Wednesday, June 9, 2021

मेरी पढ़ाई

1967-68, उम्र 10 साल, कक्षा पांचवीं। तब तक स्कूली किताबों के अलावा पढ़े में याद रह गई दो किताबें हैं।

घर में बांस वाले भूरे कागज की जिल्द लगी, बड़े आकार वाली 167 पेज की पुस्तक थी- ‘ये भी मानव हैं‘। (हिन्दी विश्व-भारती, लखनऊ से प्रकाशित) किताब में दुनिया की अलग-अलग ‘विचित्र‘ जनजातियों के बारे में रेखाचित्र सहित जानकारी थी। अपनी स्कूली किताबों के अलावा जो पहली किताब मेरी याद में है, वह यही है। इसे पढ़ते हुए आत्मविश्वास भी आया कि मैं हिज्जे करते खुद से किताबें पढ़ सकता हूं। अब समझ पाता हूं कि वह बच्चों के लिए, या प्राथमिक समझ के लिए बनाई गई नृतत्वशास्त्र-मानव विज्ञान की किताब थी। मनुष्य को, चाहे वह किसी नस्ल, जाति, धर्म का हो, अधिकतर मायनों में अलग न मानना, उसे अपने जैसा मानव मानना, मेरे साथ यह संभवतः संस्कार में उसी किताब से आया। वैसे यह संयोग भी था कि घर के कुछ बड़े-बुजुर्गों ने इस विषय की पढ़ाई की थी, जिस कारण से यह किताब घर में आई। इसके साथ इंद्रजाल कामिक्स में 'रिप्ले का मानो न मानो' होता था, शायद इससे ‘दुनिया रंग-रंगीली बाबा‘ की आरंभिक समझ की राह खुली।

इसी दौरान हायर सेकेंडरी कक्षा के विद्यार्थी अग्रजों की डॉ. ईश्वरी प्रसाद की लाल रंग के कवर वाली (राय साहब राम दयाल अगरवाला, इलाहाबाद से प्रकाशित) पुस्तक ‘भारतीय संस्कृति‘ दूसरी किताब, जो हमेशा याद आती है। अपने नाम के लिए यह जान चुका था कि राहुल, बुद्ध के पुत्र थे। इस किताब में पढ़ा कि बुद्ध का जन्म 563 में और मृत्यु 483 में हुई। बहुत दिनों तक यही मानता रहा कि जन्म-मृत्यु उल्टा छप गया है। बात होने लगी तो यह मां को बताया। करीब घंटे भर वे धैर्य से समझाती रहीं कि यह ईस्वी सन तो है, लेकिन ईस्वी पूर्व का हिसाब है, सही है। बड़ी मुश्किल से यह बात समझ में आई और पक्की बैठ गई। शायद प्राचीन इतिहास और संस्कृति में रुचि के बीज यहीं से पड़े।

पांचवीं से ग्यारहवीं कक्षा, सन 1968-74 तक के आरंभिक वर्षों में घर में बांग्ला पत्रिका ‘शुकतारा‘ आती थी। इसके साथ बांग्ला ककहरा-पहाड़ा पुस्तक मिल गई। मां सहपाठी होतीं। ‘शुकतारा‘ में एक चित्रकथा होती थी, नायक बांटुल दि ग्रेट की, बेडौल शरीर वाला। चौड़ा सीना, मानों उसकी सारी ताकत सीने की चौड़ाई में हो। इससे कुछ अभ्यास तब बांग्ला पढ़ने-समझने का रहा। शायद इसके कारण अन्य लिपियां पढ़ने में रुचि हुई। नवीं कक्षा में पीले रंग के कवर वाली बी एल कुलश्रेष्ठ की भौतिक शास्त्र, भाग एक की अपनी प्रति मिली, पढ़ने पर समझ में आए, न आए, पसंद बहुत थी, लगता है वह अब मिले तो भौतिकी और विज्ञान के सारे नियम समझ में आ जाएंगे। इस दौरान चन्दामामा, पराग, नंदन, दीवाना तेज होते धर्मयुग, साप्ताहिक हिन्दुस्तान, नवनीत, कादम्बिनी, दिनमान, सारिका, माधुरी, बहुत बाद में रविवार और सर्वोत्तम। कभी कभार सरिता, मुक्ता और इलस्ट्रेटेड वीकली पत्रिकाओं का साथ होता।
शुकतारा का 1968 का अंक और उसमें प्रकाशित बाटुल दि ग्रेट

सोवियत संघ और लाइफ देखते आंखें खुलती कि दुनिया हमारी सोच से अधिक रंग-बिरंगी है। सलाह मिलती कि ज्ञानोदय के पुराने अंक मिले तो जरूर पढ़ना। बहुत बाद में बनारस में भेलूपुर से दुर्गाकुंड के रास्ते में दाहिने मुड़कट्टा बाबा और बाएं भारतीय ज्ञानपीठ प्रकाशन का आफिस। वहां ज्ञानोदय का श्रेष्ठ संचयन अंक मिल गया। बनारस में चौक पर चित्रा सिनेमा के साथ मोतीलाल बनारसीदास, दूसरी ओर चौखम्बा, कुछ आगे थाने के साथ विश्वविद्यालय प्रकाशन और ढलान पर बढ़ कर नागरी प्रचारिणी सभा। आप ग्राहक नहीं, बस किताबों में रुचि है, इतने पर ही कितनी पूछ-परख हो जाती है, यहीं देखा।

बात कोई पचासेक साल पुरानी है, अकलतरा में स्कूल के दिनों की। घर में हिन्द पाकेट बुक्स की किताबें आती थीं, उनमें कर्नल रंजीत का खास इंतजार रहता था। इब्ने सफी बी.ए., ओमप्रकाश शर्मा और रानू, राजवंश, समीर से लेकर गुलशन नंदा, कुशवाहा कांत तक किताबें सादुल्ला सर, जगदीश देवांगन जी और मोहसिन भाई से पढ़ने को मिल जाती थीं। मिस्टर ब्लैक की जासूसी और बहराम चोट्टा का नाम सुना और विश लिस्ट में रह गया। इस दौरान की पुस्तक पढ़ना, घटना की तरह याद है उनमें से एक है ‘द सेकंड सेक्स‘। घर में पूछा गया कि ये सब क्या पढ़ते रहते हो। मैंने सहज जवाब दिया, अच्छी किताब है। फिर आगे सवाल-जवाब नहीं हुआ। अंगरेजी में मेरी पढ़ी यह पहली पुस्तक थी। इसी क्रम में मास्टर्स-जॉनसन से भी परिचय हो गया। यह सब हुआ सन 1974 तक। लेकिन स्कूली किताबों से भी रिश्ता बना रहा। बाद में चेईज ने बहुतों को फीका कर दिया। सुरेन्द्र मोहन पाठक को पहले, चेईज-अनुवादक के रूप में ही जाना।

चस्का लगा दर्शन और मनोविज्ञान का। नारमन एल मन, मार्कि्वस वुडवर्थ की हिन्दी अनूदित पुस्तकें मिल गईं, साथ ही ग्रीक दर्शन और भारतीय दर्शन। इस तरह की बात लिखने-बताने वाले ने क्या-क्या पढ़ा होगा, थोड़ी ईर्ष्या, थोड़ी चुनौती, शायद कुछ होड़ सी भी होती और पढ़े हुओं के लिखे को पढ लेने से कुछ काम हलका होगा, भी लगता। ज्ञान की बातें करने वालों का भेद पाने के लिए, मन-बहलाव के लिए, इस तरह भी सोचा जा सकता है, या इस तरह भी कहा जा सकता है। अगल-बगल पढ़ने वालों से नये-नये नाम और पुस्तकों की जानकारी मिलती रहती। किसी किताब की तारीफ मुंह से निकली नहीं कि उस पर दूसरी किताब का नाम आ जाता, कि वो क्या, पढ़ना है तो यह पढ़ो, तब समझ में आएगा। इस बीच कई भागों वाली पुस्तक पहले-पहल हाथ आई चंद्रकांता, संतति, भूतनाथ, रोहतास मठ और प्रेमचंद की मानसरोवर, विविध प्रसंग। आजाद कथा को बहुत दिनों तक प्रेमचंद की कुछ अलग मिजाज की कृति मानता रहा।

यह 1974-75 और 1975-76 वह दौर रहा, जिसमें समझ में आया कि कोर्स की पढ़ाई में कोई दम नही, जो कुछ पढ़ना-जानना है वह तो सब का सब पाठ्यक्रम की पुस्तकों के बाहर है। कुछ समय के लिए कालेज वाली पढ़ाई से नाता टूटा रहा। पढ़ाई की ऐसी समझ और रुचि का स्वाभाविक परिणाम कि दो साल फेल हुआ, लेकिन इससे आत्मविश्वास पर कोई असर नहीं पड़ा, बल्कि अपने पर पहली बार ऐसा भरोसा हुआ कि मामूली परीक्षाओं में फेल हो जाना असफलता कतई नहीं। दूसरा कोई हो कौन सकता है, जो हमारी परीक्षा ले और पास-फेल तय करे, जैसा। शिक्षा-पद्धति और परीक्षा-प्रणाली पर भी भोगे हुए यथार्थ वाले चिंतन की परिस्थितियां बनीं। यह अकलतरा-बिलासपुर का दौर था। 

प्रसंगवश, याद कर पाता हूं कि 16 साल की उम्र के कुछ आगे-पीछे तक अपने परिवेश-संदर्भ और जन्मना से अलग सोच-समझ न के बराबर थी। तब देख पाया कि मेरा जन्म और पारिवारिक पृष्ठभूमि औसत से बेहतर है, मगर अपनी पढ़ाई तथा अन्य गतिविधियों से समझ पाना आसान था, मगर स्वीकार करना कठिन कि मेरी समझ और क्षमता, औसत या उससे भी कम है और यदि विरासत में सब कुछ बेहतर मिला है तो वह मुझ में प्रकट कतई नहीं है। इसलिए लगा कि मुझे औरों के साथ खड़े होने या स्व के लिए औसत से अधिक मेहनत करनी होगी और जो कुछ हासिल होता है- पढ़ना, जानना, लोगों से संबंध, दुनिया को देखना, वे चाहे कम हों, छोटी हों, सहेज कर रखना होगा। अब अपना मूल्यांकन करते हुए लगता है कि जो और जितना हासिल हो सका है, वह औसत से अधिक मेहनत और हासिल को सहेज पाने के कारण अपनी सीमित क्षमता के आसपास है, कुछ कम, या शायद कुछ ज्यादा।

फिर रायपुर आ कर कोर्स की किताबों से भी लगाव होने लगा। धीरे-धीरे समझ में आने लगा कि कला-मानविकी की पढ़ाई में समाज विज्ञान की समझ भी है। वरना स्कूल की पढ़ाई तक मानते थे कि गणित यानि इंजीनियर, विज्ञान तो डाक्टर, कला तो मास्टरी या पटवारी बनेंगे, कामर्स तो है ही वाणिज्य-व्यापार। रामनाथ-केदारनाथ और विमलचन्द्र पांडेय वाली पुस्तकें मिलीं। रायपुर में विवेकानंद आश्रम की लाइब्रेरी में हरि द्विवेदी जी और संस्कृत कालेज में छवि चटर्जी मैडम की उदारता रही। पुस्तक प्रतिष्ठान के ठाकुर साहब और काफी हाउस वाली बिल्डिंग में रायपुर बुक डिपो वाले दुबे जी, कड़क दुकानदार, लेकिन ग्राहक से अधिक ध्यान पुस्तक-प्रेमी पर देते थे। फिर पुराना बस स्टैंड पर रामचंद्र बुक स्टाल के हरीश और मुकुंद भाई। हम दुकान पर खड़े खड़े, पत्रिकाएं पढ़ जाते, कभी-कभी किश्तों में पूरी किताब, मुफ्त। वे जानते, लेकिन कभी मना नहीं किया उल्टे बाखबरी, कि किस पत्रिका में छत्तीसगढ़ के किस साहित्यकार की या रुचि की कोई रचना छपी है, पुस्तक आई है। 

रायपुर के पहले दो साल रामकृष्ण मिशन, विवेकानंद आश्रम में रहा। वेद, गीता और धर्मशास्त्र में मेरी कोई रुचि नहीं थी। आश्रम में स्वामी आत्मानंद जी महराज का प्रति सप्ताह गीता प्रवचन होता। विमल महराज ब्रह्मचारियों को मुद्राओं सहित सस्वर वेदपाठ सिखाते, जिसे बस झांक कर देख सकने तक की छूट थी। प्रणवानंद महराज हमारी बे-शउर बातें, जिन्हें हम तर्क मानते, का सहज और शांत भाव से उत्तर देते, समाधान करते। सुबह की प्रार्थना में जाना अनिवार्य था, मगर उससे पहले भोर में संन्यासी-ब्रह्मचारियों का गीता-पाठ और ध्यान होता। खुद को निष्ठावान साबित कर अपनी यदा-कदा मनमानियों पर छूट मिल जाए, घर शिकायत न भेज दी जाए, इसलिए हम छात्रावासियों के लिए अनिवार्य न होने के बावजूद मैं अक्सर बेमन गीता-पाठ में जाया करता। एक अवसर पर छात्रावासियों के लिए भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें प्रत्येक को किसी एक महापुरुष पर बोलना था। मेरे लिए यह पहला अवसर था, मेरे हिस्से मैक्समूलर आए, रट कर भाषण दिया, जर्मनी के देसाउ में जन्मे मैक्समूलर और वेद अध्ययन ...। आश्रम के पुस्तकालय में ‘सेक्रेड बुक्स आफ द इस्ट‘ के पचासेक खंड देख कर जिज्ञासा होती कि यह कैसी श्रृंखला है, क्या-क्या लिखा होगा इसमें! बहरहाल, भाषण का काम किसी तरह निपटा, मगर मैक्समूलर अनजाने दिमाग पर सवार हो गए और जिसके चलते ‘इंडिया, वाट इट कैन टीच अस?‘ तक पहुंच पाया। ग्रंथपाल हरि भइया को स्वामी आत्मानंद जी के गीता प्रवचन का टेप सुन कर लिपिबद्ध करते देखता। अतिरिक्त छूट पाने के लालच में उनसे यह काम करने की इच्छा प्रकट की, वे व्यस्त होने पर कभी-कभार इसकी अनुमति दे दिया करते थे। इस तरह अनजाने ‘नादानी‘ में इस ‘चक्कर‘ में पड़ा।

डिग्री के लिए डगमग, मगर पटरी पर आती पढ़ाई से साबित करने का मौका मिला कि जो 'मेरा नाम जोकर' कर सकता है, उसके लिए 'बाॅबी' में क्या रखा है। ऐसा मेरे साथ किस तरह, यह कुछ आगे। पढ़ाई की गति और अनुपात में खास फर्क नहीं आया लेकिन अब परीक्षा खेल के नियम कुछ-कुछ समझने लगा। स्नातकोत्तर की पढ़ाई के पहले साल परीक्षा में अंक अच्छे आए, कोर्स की पढ़ाई शायद वैसी नहीं की थी, लेकिन परीक्षा, लिखना, नंबर पाने का तरीका, कुछ-कुछ समझ में आने लगा था। एम.ए. फाइनल की परीक्षा, परचों के बीच हफ्ते-हफ्ते का गैप होता। इन्हीं गैप में इस पार या उस पार वाला प्रयोग करने का मन बन गया। गैप में एक-एक किताबें पढ़ीं, चांद का मुंह टेढ़ा है, कुरु कुरु स्वाहा और प्लेग। प्लेग पढ़ते हुए अवसाद ऐसा गहराता कि किताब बंद कर, गहरी सांस लेना होता या उठ कर थोड़ी चहलकदमी, लेकिन मन किताब में ही अटका रहता और वापस पेज खोल लेता। परीक्षा का परिणाम आया प्रावीण्य सूवी में पहला स्थान, स्वर्ण पदक।

सन 1984 में शासकीय सेवा में आने के बाद अपने पद के अनुरूप जानकार होने का दबाव खुद ले लिया। इसलिए कालेज के छह वर्षों में जितना प्राचीन इतिहास, कला, पुरातत्व नहीं पढ़ा था, पहले-दूसरे साल में पढ़ा। मिराशी, बैनर्जिया, गोपीनाथ राव, बाशम, नेहरू, गुणाकर मुले, परमेश्वरी लाल गुप्त, सांकलिया, कुमारस्वामी, वासुदेव शरण अग्रवाल, ढाकी, कृष्णदेव, लोचन प्रसाद पांडेय, काणे, कीथ, मैक्डानल, मैक्समूलर, मानियर विलियम्स, कावेल, कनिंघम, क्रैमरिश, पर्सी ब्राउन, बालचंद जैन, आर सी मजूमदार, चाटुर्ज्या, श्यामाचरण दुबे, टैगोर, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के प्रकाशन, अपने विभाग के प्रकाशन और जर्नल्स आदि आदि और इसके साथ स्थानीय इतिहास, परंपरा से संबंधित, जो कुछ भी मिल जाए।

कुछ और यादें। अमेरिकन इंस्टीट्यूट, रामनगर, बनारस लाइब्रेरी के यादव जी। भोपाल, प्राच्य निकेतन की पंडित मैडम और बुक्स वर्ल्ड के जैन साहब। रविशंकर विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी और वहां सेनगुप्ता जी से अब तक सहयोग मिल जाता है। संस्कृति विभाग के महंत सर्वेश्वरदास ग्रंथालय में सबसे यादगार मूलचंद यादव और अब तिग्गा जी, नीलिमा, टल्लू। बिलासपुर में पीयूष और नरेन्द्र भाई का श्री बुक डिपो और मॉल तो मेरे लिए लाइब्रेरी जैसा ही है।

शास्त्रों के साथ भारतेन्दु, गुलेरी, हजारी प्रसाद द्विवेदी, कुबेरनाथ राय, विद्यानिवास मिश्र, भगवान सिंह, राधावल्लभ त्रिपाठी, देथा, रेणु, मनोहर श्याम जोशी, मुक्तिबोध, विनोद कुमार शुक्ल, वैद, निर्मल वर्मा, उदय प्रकाश जैसे नामों की छोटी सी सूची है, जो पढ़ूं न पढ़ूं, चाहता हूं कि आसपास साथ बने रहें। 'आप क्या पढ़ें', पर मेरा सुझाव कि कोई शास्त्र, संस्कृत क्लासिक, विदेशी भाषा, अन्य भारतीय भाषा, क्लासिक हिन्दी, समकालीन लेखन का संतुलन-समन्वय बनाए रखें।

मार्क ट्वेन और रस्किन बांड के आसपास रहने वाले मुझ पाठक को एक घोर पढ़ाक समाजवादी बुद्धिजीवी भाई साहब ने डेलरिम्पल की 'सिटी आफ जिन्'स पढ़ने को दे दी, उनका मन रखने, न कि पढ़ने, ले आया। ठीक से खोला भी नहीं। कुछ दिन बाद लगा कि पूछेंगे, जवाब देने लायक उलट-पलट लूं। शुरू करने के बाद जब तक किताब पूरी नहीं हुई, मन इसी में लगा रहा। पढ़ कर जो दिल्ली समझा, उससे अधिक यह समझ में आया कि डेलरिम्पल ने भारत और भारतीय सोच को जिस तरह आत्मसात किया है वह दुर्लभ है। यह भी कि सच्ची शोध-रुचि हो तो न तथ्यों-दस्तावेजों की कमी होती, न रोचक व्याख्या की। (दूसरी, सिटी आफ जाय ‘आनंद नगर‘, जिसके घबरा देने वाले लिजलिजेपन से उबर नहीं सकते और न ही पुस्तक को नापसंद कर सकते।)

भाई साहब से मुलाकात हुई, किताब का जिक्र आने पर उन्होंने कहा कि वह तुम्हें पसंद आई हो तो रख लो, तुम्हारे पास रहनी चाहिए। (इसी तरह कभी जिक्र हुआ कि मुझे नरोन्हा जी की A Tale Told By An Idiot बहुत पसंद है, अपने संग्रह में रखना चाहता हूं, मिल नहीं रही है। भाई शिवाकांत बाजपेयी तब भोपाल में थे, यह पता लगते ही पुस्तक खरीद कर उपहारस्वरूप भेज दी। बाद में इसका हिन्दी अनुवाद ‘एक अनाड़ी की कही कहानी भी मिल गई।) फिर वे गंभीरता से कहने लगे, कभी ऐसा नहीं लगता कि पढ़ने को बहुत महिमा-मंडित किया जाता है, थोड़ी कामचोरी और आरामतलबी के बावजूद सम्मान रहे ...? इस पर सोचते हुए बार-बार लगा कि लालसा ही तो है पढ़ना, पढ़ते रहना, पढ़ा हुआ बनना।

किताब की दुकानों पर, लाइब्रेरी में और इस बहाने न पढ़ रहे हों तो भी यादों में, किताबों के साथ बने रहने का सुख, बस। ‘माघे मेघे गतं वयः, अब कभी इसका मोह भी छूटता-सा जान पड़ता है तो अचानक आकर्षण की हिलोर भी। सूचना-जानकारी बनाम समझ-बूझ, अपरा-वैखरी-मध्यमा बनाम पश्यंती-परा। सब कुछ ढाई आखर में बदल जाए, अन्यथा निरर्थक। पुस्तकें, जो बहुत पसंद थी, याद रह गई, और जो इससे भी ज्यादा पसंद थी, शायद वह रच-पच गई।

Wednesday, May 12, 2021

कोरोना में गांधी

कोई साल भर से गांधी को पढ़ता रहा हूं। उनकी, उन पर लिखी किताबों से या संपूर्ण वांग्मय से। बीच-बीच में बदलाव के लिए ब्रजकिशोर जी की गांधी वाली पोस्ट। कुछ सुना, कुछ समझा, जो नहीं समझा वह प्रशांत किशोर के शब्दों में- ‘अगर आप उनकी बात को नहीं समझ पा रहे हैं तो इसका मतलब है कि आपमें और पढ़ने की, मेहनत करने की, समझ को डेवलप करने की जरूरत है।‘ फिलहाल जो थोड़ी बात समझ सका वह है, कोई वस्तु/सुविधा आवश्यक न होने पर भी, वह हमें सहज उपलब्ध हो जा रही है और उसे हासिल करने में समर्थ हैं, महज इस कारण, उसके प्रति लालायित न हो जाएं यानि संयम। व्यक्तिगत सत्याग्रह, आत्म-अनुशासन के बाद ही समाज-उन्मुखता। आत्म-निर्भरता, स्वावलंबन, अपने आसपास के छोटे-मोटे काम खुद करना आदि प्रयोग। इसे सार्थक करने का अवसर दिया कोरोना के लाॅकडाउन ने। स्कूली पढ़ाई के दिनों में और फिर बाद में हाॅस्टल में रहते हुए कई ऐसे काम स्वयं करने का अभ्यास था, जो अब छूट गया था। इस दौरान वह सब फिर से शुरू करने और कुछ नये काम सीखने का प्रयास किया।

स्कूली दिनों में आटे की लोई को चपटा कर बेलते हुए, बेलन के नियंत्रण से रोटी को गोल घुमा लेना सीख लिया था, हाॅस्टल में यह सिर्फ मैं कर पाता था, इसलिए मुझे और कोई काम नहीं करना पड़ता था, मसलन झाड़ू, बर्तन मलना आदि। ढेंकी-जांता, चलनी के साथ सूप का काम भी आता था, यानि चालना, पछिनना, फटिकना, हलोरना आदि, जो अब भूल चुका था, अभ्यास तो रहा ही नहीं। थोड़े प्रयास से यह कौशल वापस पा लिया है। कार धोने का काम नया सीखा है, बहुत आनंद का होता है, गांधी जी ने यह आनंद कभी लिया था? पता नहीं।

बर्तन धोना अब बहुत आसान है, कालिख नहीं होती, असरदार साबुन और पानी भी सुलभ है। अपने हाथ के धुले साफ कप में चाय पीने और बर्तन में खाने का स्वाद ही कुछ अलग होता है। एक बार बाथरूम साफ करने जाइए और फिर थोड़ी देर बाद साफ-सुथरे चमचमाते उस कक्ष को इस्तेमाल करने, देखिए क्या आनंद आता है। कोरोना काल में ऐसे ढेरों सत्य के प्रयोग हो रहे हैं। गांधी को पढ़ना सार्थक हो रहा है।

पिछले साल सेवानिवृत्त होने पर लोग पूछते थे, इसके बाद क्या करेंगे, ऐसा कभी सोचा नहीं था, लेकिन पता था कि कुछ न कुछ तो करता ही रहूंगा। हां! जैसा जजमान, वैसी पूजा। लोगों को जवाब के लिए प्रश्नकर्ता के अनुरूप एफएक्यू के चार-पांच एफए जवाब बना रखा था, जिससे इस विषय पर अधिक बात न हो, पूछने वाला संतुष्ट हो जाए और न हो तो कम से कम यह समझ ले कि इस मुद्दे पर इस बन्दे से बात करना निरर्थक है। जैसे, पराधीन-नौकरी के साथ लालसा यही कि कब रिटायर-स्वतंत्र हों। या अक्सर बताने के और करने के काम अलग होते हैं, इसलिए अब बताने वाले नहीं, करने वाले काम करूंगा या सेवानिवृत्ति होती ही इसलिए है कि चलो बहुत कर लिया, जो करना था, या देखता हूं कब तक बिना कुछ किए अधीर नहीं होता। या किसी ने कहा है- ‘निष्क्रियता ही उच्चतर बुद्धिमत्ता है और कर्म अधैर्य का सूचक।‘ और फिर ‘कुछ करने की उत्सुकता अधैर्य की निशानी है।‘ आदि। वह दौर तो बीत गया। अब कोई नहीं पूछता, लेकिन सोच में पड़ा रहता हूं कि लाॅकडाउन के बाद यह सब काम छूट जाएगा? फिर करूंगा क्या!

मंजूर न करूं तो भी यह आत्मश्लाघा है ही लेकिन इसे जो सोचकर सार्वजनिक कर रहा हूं उसका कारण कि- मेरे कुछ सच्चे प्रतिस्पर्धी हैं। मेरे साथ उन्हें कुछ ऐसी होड़ है कि मुझे 100 बुखार हो तो वे खुद के लिए 102 चाहेंगे और 101 के बिना तो चैन ही न लें। वे चाहे गांधी न पढ़ें, मगर उसका मुझ पर हो रहे असर के साथ मुकाबिल होने की चुनौती स्वीकार करें, इसी आशा से...

Saturday, April 17, 2021

अद्वैत का द्वंद्व

‘हैट टांगने के लिए कोई भी खूंटी काम दे सकती है। उसी तरह अपने मनोभावों को व्यक्त करने के लिए कोई भी विषय उपयुक्त है।‘ जी हां, यह पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी के प्रसिद्ध निबंध ‘क्या लिखूं?‘ में आया है। उन्होंने इसमें कहा है कि यह निबंध नमिता के आदेश और अमिता के आग्रह पर लिखा गया, जिन्हें क्रमशः ‘दूर के ढोल सुहावने होते हैं‘ और ‘समाज-सुधार‘ पर आदर्श निबंध लिखना था। इसी तरह हजारी प्रसाद द्विवेदी का ‘नाखून क्यों बढ़ते हैं‘ आरंभ होता है- ‘बच्चे कभी-कभी चक्कर में डाल देने वाले प्रश्न कर बैठते हैं। ... मेरी छोटी लड़की ने जब उस दिन पूछ दिया कि ...‘। बच्चों की फरमाइश या सवाल के जवाब में ऐसे कुछ अनमोल निबंध आए। बड़े लोगों की बड़ी बातें। मगर, कहा जाता है कि आपकी बात 5-6 साल के औसत बच्चे को समझ में आ जाए, समझा सकें, तभी जानिए कि आपने खुद ठीक समझ लिया है।

दो घटनाएं याद आती हैं। पहली, कार्डेटा और नान-कार्डेटा। दो बच्चों में से एक, बड़े को स्कूल में पाठ पढ़ाया गया था, वह छोटे को समझा रहा था, छोटा समझने को तैयार नहीं। मैंने मदद करनी चाही, कहा कि हड्डी वाला, कड़ा हो वह कार्डेटा और मुलायम, लिजलिजा, गिजगिजा है वह नान-कार्डेटा। आई बात समझ में। बच्चे ने अपनी समझ का सबूत देते हुए, मेरे समझाने को ध्वस्त करते हुए उदाहरण से बताया- घोंघी, कार्डेटा और छिपकिली, नान-कार्डेटा। सुधार हुआ, जो उपर मुलायम अंदर कड़ा वह कार्डेटा और उपर कड़ा अंदर मुलायम वह नान कार्डेटा। मजबूत आदमी भी अक्सर बाहर से मुलायम तो, खैर ...। दूसरी कि बच्चों को स्वर और व्यंजन में फर्क बताने का प्रयास किया जा रहा था, और बात बमुश्किल उदाहरणों अ, आ, इ, ई और ए, ई, आई, ओ, यू पर आ कर अटक जा रही थी। एक बच्चे को सूझा, मतलब यह कि जो आवाज गले से आए वह स्वर और जिसमें जीभ और होंठ के साथ दांत और तालू में भी हरकत हो वह व्यंजन।

बच्चों के प्रश्नों में जिज्ञासा, तर्क और समझ की तलाश के लिए होती है। कभी इसलिए भी कि स्वाभाविक सी क्रिया, परिस्थिति, घटनाओं में भी कार्य-कारण संबंध तो होता है, लेकिन वह अक्सर स्पष्ट-प्रकट नहीं होता, बच्चे उसे जानना-समझना चाहते हैं। प्रसंगवश बाथरूम सिंगिंग और टायलेट थिंकिंग की तरह एक अदा होती है, प्लेटफार्म चिंतन। ऐसा तब होता है, जब स्टेशन पर पहुंचने के बाद पता लगे कि गाड़ी लेट है और लेट होती जा रही है। ऐसा ही कुछ हुआ, जिसमें बच्चे की पार्श्व सोच यानि लैटरल थिंकिंग का एक उदाहरण आया।

एक सज्जन बताने लगे कि उनकी बच्ची जब भी स्टेशन से वापस लौटती, तो पूछती कि हर गाड़ी सड़क के ऊपर चलती है, लेकिन रेलगाड़ी क्यों नहीं। उसे समझाया जाता कि रेलगाड़ी की सड़क पटरी है, वह पटरी पर चलती है, लेकिन उसकी जिज्ञासा शांत नहीं होती। बात आई गई। प्लेटफार्म चिंतन में चर्चा होने लगी कि बच्ची ऐसा क्यों पूछती थी। बच्ची अब युवती थी और खुद भी यह भूल चुकी थी। अलग-अलग संभावनाओं पर विचार होता रहा और उसे सुझाया जाता रहा, बात नहीं बनी। एक बात आई, कहीं ऐसा तो नहीं कि वह प्लेटफार्म को सड़क मानती थी और सोचती थी कि यही एक ऐसी गाड़ी है जो सड़क के ऊपर नहीं, नीचे चलती है। युवती ने सुना और दस साल बाद जिज्ञासा के उसी उम्र में पहुंच गई, चहक पड़ी, यूरेका।

आगे बातों की राह तो सूझ रही है किंतु बहकने-भटकने की मान्य सीमा तक छूट लेते हुए ...। कहा जाता है कि पैडगरी (पांव-पांव रास्ता), सीधी-सरल हो तो वह मवेशी के चलने का रास्ता और टेढ़ी-मेढ़ी हो तो मानुस की। उसमें भी राह राह कपूत और राह छोड़ सपूत। तो, याद आ रहा है कि एक मास्टर साहब के पुत्र ने प्रथम श्रेणी में भौतिकशास्त्र स्नातकोत्तर की परीक्षा पास की, साहबजादे यानि मास्टरजादे फूले नहीं समाते, मानों सब कुछ पा लिया। लेकिन पिता को उनके रोजगार की चिंता सताती रहती। पीढ़ी की सोच और यों भी पिता-पुत्र का रिश्ता सार्थक तभी होता है, जब शाश्वत मतभेद सतह पर आने लगे। पुत्र, अपनी प्रथम श्रेणी स्नातकोत्तर उपाधि की शान में रहते, पिता से भिड़ गए। पिता ने कहा- घर का पंखा बिगड़ा हुआ है, बना सकता है तो सुधार, नहीं तो कम से कम मिस्त्री ही बुला ला।

इसी तरह दो व्यवसायी पिता, जिनमें एक का साबुन कारखाना था और दूसरे का बर्तन की दुकान। संयोग से दोनों के बच्चे पढ़ाई में तेज निकले। बी स्कूल और एम स्कूल का जमाना नहीं आया था। अच्छे नंबर आए तो इंजीनियरिंग कालेज में दाखिला मिल गया। बात आई ब्रांच की। पिता-पुत्र ‘द्वन्द्व समास‘ के ‘शाश्वत भाव‘ को प्राप्त न हुए थे। पुत्र, अब तक आज्ञाकारी थे, पिता से आदेश मांगा। साबुन वाले पिता ने समझा कि केमिकल ब्रांच सही होगा और बर्तन वाले ने ताड़ा कि मेटलर्जी ब्रांच हो तो खरीदी-बिक्री में कोई ठग न सकेगा। आगे की कहानी है दर्दनाक, लेकिन लोग उनकी हंसी उड़ाते ‘ट्रेजिकॉमेडी‘, इसलिए यहीं रुक कर, वापस पटरी पर।

जशपुर की अंकिता जैन लेखिका हैं। फेसबुक पर उनकी रोचक पोस्ट यहां खूंटी बनी, जिसमें उनके लाड़ले अद्वैत ने जिज्ञासा की- ‘सब्जी और फल में क्या अंतर होता है?‘ अंकिता जी ने समझने की कोशिश करते, समझा, समझाया, बहलाया। लेकिन बात नहीं बनी। फिर टाला मौसी पर। मौसी का वनस्पतिशास्त्रीय जवाब कि लौकी, कद्दू आदि भी तकनीकी रूप से फल ही हैं। मगर अंकिता जी की समस्या बनी हुई है, कहती हैं- फिलहाल उसे समझाकर सुला दिया है कि ‘सब्जी मतलब जो किसी के साथ खाते हैं, और फल मतलब जो अकेले खा लेते हैं‘।

कुछ गफलत है, खेंढ़ा, इसके पत्ते, तना और जड़ को भी पका कर खाया जाता है और इस तरकारी को सिर्फ ‘जड़ी या जरी‘ भी कहा जाता है। छत्तीसगढ़ी गीतों में खान-पान और साग-सब्जी के कई गीत हैं, इनमें एक मजेदार गीत है- ‘रमकेरिया म राजा राम बिराजे, जरी म/सेमी म सीता माई।‘ छत्तीसगढ़ में महिलाओं के आपसी मुलाकात पर औपचारिक आरंभिक वाक्य होता है- का साग रांधे, दीदी/गोई?

सुमित्रानंदन पंत की कविता ‘ग्राम श्री‘ के अंश, जिसमें फल-सब्जियों को, बिना भेदभाव एक साथ समेटा है, को याद कर लेने का यहां अवसर बना है-

अब रजत-स्वर्ण मंजरियों से
लद गईं आम्र तरु की डाली।
झर रहे ढाँक, पीपल के दल,
हो उठी कोकिला मतवाली।
महके कटहल, मुकुलित जामुन,
जंगल में झरबेरी झूली।
फूले आड़ू, नीबू, दाड़िम,
आलू, गोभी, बैंगन, मूली।

पीले मीठे अमरूदों में
अब लाल लाल चित्तियाँ पड़ीं,
पक गये सुनहले मधुर बेर,
अँवली से तरु की डाल जड़ीं।
लहलह पालक, महमह धनिया,
लौकी औ' सेम फली, फैलीं,
मख़मली टमाटर हुए लाल,
मिरचों की बड़ी हरी थैली।

फिर भी कह सकते हैं कि अधिकतर सीधे खाने वाले फल के बहुवर्षीय वृक्ष होते हैं जबकि सब्जी वाले फलों के मौसमी, कम आयु वाले पौधे होते हैं। खाने वाला फल सामान्यतः मीठा होता है। पकने के पहले कसैला, खटमिट्ठा फिर मीठा, या खटमिट्ठा या खट्टा। लेकिन पका कर सब्जी के रूप में खाए जाने वाले फल फीके स्वाद वाले होते हैं। खाने वाले फल सामान्यतः सीधे, बिना नमक-शक्कर, मसाले के खाया जाता है या खाया जा सकता है, उन्हें पकाने यानि कुक करने की आवश्यकता नहीं होती। सीधे खाने वाले फल और सब्जी पका कर (यानि राइप नहीं कुक) खाए जाने वाले फल में यह अंतर भी बताया जा सकता है कि ऐसे दोनों फलों का आकार तो बदलता है लेकिन सीधे खाने वाले फल का रंग और स्वाद बदल जाता है, जबकि सब्जी वाले फलों का रंग और स्वाद लगभग वैसा ही बना रहता है। कुछ खास उदाहरणों में टमाटर, जो चटनी, प्यूरी, केचप या सपोर्ट, टेस्ट मेकर होता है, स्वयं पूरी तरह स्वतंत्र सब्जी नहीं। इसी तरह नीबू, करौंदा, मिर्च आदि सब्जी के बजाय मुख्यतः शर्बत, अचार, चटनी, मुरब्बा बनते हैं, उन्हें खींच-तान कर सब्जी बनाया जा सकता है और कान पकड़ कर किसी को खिलाया भी जा सकता है, लेकिन ये सब टमाटर की तरह स्वतंत्र और बिना सहयोगी के, आत्मनिर्भर सब्जी में शामिल नहीं हो सकते।

खान-पान की बात हो तो मुंह में पानी आ जाता है, मगर सब फीका, बात तब तक नहीं बनती, जब तक मीठा-नमकीन न हो। ध्यान रहे कि मीठा यानि नमकीन? छत्तीसगढ़ी में कहा जाता है- ‘मिठात नइ ए, नून बने नइ जनाए हे।‘ मारवाड़ी में नमक फीका होने पर कहने का प्रचलन है- थोड़ा मीठा (जी हां, यानि नमक) और डालो। गुजरात का मीठापुर तो नमक उत्पादक है ही। वस्तुतः मीठा यानि स्वाद, स्वाद यानि षटरस का संतुलन। हमारी जिह्वा, स्वाद इंद्रिय ही ऐसी है, जो जन्म के साथ सक्रिय हो कर मृत्यु तक क्षीण नहीं होती। यह व्यक्ति के संयम-अनुशासन की सहज और सबसे विश्वसीय चुगली भी कर सकती है।

बात की बात, यह कि अंकिता जी की किसानों पर एक पुस्तक ‘ओह रे! किसान‘ है। अब फल-सब्जी पर कम से कम पूरा लेख उनकी ओर से आना रोचक होगा। आवश्यकता अविष्कार की जननी है और ऐसी जिज्ञासा, जहां सुई अटक जाए फिर तो देर-सबेर बात बननी ही है। उनकी एक पुस्तक ‘ऐसी-वैसी औरत‘ है, लेकिन वे ऐसी वैसी नहीं, समर्थ जीवन साथी वाली, अद्वैत की जननी और ‘मैं से मां तक‘ पुस्तक की भी लेखिका हैं।