ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है और मैं यह आशा करता हूं कि इसी प्रकार तुमने भी यहां के प्रवास का आनंद लिया होगा।'

नरोन्हा में मनसा-वाचा-कर्मणा ऐसी बुद्धिमत्ता दिखती है जो विसंगतियों को अच्छी तरह पहचानती है फिर उसे लेकर अनावश्यक विवाद-विषाद के बजाय उसे मजाकिया बना कर देखते आगे बढ़ती है। एक प्रसंग, जहां नरोन्हा लिखते हैं- आइसीएस के ब्रिटिश सदस्य 1947 में चले गए। भारतीय सदस्य समय बीतने के साथ समाप्त हो गए। सेवा में कोई नई भर्ती नहीं हुई और उसे आइएएस के द्वारा प्रतिस्थापित किया गया। हमारे लिए स्वतंत्रता के पहले फल थे देश के नए शासकों का अविश्वास, संदेह तथा नापसंदगी। ... वे एक मंत्री के भाषण के बारे में लिखते हैं कि मंत्री ने कहा, ‘तुम्हारे सामने बैठा यह आदमी आइसीएस का सदस्य है। कल यह तुम्हारा स्वामी था आज यह तुम्हारा सेवक है। वह तुम्हारा कुत्ता है, तुम उसके साथ जो चाहे वैसा कर सकते हो, आज जनता का दिन है।‘ ... बाद में नरोन्हा ने मंत्री से कहा- यह एकदम सही है कि हम, शासकीय सेवक, अब आपके सेवक हैं। लेकिन यह भी सही है कि हम हमेशा आपके सेवक रहे हैं, और आप साक्षी हैं कि हमने आपको अपनी सर्वाेत्तम क्षमता के साथ सेवा देने का प्रयास किया है। कुत्तों के विषय में यह है कि मैं स्वयं उन्हें अत्यधिक पसंद करता हूँ, और यदि आप हमारे साथ वैसा व्यवहार करें जैसा कि मैं अपने कुत्तों के साथ करता हूँ, तो मुझे विश्वास है कि शिकायतों की कोई गुंजाइश नहीं होगी।

छत्तीसगढ़ में पदस्थापना के दौरान, जनजाति, बस्तर (1949 से 1955, अबूझमाड़ डायरी 1950) के अपने अनुभवों में वे लिखते हैं- ‘लोहा और कोयले का पता चलता है और देश की ज़रूरतें उनके दोहन की माँग करती हैं। भूमि आदिवासी की है। नई रेलवे लाइनें अछूते क्षेत्र और आदिवासी की जमीन के बीच से जाती हैं। जो शताब्दियां नहीं कर सकीं, सभ्यता ने कर दिया; उसने आदिवासी और उसके भूमि के बीच की नाभि-रज्जु को काट दिया। मेरे पास कोई समाधान नहीं है। मैं मात्र एक ट्रैजिडी प्रतिवेदित कर रहा हूं, वह ट्रैजिड़ी जो मैंने गोंड की पथराई हुई आंखों में झलकते देखी, ‘आशा और भय से मुक्ति दे‘। ... मेरी आशा है कि आप उसे (आदिवासी को) एक मानव के रूप में देखेंगे न कि एक संग्रहालय की प्रदर्शन वस्तु के रूप में। वे कहते हैं- (आदिवासी) वह शायद ही कभी झूठ बोलेगा पर वह ‘अश्वत्थामा हतो नरो वा कुंजरो‘ का विशेषज्ञ है।‘ इस पर अपने अनुभव से मैं कह सकता हूं कि किसी भी अंदरूनी-ग्रामीण अचल में वार्तालाप, बातचीत के बजाय पूछताछ की तरह हो तो ग्रामीण ऐसा ही जवाब देते हैं और उसका कारण होता है कि वे ठीक-ठीक नहीं समझ पाते कि उनके लिए आपके असंबद्ध, अप्रासंगिक और बेतुके-से लगने सवालों के पीछे मंशा क्या है और अपने किसी वक्तव्य के चलते वे अपने या किसी और के लिए परेशानी का सबब न बन जाएं।

नरोन्हा अपने अनुभवों में तीन वर्ष में दो लोगों को नरबलि के लिए फांसी दिए जाने का भी उल्लेख करते हैं। उनके लेखन के कुछ अन्य अंश- ‘हमारे सभी प्रयासों के बावजूद, आदिवासी आपसे या मुझसे बेहतर आदमी हैं।‘ ... ‘सभी आदिवासियों में दो गुण सामान्य हैं- विनोदबुद्धि और अनासक्त बुद्धि।‘ ... ‘सीलिंग अधिनियम गुणवत्ता के मामले में निसंदेह अन्य कानूनों के बराबर था, यद्यपि मेरा पुत्र उससे कोई लाभ प्राप्त नहीं कर सकेगा, सभी वकील प्राप्त करेंगे।‘ मुझे लगता है कि लगभग यही बात भू-दान आंदोलन पर भी लागू होती है, क्योंकि भूमि का मामला अंततः नियम-कानून और उच्च विचारों के बजाय पटवारी या समरथ के बाहु-भुजा-हस्त से ही तय होते हैं। यहां दस्यु आत्म-समर्पण पर नरोन्हा ने माधोसिंह के चाचा को उद्धृत किया है- ‘‘अब पटवारी कलेक्टर बनेगा।‘‘ उसका आशय यह था कि बड़े नामों के निवृत्त होने से मैदान सभी नए प्रवेशकर्ताओं के लिए खुल गया था। यदि यह सही है, तो जे.पी. का निदान बीमारी से अधिक खराब होगा।‘

रायपुर में एक किस्सा प्रचलित है कि संभागायुक्त नरोन्हा ने कलेक्टरों की बैठक बुलाई, बैठक के बाद अपने मुख्यालय लौटने के लिए उन्हें विदा किया। इसके बाद वे राज (तब राजकमल) टॉकीज गए तो देखा तीनों अधिकारियों की सरकारी गाड़ी वहां खड़ी है। उन्होंने तीनों के वाहन चालकों को वाहन ले कर अपने निवास बुला लिया और अपने वाहन चालक को टॉकीज में छोड़ दिया कि साहब लोग बाहर आएं तो उन्हें मेरे निवास पर ले कर आ जाना। ऐसा ही हुआ, तीनों को लगा कि उनकी ‘परेड‘ होगी। मगर नरोन्हा सोने चले गए थे, तीनों वाहनों की चाबी इस निर्देश सहित रखी थी कि साहब लोग लौटें तो उन्हें यह कहते हुए चाबी दे दी जाए कि उन्हें अपने मुख्यालय लौट जाने को कहा गया है। इस किस्से में यह भी जोड़ा जाता है कि सरकारी वाहनों को अलग से पहचाना जा सके इसके लिए उनके रजिस्ट्रेशन नंबर में सीपी या एमपी के साथ ‘जेड‘, जो अब छत्तीसगढ़ में 02 है, की व्यवस्था में भी नरोन्हा की भूमिका रही है, जिसके पीछे राज टॉकीज वाली यह घटना है। इसमें तथ्य और सच्चाई कितनी है, कौन जाने, मगर यह क्षेपक-सी कथा, नरोन्हा की कार्य-प्रणाली के साथ सटीक बैठती है।

पंजाब पदस्थापना के उनके अनुभवों में कई गंभीर तो कुछ संवेदनशील और अनेक रोचक बातें हैं, जिनमें एक, अच्छी उपज को ‘दो क़त्ल की फसल‘ कहा जाना है। यही बात छत्तीसगढ़ में कन्हार, ओनहारी-रबी वाले मुंगेली और कवर्धा के सीमावर्ती अंचल में भी कही जाती थी। इस अंचल का ‘कुंडा‘ पुलिस थाना पूरे मध्यप्रदेश का सबसे ‘महंगा‘ थाना बताया जाता था। 1990-91 में मैं इस अंचल के पिपरिया पुलिस थाने गया ा, वहां बताया गया कि यह सन 1902 का थाना है। जिस दिन मैं वहां था, संयोगवश कोटवारों की बैठक का दिन था। बैठक के बाद ढेरों पुराने किस्से सुनने को मिले, जिसमें फसल की आनावार-गिरदावरी को ‘कतल‘ के पैमाने पर बताया जाता था, साथ ही पुराने समय में बरसात के दिनों में कतल हो जाए तो मौके पर पहुचना दुष्कर होता था, इसलिए रिपोर्ट तभी लिखी जाती थी, जब सूचक घोड़ा ले कर आए, ताकि पुलिस वहां पहुंच सके। तब वहां थाना प्रभारी अधिकारी, पुरातत्व के विद्यार्थी मेरे सहपाठी प्रवीरचंद्र तिवारी जी थे, उन्होंने थाने के पुराने दस्तावेज की कद्र करते, उनके साज-संभार का खास ध्यान रखा था, आशा है वह अब भी सुरक्षित होगा।

अपनी सेवानिवृत्ति के अवसर पर नरोन्हा ने कहा था- ‘प्रशासकीय और पुलिस अधिकारियों के बीच गड़बड़ी सामान्यतः जिला दंडाधिकारी और जिला पुलिस अधीक्षक की पत्नियों के बीच स्वभावगत अंतर से प्रारंभ होती है। फिर वह पदों की सीढ़ी के ऊपर की ओर और नीचे की ओर बढ़ती है। इसलिए सज्जनो, यदि आप वास्तव में देश की सेवा कहना चाहते हैं, तो कृपया अपनी पत्नियों पर/नियंत्रण रखें।‘ वहीं 1972 से 1974 यानी अपनी सेवानिवृत्ति के अंतिम वर्षों में बतौर मुख्य सचिव वे अपनी विक्की मोपेड से दफ्तर जाते थे। यह भी बताया जाता है कि शासकीय सेवा से अपनी विदाई के बाद वे अपनी मोपेड से ही घर लौटे।

भोपाल के मध्यप्रदेश प्रशासन अकादमी का नाम अब ‘आर सी वी पी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबन्धकीय अकादमी‘ है और छत्तीसगढ़, बस्तर में बीजापुर जिले में भोपालपटनम, अटुकपल्ली पंचायत का गांव ‘नरोनापल्ली‘ (नरोनापली/नरोनापाली) है। 


पुछल्ला- आइसीएस यानी इंडियन सिविल सर्विस, जिसके लिए कहा जाता रहा कि यह न इंडियन है, न सिविल और न ही सर्विस। इस परिप्रेक्ष्य में 1924 में आइसीएस हो कर भारत आए एन.बी. बनर्जी, जो 22 साल अंग्रेजी हुकूमत और 9 साल भारतीय शासन के मुलाजिम रहे, 1970 में प्रकाशित उनकी पुस्तक ‘अंडर टू मास्टर्स‘ आइसीएस अधिकारियों की दुविधा को रेखांकित करता है। यह एक चर्चित उदाहरण से स्पष्ट होगा- 15 अगस्त 1947 को बंबई सरकार के स्वतंत्रता का उत्सव का आयोजन ए. एस. बाम ने किया था। असम में ऐसे समारोह की अध्यक्षता बाम के सहयोगी एस. एन. मैत्रा ने की थी। बाम और मैत्रा, दोनों भारतीय सिविल सेवा के सदस्य थे। ये वही अधिकारी थे, जिन्हें पाँच वर्ष पहले, 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान, उन्हीं राष्ट्रवादी नेताओं को गिरफ्तार करना पड़ता था, जिनके अधीन अब उन्हें काम करना था।

इस पोस्ट के लिए प्रासंगिक न मानते- नरोन्हा के मुख्य सचिव कार्यकाल के दौरान बस्तर गोलीकांड-1966, और 'हिरमा की अमर कहानी' और नरोन्हा से जुड़े विवाद की स्पष्ट जानकारी होने के बावजूद- यहां शामिल नहीं किया गया है। 

ऐसे किस्से बड़े-बुजुर्गों, वरिष्ठ अधिकारियों और लक्ष्मी शंकर निगम सर से सुनता रहा हूं। कुछ जानकारियों की पुष्टि श्री राहुल नरोन्हा से हुई। खाली वक्त में विभिन्न स्रोतों, जिनमें मुख्यतः आत्मकथा, शासकीय दस्तावेज और रिपोर्ट आदि हैं, को खंगालते, इकट्ठा करते जाने का परिणाम है यह। लगभग सारी जानकारी अधिकृत स्रोतों से जुटाई गई है, फिर भी संभव है कि इस क्रम में कहीं तथ्यों और उनकी प्रस्तुति में अशुद्धि हो अतएव इसे किस्से की तरह पढ़े, शोध-प्रयोजन के लिए मूल-अधिकृत स्रोतों पर निर्भर रहें।