छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में महानदी के दाहिने तट पर स्थित एक छोटा-सा गांव है- सिरपुर। प्राचीन काल में यह ‘श्रीपुर’ नाम से प्रसिद्ध एक समृद्धशाली नगर और दक्षिण कोसल राज्य की राजधानी था। दक्षिण कोसल में वर्तमान छत्तीसगढ़ के बड़े भू-भाग के साथ पश्चिमी ओडिशा का क्षेत्र भी शामिल था। सिरपुर का उत्कर्ष छठी से आठवीं शताब्दी ईस्वी के बीच हुआ। तब यहां शरभपुरीय और पांडुवंशीय (सोमवंशी) राजाओं का शासन था। इस काल में सिरपुर कला, स्थापत्य, धर्म, शिक्षा, व्यापार और संस्कृति का महत्वपूर्ण केन्द्र हुआ करता था।
महानदी का अन्य नाम चित्रोत्पला गंगा है और सिरपुर का पुराना नाम चित्रांगदपुर होने की भी मान्यता है। इसी से जुड़ी मान्यता है कि सिरपुर चित्रांगदा-अर्जुन के पुत्र बभ्रुवाहन की राजधानी थी। इसी प्रकार इसे असुर राजा बलि के पुत्र बाणासुर की राजधानी भी माना जाता है। अनुमान होता है कि बाणासुर की मान्यता सिरपुर के प्रतापी शासक महाशिवगुप्त ‘बालार्जुन‘ शब्द से साम्य के कारण होगी। इसी तरह ‘भलेसर‘ या ‘भालेसर‘ स्थान-नाम भी बालार्जुन के विभिन्न निर्माण जिनका नाम ‘बालेश्वर‘ मिलता है, का रूप होना माना जा सकता है। इस नाम का एक गांव महासमुंद से संलग्न है। कोमाखान-गरियाबंद मार्ग पर एक अन्य ‘भलेसर‘ है तथा एक ‘भालेसर‘ नामक गांव जोंक नदी पार कर, संलग्न ओडिशा के नुआपाड़ा जिले में खरियार रोड के पास भी है। ओडिशा की समुद्र तटीय प्राचीन नगरी बालासोर का भी एक नाम बालेश्वर है।
माना जाता है कि महान बौद्ध दार्शनिक शून्यवाद के प्रणेता आचार्य नागार्जुन सिरपुर से संबद्ध थे। सातवीं शताब्दी ईस्वी में भारत आए चीनी यात्री युवान चांग (ह्वेनसांग) ने अपने यात्रा वृतांत में दक्षिण कोसल की राजधानी का वर्णन किया है। सिरपुर की भौगोलिक स्थिति और यहां उत्खनन से मिले पुरातात्विक अवशेष युवान चांग के विवरण से मेल खाते हैं।
सिरपुर का महत्व पहले-पहल 1873-74 में प्रकाशित हुआ। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के प्रथम महानिदेशक मेजर-जनरल अलेक्जेंडर कनिंघम के सहयोगी जे.डी. बेग्लर ने सिरपुर के प्राचीन धरोहर को देखा और विशेष रूप से ईंटों से बने लक्ष्मण मंदिर की स्थापत्य विशेषताओं को दुनिया के सामने लाया। मुख्यतः यही प्रतिवेदन सिरपुर के शोध-उत्खनन और संरक्षण के लिए आधार बना। इस क्रम में स्वयं कनिंघम, ए.एच. लांगहर्स्ट, हेनरी कजिन्स, राय बहादुर हीरालाल, मुनि कान्तिसागर जैसे विद्वानों ने इस स्थल और स्मारकों के महत्व को उजागर किया।
सिरपुर में व्यवस्थित उत्खनन 1953-54 में आरंभ हुआ। यह कार्य सागर विश्वविद्यालय के पुरातत्वविद् डॉ. मोरेश्वर गंगाधर दीक्षित द्वारा कराया गया। इस खुदाई में मुख्यतः ‘आनंदप्रभ कुटी विहार‘ और ‘स्वस्तिक विहार‘ जैसे बौद्ध स्मारक प्रकाश में आए। साथ ही बड़ी तादात में पुरावशेष मिले। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद उत्खननकर्ता अरुण कुमार शर्मा के निर्देशन में राज्य पुरातत्व विभाग के अमले, उनके मुख्य सहयोगी प्रभात कुमार सिंह द्वारा व्यापक उत्खनन कार्य कराया गया, जिससे सिरपुर के राजनैतिक, धार्मिक, सामाजिक, आर्थिक जीवन और शिक्षा, शिल्प-स्थापत्य, प्राचीन नगर विन्यास को समझने में सहायता मिली।
वर्तमान में सिरपुर में स्थित स्मारकों में विश्व प्रसिद्ध लक्ष्मण मंदिर के साथ-साथ राम मंदिर, गंधेश्वर मंदिर, आनंदप्रभ कुुटी विहार, स्वस्तिक विहार, तीवरदेव विहार, सुरंग टीला मंदिर समूह, राजप्रासाद के अवशेष, स्तूप, प्राचीन सुनियोजित बाजार, वैद्यशाला, पाठशाला (मठ) आदि हैं। साथ ही बड़ी संख्या में धातु और प्राषाण प्रतिमाएं, प्राचीन अभिलेख, सिक्के तथा अन्य पुरावशेष प्राप्त हुए हैं। इनमें गंधेश्वर मंदिर की प्रतिमाएं और शिलालेख विशेष उल्लेखनीय हैं। इसी तरह तीवरदेव विहार की बारीक नक्काशी और बौद्ध जातक कथाओं का अंकन महत्वपूर्ण है। 1987 में सिरपुर से पांडु-सोमवंशी शासक महाशिवगुप्त बालार्जुन के 9 ताम्रपत्रों का सेट, जिसमें कुल 27 पत्र थे, की महत्वपूर्ण प्राप्ति हुई थी।
सिरपुर की प्रसिद्धि यहां से प्राप्त कांस्य प्रतिमाओं के कारण भी हैं, जिनमें से एक बौद्ध ‘मंजुश्री‘ रायपुर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय में है। विदेशों में आयोजित होने वाले भारत महोत्सव में यह कांस्य प्रतिमा, भारतीय कला की प्रतिनिधि कृति के रूप में प्रदर्शित हुई। एक अन्य उल्लेखनीय कांस्य प्रतिमा ‘तारा‘ अमरीका के लास एंजिलिस संग्रहालय में है। यहां से आठवीं सदी इस्वी के चीनी शासक ‘काइ युवान‘ का सिक्का भी मिला है। यहां से मिली पाषाण प्रतिमाएं लक्ष्मण मंदिर परिसर के स्थानीय संग्रहालय में प्रदर्शित की गई हैं।
![]() |
| मंजुश्री, सिरपुर, लगभग 8वीं सदी ईसवी |
सिरपुर का प्रमुख स्मारक और आकर्षण का केन्द्र ईंटों से बना लक्ष्मण मंदिर है। यह भारतीय स्थापत्य कला में अनूठा उदाहाण है। लक्ष्मण मंदिर से प्राप्त शिलालेख वर्तमान में रायपुर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय में सुरक्षित है, जिससे पता चलता है कि इस मंदिर का निर्माण रानी वासटा द्वारा अपने पति हर्षगुप्त की मृत्यु के पश्चात उनकी याद में कराया गया। मंदिर का निर्माण 625 से 650 ईस्वी के मध्य माना गया है। रानी वासटा मगध (बिहार) के मौखरी शासक सूर्यवर्मा की पुत्री थीं।
ताजमहल की अधिक प्रसिद्धि और जीवन साथी की याद में कराए गए निर्माण के कारण लक्ष्मण मंदिर को ईंटों का प्राचीन ताजमहल भी कहा जाने लगा है। यद्यपि ताजमहल मकबरा है, जिसे मुगल शासक शाहजहाँ ने अपनी बेगम मुमताज की याद में 17 वीं सदी में बनवाया था। जबकि इस देवालय ‘लक्ष्मण मंदिर‘ का निर्माण रानी वासटा ने अपने पति की स्मृति में कराया। इस तरह दोनों स्मारकों की स्थापत्य, निर्माण काल और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि अलग-अलग हैं।
इस मंदिर का निर्माण कार्य रानी वासटा के पुत्र और दक्षिण कोसल के महान शासक महाशिवगुप्त बालार्जुन के काल में पूर्ण हुआ। ताम्रपत्र लेखों से पता चलता है कि बालार्जुन का राजत्व काल 57 वर्षों का था। बालार्जुन का काल छत्तीसगढ़ के इतिहास का ‘स्वर्णयुग‘ कहा जाता है।
छत्तीसगढ़ में सिरपुर के अलावा खरौद, पुजारीपाली, पलारी और धोबनी आदि स्थानों में भी लगभग इसी काल के प्राचीन ईंटों के मंदिर हैं। सिरपुर का लक्ष्मण मंदिर देश के प्राचीनतम ईंट निर्मित मंदिर संरक्षित स्मारक के रूप में विख्यात है। पुरातात्विक साक्ष्यों के अनुसार यह मूल रूप से ‘हरि‘ यानी भगवान विष्णु को समर्पित वैष्णव मंदिर था। मुख्य गर्भगृह से भगवान विष्णु की मूर्ति रही होगी, जो लुप्त हो गई। बाद के काल में, जब यहाँ गर्भगृह के पास मानव-रूप शेषनाग की आकृति वाली छोटी प्रतिमा मिली, जिसे गर्भगृह में रखा गया है। शेषनाग की इस मूर्ति को शेषावतार लक्ष्मण माना गया और लोकमानस में इसका नाम लक्ष्मण मंदिर के रूप में प्रसिद्ध हो गया।
वास्तुकला की दृष्टि से पूर्वाभिमुख लक्ष्मण मंदिर वास्तु की धरातलीय योजना को तीन प्रमुख भागों में विभाजित कर सकते हैं- गर्भगृह, अंतराल और मंडप। गर्भगृह, मंदिर का सबसे पवित्र मुख्य भाग है, जो सामान्यतः चौकोर और कम प्रकाश वाला होता है। गर्भगृह में मुख्य आराध्य देव की स्थापना की जाती है। लक्ष्मण मंदिर का वर्गाकार गर्भगृह चारों ओर मोटी और मजबूत ईंटों की दीवार वाला है। गर्भगृह की आंतरिक दीवारें बिल्कुल सादी हैं, ताकि भक्त का ध्यान केवल ईश्वर की ओर केंद्रित रहे, लेकिन इसका बाहरी हिस्सा अत्यधिक अलंकृत है। गर्भगृह को मुख्य सभा कक्ष (मंडप) से जोड़ने वाला भाग, संकरा गलियारा- ‘अंतराल’, कलात्मक एवं संक्षिप्त है। गर्भगृह के सामने विशाल सभा कक्ष ‘मंडप‘ होता है, जहाँ भक्तगण, भेद-भाव रहित एकत्र होकर पूजा-अर्चना, स्तुति और भजन करते हैं। इस मंदिर के आयताकार मंडप की छत और दीवारें पूरी तरह से ढह चुकी हैं। वर्तमान में यहाँ केवल मंडप का विशाल चौकोर चबूतरा और कुछ नक्काशीदार पत्थरों के खंभों के निचले हिस्से, कुंभियां ही शेष बचे हैं।
यह मंदिर उर्ध्वाधर ऊंचाई में जमीन की सतह से ऊंचे और विशाल चबूतरे ‘जगती‘ पर बनाया गया है। इस पर चढ़ने के लिए उत्तर और दक्षिण दोनों दिशाओं से पत्थरों की सीढ़ियाँ हैं। ऊंचे चबूतरे पर होने के कारण मंदिर की भव्यता दूर से दिखाई देती है। मंदिर का निर्माण पकी लाल ईंटों से किया गया है। ईंटें बारीक छनी हुई मिट्टी में धान की भूसी मिला कर पकाई हुई हैं। इतने लंबे समय के बाद भी ये ईंटें वैसी की वैसी ही मजबूत हैं। ईटों को जोड़ने के लिए इस्तेमाल किया गया लेप या गारे इतना पतला है कि दो ईंटों के बीच के जोड़ की रेखा मुश्किल से दिखती है। अनुमान होता है कि ईंटों पर पतला पलस्तर भी चढ़ाया गया था। ईंटों की मजबूती का अनुमान इस बात से भी होता है कि उन पर बहुत बारीक और सजीव नक्काशी की गई है। इससे पता चलता है कि उस समय के शिल्पकार ईंट को केवल निर्माण सामग्री नहीं, बल्कि कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम के रूप में भी इस्तेमाल करते थे। इस मंदिर से प्राचीन भारत में ईंट निर्माण और भवन निर्माण की विकसित तकनीक का भी पता चलता है।
चबूतरे पर निर्मित मंदिर का आधार भाग अधिष्ठान या वेदिबंध कहलाता है, इसके उपर का हिस्सा जंघा तथा उसके उपर शिखर होता है। मंदिर की बाहरी दीवारों पर जंघा भाग में तीनों दिशाओं में ईंटों पर सुंदर आभासी झरोखे की आकृतियां हैं। साथ ही कूट वातायन (छद्म झरोखा या खिड़की) चैत्य गवाक्ष (नाल या मेहराब जैसी आकृति), कलश, आमलक जैसे स्थापत्य अभिप्रायों के साथ देवी-देवता, व्याल और गज, भारवाहक, लताओं के बेल-बूटे और ज्यामितीय आकृतियाँ बनाई गई हैं। मंदिर का शिखर, मरम्मत कर सुरक्षित किया गया है।
लक्ष्मण मंदिर का आकर्षक और कलात्मक हिस्सा इसके गर्भगृह का मुख्य प्रवेश द्वार है। ईंटों से बने इस मंदिर का द्वार-चौखट मजबूत बलुआ पत्थर का है, जिस पर नक्काशी की गई है। द्वार के सबसे ऊपरी हिस्से ‘सिरदल‘ पर शेषशायी विष्णु का अंकन है, जिसके बाईं ओर सरस्वती और दाहिने वादक बैठा है। चौखट पर पत्र-लतावल्लरी के साथ विष्णु के दशावतारों को दर्शाया गया है। कृष्णलीला के भी दृश्य रोचक हैं, जिनमें केशीवध, कालियदमन, कंसवध आदि को दर्शाया गया है। साथ ही आकाशचारी गंधर्व, बौने गण, शालभंजिकाओं, प्रेमी-युगल, चंचल बंदरों, गिलहरी, तोते आदि पक्षियों का अंकन है। इन्हें बड़ी बारीकी और कलात्मक सौंदर्य के साथ उकेरा गया है।
सिरपुर की उल्लेखनीय विशेषताओं में से एक- धार्मिक सहिष्णुता और सद्भाव है। यहां शैव, वैष्णव और शाक्त परंपराओं के साथ बौद्ध और जैन धर्म के भी महत्वपूर्ण प्रमाण मिले हैं। मंदिरों के साथ बौद्ध विहार, स्तूप और जैन प्रतिमाओं की प्राप्ति से पता चलता है कि विभिन्न धार्मिक परंपराएं यहां साथ-साथ विकसित हुईं। यहां के शासकों ने राजधर्म के साथ-साथ अन्य धार्मिक संप्रदायों को महत्व और सम्मान दिया।
यहां के पुरावशेष इतिहास की अनमोल धरोहर है, जिसमें हमारी समृद्ध सभ्यता की जीती-जागती गाथा है। यहां के स्मारक राज्य तथा केन्द्र शासन द्वारा संरक्षित किए गए हैं। हमारे गौरवशाली इतिहास की कला और समृद्ध परंपरा को साक्षात करने वाला यह स्थल यूनेस्को के विश्व धरोहर की अस्थायी सूची में शामिल है। यहां माघ पूर्णिमा के अवसर पर मेला लगता है। यह छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हुआ है। सिरपुर के स्मारकों, पुरावशेषों का संरक्षण और रख-रखाव, सरकार के साथ-साथ हम सबकी प्राथमिकता है।

No comments:
Post a Comment