Saturday, June 25, 2011

परमाणु

रस-रसायन की भाषा। ... रससिद्ध करने वाले वैद्यराज, कविराज भी कहे जाते हैं। ... रस कभी कटु (क्षार), अम्ल, मधुर, लवण, तिक्त और कषाय, षटरस है तो करुण, रौद्र, श्रृंगार, अद्‌भुत, वीर, हास्य, वीभत्स, भयानक और शांत जैसे नवरस भी है, जिनमें कभी 'शांत' को छोड़कर आठ तो 'वात्सल्य' को जोड़कर दस भी गिना जाता है। ... हमारे एक गुरुजी 'एस्थेटिक' को सौंदर्यशास्त्र कहने पर नाराज होकर कहते, रसशास्त्र जैसा सार्थक शब्द है फिर कुछ और क्यों कहें। ... आजकल फिल्मी दुनिया में किसी न किसी की केमिस्ट्री बनती-बिगड़ती ही रहती है।

शास्त्रों में अज्ञानी के न जाने क्या और कितने लक्षण बताए गए होंगे, लेकिन मेरा विश्वास है कि उनमें एक होगा- 'अपनी बात कहने के लिए विषय प्रवेश की दिशा का निश्चय न कर पाना।' ऐसा तभी होता है, जब विषय पर अधिकार न हो और उसका 'हाथ कंगन को आरसी' यहां भी है। किन्तु विश्वास के साथ आगे बढ़ रहा हूं कि आपका साथ रहा तो कुछ निबाह हो ही जाएगा।

मेरी अपनी उक्ति है- ''गुणों का सिर्फ सम्मान होता है जबकि पसंद, कमजोरियां की जाती हैं।'' इस वाक्य के वैज्ञानिक परीक्षण के चक्कर में रसायनशास्त्र दुहराने बैठ गया। हमारी परम्परा में वैशेषिक पद्धति में कणाद ऋषि ने अविनाशिता का सिद्धांत प्रतिपादन करते हुए पदार्थ के सूक्ष्म कणों को परमाणु नाम दिया। वैसे पूरी दुनिया में रसायन की प्रेरणा है, चिर यौवन-अमरत्‍व (स्थिरता-अविनाशिता) और किसी भी पदार्थ को बदल कर स्‍वर्ण बना देना (परिवर्तन-गतिशीलता)। शोध अब भी जारी है, लेकिन इस क्रम में खोज हुई कि परमाणु के नाभिक में उदासीन न्यूट्रान (n) और धनावेशित प्रोटान (p) होते हैं, जबकि ऋणावेशित इलेक्ट्रान (e) नाभिक के बाहर कक्षाओं में सक्रिय होते हैं। कक्षों में इलेक्ट्रान की अधिकतम संभव संख्‍या क्रमशः 2, 8, 18, 32 आदि होती है।

इस रेखाचित्र में देखें। सोडियम (Na) n-12, p-11, e-11 (2,8,1) और क्लोरीन (Cl) n-18, p-17, e-17 (2,8,7) से बना सोडियम क्लोराइड (NaCl), नमक यानि सलाइन-सलोनेपन का संयोजक बंध -
बाहरी कक्षा में इलेक्ट्रान की संख्‍या पूर्ण हो तो तत्व अक्रिय होता है और यहां इलेक्ट्रान की संख्‍या उक्तानुसार पूर्ण न होने पर तत्व क्रियाशील होता है तथा इलेक्ट्रान त्याग कर या ग्रहण कर आवर्त सारिणी के निकटतम अक्रिय गैस जैसी रचना प्राप्त करने की चेष्टा (ॽ) करता है। किसी तत्व का परमाणु, जितने इलेक्ट्रान ग्रहण करता या त्यागता है, वही तत्व की संयोजकता होती है।

देखते-देखते तत्व या पदार्थ, मनुष्य का समानार्थी बनने लगा। पदार्थ के धनावेशित प्रोटान, मानव के पाजिटिव गुण और ऋणावेशित इलेक्ट्रान उसकी कमजोरियां हुईं, बाहरी कक्षा में जिनकी संख्‍या पूर्ण न होने के कारण अन्य के प्रति आकर्षण/पसंदगी और फलस्वरूप संयोजकता संभव होती है। लेकिन उदासीन और धनावेशित केन्‍द्र की स्थिरता के भरोसे ही, उसके चारों ओर ऋणावेश गति और यह संयोग संभव होता है। मानवीय चेष्टा/नियति भी तो अक्रिय गैस की तरह स्थिरता, मोक्ष, परम पद प्राप्त कर लेना है।

यह और भी गड्‌ड-मड्‌ड होने लगा। भ्रम होने लगा (अज्ञान का लक्षण ॽ) कि रसायनशास्त्र चल रहा है या कुछ और। आगे बढ़ने पर जॉन न्यूलैण्ड का अष्टक नियम मिल गया। तत्वों को उनके बढ़ते हुए परमाणु भारों के क्रम में व्यवस्थित करने पर 'सरगम' की तरह आठवां तत्व, पहले तत्व के भौतिक और रासायनिक गुणों से समानता रखता है, इस तरह-
सा- लीथियम, सोडियम, पोटेशियम// रे- बेरीलियम, मैगनीशियम, कैल्शियम// ग- बोरान, एल्यूमीनियम// म- कार्बन, सिलिकान// प- नाइट्रोजन, फास्फोरस// ध- आक्सीजन, सल्फर// नी- फ्लोरीन, क्लोरीन// जैसा सुर सधता दिखने लगा।

मजेदार कि यह नियम हल्के तत्वों पर लागू होता है, भारी पर नहीं। वैसे भी भारी पर नियम, हमेशा कहां लागू हो पाते हैं, 'समरथ को नहीं दोष गुसाईं'। सो सब अपरा जंजाल ...। जड़-चेतन का भेद विलोप ...। कहां तक पड़े रहें दुनियादारी के झमेले में- राम रसायन तुम्हरे पासा, सदा रहो रघुपति के दासा। राम नाम रस पीजै मनवा ...

सो, गुणों का सम्मान करें और कमजोरियों से प्रेम करें।
साध्य उपपन्न।

Tuesday, June 21, 2011

पंडुक-पंडुक

पंडुक, पंडुक से पंडुक-अंडा फिर पंडुक-बच्‍चा और फिर पंडुक-पंडुक। पिछली पोस्‍ट पंडुक का वाक्‍य है- ''अंडों में सांस ले रहे पंडुकों की करवट, का हाल परिशिष्ट बनाकर बाद में जोड़ा जा सकता है।'' उस पोस्‍ट पर उत्‍साहवर्धक टिप्‍पणियां भी मिलीं, जिनमें से एक, संजय जी की थी- ''गुडलक टु पेंडुकी परिवार।'' सुब्रह्मनि‍यन जी ने लिखा- ''अण्डों को सेने के बाद वाली स्थितियां अनुकूल रहें''। अभिषेक जी ने कहा- ''नये पंडुक आयें तो फिर तस्वीर पोस्ट कीजियेगा।'' आशा जोगलेकर जी ने भी इसी तरह की बात कही। अब अच्‍छी खबर है तो लगा, परिशिष्‍ट के बजाय पोस्‍ट क्‍यूं नहीं।

18 मई की अलस्‍सुबह जच्‍चा एकदम सजग-सक्रिय दिखी और अंडे के इस बाइसवें दिन सुबह साढ़े छः बजे पहला चूजा निकला। जच्‍चा, खोज-खबर ले कर, आश्‍वस्‍त दाना-चारा के लिए निकल गई। हमने एक कटोरी में उसके चारे का इंतजाम किया। वह बस हमारा मन रखने को ही मनुहार करती लेकिन चारा चुगने फिर निकल जाती और कटोरी के चारे का जश्‍न मनातीं गौरैया। गौरैया की इतनी चहल-पहल से पंडुक अनमनी होने लगती और कभी पंख भी फड़फड़ाती।
चूजे की हलचल बढ़ गई, वह गमले के किनार तक आ जाता, एक बार तो बाहर गिरते-गिरते बचा। जच्‍चे की अनियतता देख कर लगा कि दखल जरूरी है, सो सावधानी से चूजे को अंडों व पूरे घोंसले सहित उसी जगह पर एक ऊंचे किनार वाले चौड़े गमले में रख दिया।
लगभग तीन घंटे बाद जच्‍चा आई, आधे घंटे थोड़ी विचलित रही, लेकिन जल्‍दी ही एक-दो परिक्रमा कर इस नई व्‍यवस्‍था को अपना लिया। पहले से चार घंटे बाद दूसरा चूजा निकला। दोनों चूजे कभी अलग तो कभी लट-पट होते। जच्‍चा, कभी अंडों के साथ चूजों को भी ढक लेती तो कभी दोनों पर अपनी चोंच आजमाती दिखती।
गमले में चींटियां दिखीं और एक बार फिर व्‍यवस्‍था बदलनी पड़ी। चूजा, यूं दुबका बैठा रहता, लेकिन जच्‍चा, जो सुबह-दोपहर-शाम दिन में तीन बार आती, के आते ही जो दृश्‍य बनता, वह कुछ इस तरह होता।
मई की तारीख पूरी होते-होते चूजे के सिर पर रोएं घने होने लगे, बॉडी लैंग्‍वेज पंडुक की होने लगी और 1 जून को यानि 26 अप्रैल से छठां हफ्ता पूरा होने पर और यह चूजा, अपना तीसरा हफ्ता पूरा होते-होते गमले के बार-लांचिंग पैड पर आ बैठा।
लग‍भग आधे दिन यहीं डोलता-खुद को तोलता रहा और फिर उड़ान भर ली। हम सबको कुछ और समय लगेगा, पंडुक के साथ की आदत बदलने में, अभी तो वह मन में घर किया बैठा ही है।

Friday, June 17, 2011

अलेखक का लेखा

आज 17 जून, श्री चंद्रशेखर मोहदीवाले की जन्‍मतिथि है। उनका जन्‍म सन 1928 में तथा निधन 21 जुलाई 1999 को हुआ। आप सागर विश्‍वविद्यालय से वनस्‍पति शास्‍त्र के स्‍नातकोत्‍तर तथा बीएड थे। मध्‍यप्रदेश राज्‍य शासन के शिक्षा विभाग की सेवा में अधिकतर बिलासपुर संभाग में पदस्‍थ रहे और शिक्षण महाविद्यालय, बिलासपुर से सेवानिवृत्‍त हुए। इस सामग्री की प्रति मुझे उनके भतीजे श्री संजय तथा पुत्र श्री चंद्रकांत से यहां प्रकाशित करने हेतु सहमति सहित प्राप्‍त हुई। पोस्‍ट के दो हिस्‍से हैं- पहला पारिवारिक पृष्‍ठभूमि का, छोटे फॉन्‍ट में और आगे सामान्‍य फॉन्‍ट में वह भाग, जिसके लिए यह पोस्‍ट लगाई गई है।

यह वंश नृसिंह पंत से प्रारंभ हुआ है यह जानकारी मिली, इसके पूर्व के लोगों के नाम ज्ञात नही हो सके। राहट गांव व हाड क्षेत्र के निवासी थे। आज भी राहटगांवकर परिवार अमरावती के आसपास रहते है वहां के कृषक है और शासकीय/व्यापारिक/निजी संस्थानों में नौकरी करते हैं। छत्तीसगढ़ में आया हुआ परिवार पूर्व में नौकरी या खेती करते रहे होंगे। लिखित प्रमाण नहीं मिला कि परिवार के पहले व्यक्तियों में से कौन भोसले के सेवा में रहकर अंग्रेजों के बंदोबस्ती कार्यालय के रायपुर/बिलासपुर/रतनपुर/नवागढ़ में आये। किन्तु यह सत्य है कि हमारा परिवार रायपुर में ही आया और उन्हें कृषि भूमि दी गई होगी। नृसिंह पंत के बाद ही यह परिवार तीन परिवारों में बंट गया। अकोली वाले राहटगांवकर यहां से ही अलग हुए हैं। नृसिंह पंत के कितने पुत्रियां थी ज्ञात नहीं है। नरहर पंत से ही यह परिवार आगे बढ़ा वर्तमान में तीसरा परिवार नरहर पंत के बाद अलग हुआ। तीन परिवार अलग अलग रहने लगे। 1. तात्याराव बापूजी, अकोलीवाले का परिवार मोहदी से दो किलोमीटर दूर अकोली ग्राम मे बस गये। 2. कृष्णराव आप्पाजी और गोपाल राव आप्पाजी का परिवार ''टोर'' और ''कहई'' नाम के गावों में रहने लगे और कुछ ही वर्षों में खेती की भूमि बेचकर नौकरियों में लग गये, इसी पीढ़ी से अलग अलग हो गये। एक बात विशेष ध्यान में आई कि जो परिवार पास पास रहे चाहे कितनी दूरी रिश्तों की हो घनिष्ट हो जाते हैं। अकोली वाले राहटगांवकर का मोहदी आवागमन अधिक था वे निकट हो गये जबकि वे कृष्णराव के अधिक निकट थे और हमसे और अधिक निकट संबंधी हैं किन्तु आज तक वे हमसे निकट संबंध नहीं रख सके।

नरहर पंत के पुत्र आपाजी जिनका विवाह संबंध धमतरी निवासी हिशीकर से हुआ था। भोसले शासन के अंतिम वर्षों में अंग्रजों ने 1860 सन के करीब भोसले कार्यालय नागपुर के कुछ जानकार लोगों को छत्तीसगढ़ भेजा और व्यवस्था बन्दोबस्त और दफ्तर के कार्य में रायपुर भेजा। इसी दफ्तर के साथ आपाजी रायपुर आये और वैवाहिक संबंध कर रायपुर में रहने लगे। जानकारी मिलती है कि अप्पाजी परिवार सहित रायपुर के पुरानी बस्ती में रहते थे। उनकी मृत्यु किस सन में हुई ज्ञात नहीं है। उनकी विधवा पत्नी को उमरिया नाम का गांव हक मालगुजारी सहित 20-25 एकड़ जमीन दी गई थी। पटवारी तहसीलदार के दफ्तर से जानकारी मिल सकती है कि किस सन में यह गांव (आज की मोहदी) दी गई। अनुमान है कि आपाजी के मृत्यु के तत्काल बाद यह कृषि भूमि मिली है। तथा कुछ ही काल खेती करने के उपरान्त उनकी मृत्यु हो गयी होगी। उनके कुटुंब का विस्तार अगले पृष्ठ में दिया गया है। उनकी दो पुत्रियां और पांच पुत्र थे। उनके पुत्रों में से दो बड़े पुत्र अमृतराव और गणेश की विवाहोपरान्त मृत्यु हो गई इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। वे दोनों निपुत्रिक थे। कुछ जानकार बताते हैं कि दो तीन विधवायें थीं जो घर के कामों में हाथ बटाती थीं और कभी मोहदी में और कभी अन्यत्र समय बिताती थीं। वे दोनों निसंतान थे।

आपाजी के पुत्रों में लक्ष्मण राव बड़े थे। दूसरे यह कि वे बहुत कम पढ़े लिखे थे। दूसरे और तीसरे पुत्र यथा यादवराव और नारायण राव पढ़े लिखे थे- अंग्रेजी की जानकारी थी। शिक्षण रायपुर में ही हुआ होगा। केवल इतना ही सुना है कि आपाजी की विधवा पत्नी यादवराव और नारायण राव को लेकर रायपुर के तहसील दफ्तर गयी थी और दोनों को बिना विशेष अनुनय विनय के नौकरियां मिल गई यादव राव सिमगा में कानूनगो और नारायण राव धमतरी / महासमुंद में शाहनवीस के पद पर कार्य करने लग गये दोनों को करीब रू. 12/- पेंशन मिलती थी यादवराव की मृत्यु 87 वर्ष की आयु में और नारायण राव की मृत्यु बीस नवम्बर उन्नीस सौ एकतीस में हुई।

यादवराव का समय मोहदी में भजन पूजन में बिताते थे। अपने निवास के लिए उन्होंने ''करिया बंगला'' बनाया जहां 2-3 कमरे और परछी थी कुल 65 फुट लम्बा और 12 फुट चौड़ा हाल जिसके उत्तर में लम्बी 9 फुट चौड़ी परछी थी पीछे दक्षिण में बागवानी हेतु करीब 34 डिसिमिल जगह थी। इस हाल में पूर्व की ओर एक खिड़की थी जहां से उनके लिए पीने का पानी रखा जाता था। भजन पूजन में रत रहते और पढ़ा करते थे। उस समय की भजनों की कापियां और झांज ढोल मैंने देखा है। ग्रंथों में महाभारत, सुखसागर, विश्राम सागर, रामायण, पांडव प्रताप, रामविजय, हरिविजय मुझे मेरी मां ने दिखाया था। इन ग्रंथों की पूजा दशहरे के देवी के नवरात्र के नवमी को होती थी। इसी समय मुझे ये ग्रंथ दिखाये गये थे। यादवराव ने अपने सेवाकाल की सम्पूर्ण कमाई अपने बड़े भाई लक्ष्मण राव (बड़े महराज) को सौंप दी थी। यादवराव दादाजी के नाम से और नारायण राव नानाजी के नाम से जाने जाते थे। परिवार के अन्य सदस्य नारायण राव को काका जी कहते थे। यादवराव की मृत्यु 87 वर्ष की आयु में हुई।

लक्ष्मण राव परिवार के केन्द्रीय सदस्य थे। उनके दोनों छोटे भाई वेतन का अधिकांश भाग उन्हे सौंप देते थे और बदले में सम्पूर्ण राशन, अचार और खेती में उत्पन्न अन्य वस्तुएं भेजते थे। सुना है कि प्रत्येक भाई के पास एक-एक सुन्दर दुधारू गाय थी। गाय का दूध देना बंद होते ही गाय मोहदी भेज दी जाती थी और दूसरी गायें भाइयों के पास चली जाती थी। परिवार में होने वाले सभी वैवाहिक ओर अन्य मांगलिक कार्य मोहदी में ही होते थे। पुरोहित खाना पकाने वाले और पानी भरने वाले रायपुर से खबर मिलते ही आते थे उनके लिए रायपुर बैलगाड़ी जाती थी। आगंतुकों को पत्र द्वारा सूचना जाती थी और मांढर धरसीवां में बैलगाड़ियां तैनात रहती थी। बरसात में आवागमन कठिन था। मोहदी के पास एक घास भूमि थी जिसमें पानी भरता था और कीचड़ हो जाता था। उस भूमि का नाम कोल्हीया धरसा है। (कोल्हीया धरसा से लगा एक डबरा था आज छोटे तालाब का रूप ले चुका है राहत कार्य इत्यादि से) बरसात के लिए बैल तगड़े रखे गये थे। मैंने देखा है कि गाड़ियों की संख्‍या करीब 6 थी और बैल जोड़ियां 7-8 थी प्रत्येक जोड़ी को नाम दिया गया था। एक प्रणाली जो मैं जानता हूं बहुत अच्छी थी वह ऐसे कि रावत, नाई, धोबी, बिगरिहा को 1 या 1½ एकड जमीन दी गई थी जिसकी फसल का हक उन कर्मचारियों को दिया गया था। खेतिहर मजदूर बसाये गये थे उन्हें बसुन्दरा कहते थे वे आवश्यकता पड़ने पर पहले मालगुजार की खेती पर जाते थे बाद में अन्य कृषकों के यहां यह एक कृषकों के साथ समझौता था। (बनिहार)

लक्ष्मण राव साहूकारी भी करते थे जिसके परिणाम स्वरूप उन्होंने 350 एकड़ तक कृषि भूमि बना ली थी। पूरे कृषि कार्य हेतु 22 नौकर थे। भूमि और नौकर (कमिया) बराबर दो भागों में बंटा था यह मात्र स्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए था। करीब 13-14 एकड़ (एक नांगर की खेती) के लिए एक नौकर था नौकरों को संपूर्ण उपज का 1/4 भाग मिलता था। हिसाब कुछ जटिल था फिर मजदूरी उतने ही खंडी धान की मिलती थी जितनी कि आज करीब 28 से 32 खंडी तक। मुखिया नौकर को (अघुवा) कुछ अधिक मिलता था। चना, तिवरा, राहर, गेंहू मूंगफली इत्यादि के बदले 1/4 कीमत के रूपये मिलते थे जो 15 से 25 तक थे कभी कभी 60-70 रूपय तक मिले थे। कोदो और धान की उपज बहुत होती थी। कोदो श्रावण-भाद्रपद माह में उबाल कर जानवरों को खिलाया जाता था। पैरा, हरी घास, दाना सभी जानवरों को दिया जाता था। मेरे यादगार एवं देखने के अनुसार सभी जानवर तगड़े थे। दूध-दही इतना होता था कि इस हेतु पकाने के लिए एक कमरा ही अलग था। जजकी भी साल में 2-3 बार होती होगी क्योंकि लडकियां और बहुओं की संख्‍या अधिक थी इस हेतु एक अलग कमरा था। जिसे छवारी कुरिया कहते थे। धान के चांवल बनाने का काम सतत होते रहता था। इस हेतु एक कमरा था। सभी दामादों के लिए कमरे अलग अलग थे। मांगलिक कार्यों के भोजन पकाने हेतु कमरा था। लकडियां-कंडों हेतु भी पर्याप्त कमरे थे। कंडे बनाने हेतु घिरा हुआ एक मैदान है जहां एक पाखाना भी था। घर में दो बड़े बड़े संडास विशेष बनावट के थे। जानवरों के लिए गोठे बड़े बड़े थे। करिया बंगले की पडछी में 5-6 खंड थे जहां पहले 2-4 घोड़े और बाद मे बैल जोड़ियां रखी जाती थी। सभी प्रकार का कचरा फेंकने के लिए एक बहुत बड़ा गड्‌ढा है जो आज भी पूर्व एवं दक्षिण की ओर है।

इस तरह शासन-प्रशासन व्यवस्था व्यवहार की दृष्टि से लक्ष्मण राव (भाउजी) कुशल थे उन्हीं का अनुकरण होता रहा 1947 के बाद कुछ व्यवस्थाएं बदल गई जो आज दिखाई देती है। गांव देवता, ग्रामीण त्यौहारों का चलन और सामाजिक व्यवस्थाएं उन्हीं की देन है। सामूहिक बैठकों की व्यवस्था (गुड़ी) छायादार चबूतरे उन्हीं की प्रेरणा से बने।

लक्ष्मण राव का जीवन सादगीपूर्ण था वे दो गमछों में अपना निर्वाह करते थे। शर्ट कुरता, कोट टोपी केवल रायपुर या अन्यत्र आने के समय करते थे। लक्ष्मण राव के मां की मृत्यु 1870 में हुई उस समय वे 20 वर्ष के थे।

मोहदी के वयोवृद्धों में एक लक्ष्मण राउत (पहटिया) थे वे सतत हमारे यहां नौकरी पर रहे। उन्हें कनवा भी कहते। वे बताते है कि बैल का सींग आंख को लगा था किन्तु आखें जब थी तब भी उन्हें ''कनवा'' यह संबोधन था इसका राज मेरी मां ने बताया। लक्ष्मण राव बडे देवर थे उनकी पत्नी बड़ी जीजी गिरिजा बाई पहटिया को ''कनवा'' इसलिए कहती थी कि उनके पति और पहटिया एक ही नाम के थे। यह राउत वृद्धावस्था में हनुमान का पुजारी हो गया और राम राम नाम की रट लगाते बस्ती भर घूमता था। उसके दांत टूटे नहीं थे किन्तु घिस गये थे। गुड़ खाकर सर्दी खांसी ठीक कर लेते थे और अलसी का तेल पीकर पेट की बिमारी ठीक करते थे। मृत्यु के समय उनकी उम्र करीब 90-95 की रही होगी। (1952-53)

मोहदी में एक बार सूखा पड़ा फसल नहीं हुई ग्रामीणों और लक्ष्मण राव-नारायणराव के प्रयास से नहर बनाई गयी जो आज भी ठेलका बांधा से जुड़ी है। एक तालाब भी खुदवाया गया जो नौकाकार है उसे नैय्या और महुआ के वृक्षों से घिरे स्थल पर दूसरा तालाब ''महुआ'' तालाब बनाया गया।

मोहदी में एक कृषि क्षेत्र है जिसे डीह-गरौसा कहते हैं। डीह का अर्थ है बस्ती जो ढह गई हो। गरौसा का अर्थ है गांव का रसा हुआ पानी प्राप्त करने वाले खेत। इस संबंध में एक वाकयात कथा के रूप में बताई गई- जहां डीह है वहां एक तालाब है- उमरिया, यह और पूर्व में दूसरा ये छोटे छोटे दो तालाब हैं यही कृषि भूमि हमारे आजोबा/आजी को दी गयी थी। यहां ग्रीष्म काल में जल संकट था। ग्राम गोढ़ी से पानी लाया जाता था। पास ही एक नाला है वहां भी पानी था। उमरिया डीह से गोढ़ी, नगरगांव, अकोली जाने के लिए दूर के रास्ते थे, बीच में (जहां आज मोहदी है) जंगल था- बांस, महुआ, सागौन, साजा, सेन्हा, बेर, नीम, इमली, पीपल, गस्ती, बरगद इत्यादि का घना जंगल। एक बार रात को अकोली में गाड़ियों का पड़ाव पड़ा। भैंसा रात का प्यास बुझाने कहीं निकल गये। सबेरे जब वे पड़ाव में लौटे तो उनके सींगों और शरीर पर चोई (काई) लगी थी। उमरियाडीह पहुंचने पर गांव में यह समाचार तेजी से फैला कि अकोली और गोढ़ी के बीच जो जंगल है वहां तालाब होने का अनुमान और तर्क लगाया गया। तर्क की शोध हेतु लोग समूहों में जंगल में घुसे और वहां देखा तो बहुत बड़ा जलाशय है। लोग नाच उठे। ये तरिया मोहदी इस तरह वर्तमान मोहदी ग्राम में वसाहत प्रारंभ हुई इस मोहनीय स्थल में वसाहत करने का श्रेय लक्ष्मण राव को जाता है। शासकीय बन्दोबस्ती के आने के बाद नाप हुए होंगे और हैसियत के अनुसार लोगों को जमीन कृषि हेतु और मकान बनाने दी गयी होगी। जंगल की कटाई प्रारंभ हो गयी और लकड़ियों का उपयोग मकानों में होने लगा। बढ़ई, राजगीर और चूना बनाने की तकनीक ज्ञात की गई होगी हमारे दो बड़े मकान दो मंजिला इसके साक्षी हैं। अन्यत्र से भी कृषक परिवार जो सम्पन्न थे वसाहत के लिए आये। इनमें से दो परिवार छोटे गौंटिया और बड़े गौटिया (केरे गौटिया) के वंशज आज भी है। लछमन रावत एवं अन्य वृद्ध बताते है कि गौटिया परिवार में भैसा गाड़ी भरकर नगदी रुपया पैसा लाया गया था। अब उनके वंशज सम्पन्न नहीं रह गये।

उस समय मोहदी की जनसंख्‍या करीब 200-250 होगी। धीरे धीरे यह गांव कृषि में उन्नति करते गया और जनसंख्‍या आज 1990 में करीब 1900 हो गयी कुल मतदाता 837 हैं।

हमारे परिवार को सोलह आने का मालगुजारी हक था। सभी घास जमीन तथा आबादी जमीन मालगुजार की थी। ग्राम का क्षेत्र कृषि भूमि, आबादी, घास जमीन सहित कुल 1367 एकड़ है। आज यहां बालक/बालिका पाठशाला है और एक माध्यमिक शाला है। हाई स्कूल की बात लोगों के ध्यान में है।

पोस्‍ट रामकोठी के लिए जानकारी एकत्र करते हुए यह नहीं प्राप्‍त हो सका और जब मिला तो पढ़कर अपनी पोस्‍ट फीकी लगी। यह तब मिल जाता तो 'रामकोठी' शायद लिख ही न पाता। मेरी दृष्टि में श्री चंद्रशेखर मोहदीवाले के निजी-पारिवारिक प्रयोजन हेतु लिखी यह सामग्री इतिहास, साहित्‍य, संस्‍कृति, समाज विज्ञान, ग्राम संरचना और पद्धतियों पर अलेखक का, जो इन विषयों का विशेषज्ञ भी नहीं, ऐसा लेखा है, जिसकी सहजता, प्रवाह, समन्‍वय और वस्‍तुगत रह कर आत्‍मीयता, इन क्षेत्रों के विद्वानों को भी चकित कर सकती है। नतमस्‍तक प्रस्‍तुत कर रहा हूं।