बात की शुरुआत देश-काल से। 35-40 साल पुराने मध्यप्रदेश का समय। बिलासपुर में पुरातत्व विभाग के दो कार्यालय, रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और संग्रहाध्यक्ष, हुआ करते थे। बिलासपुर कार्यालय का कार्यक्षेत्र तब सात जिलों वाले छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, सरगुजा और रायगढ़ जिला वाला बिलासपुर संभाग। इसमें खास कि तब का शहडोल जिला, जिसमें उमरिया और अनूपपुर भी होते थे, बिलासपुर कार्यालय के अधीन होता था। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद शहडोल अलग हुआ, लेकिन कार्यक्षेत्र यही बना रहा। प्रसंगवश बिलासपुर जिला कार्यालय में किसी ने मुझे समझाइश दी कि कलेक्टर को नाराज मत कर लेना, आपका सीआर वही लिखेगा, इस समझाइश में धमकी की धमक मैंने सुन ली। बातों-बातों में हमारे संचालक रहे प्रदीप पंत जी से यह बताया, उन्होंने कहा, जिसने ऐसा कहा है उसे शायद पता नहीं कि कलेक्टर जिले का अधिकारी होता है और आपके अधीन पूरा संभाग है।
वापस बात पटरी पर, तो पुरातत्व के मामले में तब का शहडोल जिला, तब के बिलासपुर जिला कार्यालय के अधीन होता था, इसलिए हमलोगों का शहडोल से अपनापा था। शहडोल संग्रहालय की स्थापना, जिला पुरातत्व संघ की पहल पर हुई थी, अमलाई पेपर मिल के जनसंपर्क अधिकारी राजेन्द्र कुमार बंसल, इस संघ के सक्रिय सदस्य थे। संग्रहालय में विभागीय मुलाजिम लाल बहादुर सिंह की तैनाती हुई तो संग्र्रहालय के कामकाज में बंसल जी की दखल के चलते विवाद होने लगे। इसके बाद शहडोल संग्रहालय में सिंह जी के बाद डॉ. अशर्फीलाल पाठक पदस्थ हुए, उनसे शहडोल जिले के पुरातत्वीय समाचार मिलते रहते थे। फिर अप्रैल 1987 में शहडोल जिले के पुरातत्वीय स्थलों के सर्वेक्षण में वरिष्ठ अधिकारी जी.एल. रायकवार जी का साथ रहा। अप्रैल 1989 में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुराविद डॉ. कल्याण चक्रवर्ती जी के साथ सघन दौरा हुआ तथा मध्यप्रदेश में पुरातत्वीय सलाहकार रहे भारतेन्दु परिवार के, हार्वर्ड विश्वविद्यालय वाले डॉ. प्रमोदचन्द्र जी तथा उनकी पत्नी श्रीमती मैरी कार्मेन के साथ, जिले के स्थलों को और बांधवगढ़ में रुककर, विशेष अनुमति सहित वहां के पुरावशेषों, अभिलिखित गुफाओं को देखने-समझने का अवसर मिला। श्रीमती मैरी ने इस अंचल की कलचुरि कला पर शोध किया है।
डॉ. प्रमोदचन्द्र मानते हैं कि त्रिपुरी कलचुरियों की कला से उत्कृष्ट प्रमाण इस क्षेत्र में हैं। उल्लेखनीय है कि विदेशों में आयोजित होने वाले ‘फेस्टिवल आफ इंडिया‘ के लिए चयन का जिम्मा डॉ. प्रमोदचन्द्र का था, उन्होंने भारतीय कला के प्रतिनिधि उदाहरणों में शहडोल, सोहागपुर के कुंवर मृगेन्द्र सिंह के निजी संग्रह के ‘भैरव‘ को भी चुना था। उनकी सलाह पर हमने मेमायर्स आफ द आक्यालाजिकल सर्वे आफ इंडिया, नं. 23 का आर.डी. बैनर्जी का ‘द हैहयाज आफ त्रिपुरी एंड देअर मान्युमेंट्स-1922‘ उड़नछू बांच लिया था। डॉ. रमानाथ मिश्र की किताब से इस अंचल की प्राचीन कला को जानने-समझने में मदद मिली और डॉ. रहमान अली के इस अंचल के शोध की जानकारी प्रत्यक्ष उनसे सुनने को मिलती रहती थी। देवकुमार मिश्र की ‘सोन के पानी का रंग‘ का सहारा तो था ही, यों भी मेरी पढ़ी-जानी किताबों में यह नदियों पर लिखी हिंदी की पहले नंबर पर रखी जाने वाली किताब है। वेगड़ जी की ‘तीरे तीरे नर्मदा‘ के प्रति पूरे सम्मान के बावजूद ऐसी और किसी किताब की गिनती मेरे लिए पांच के बाद ही शुरू होगी।
तब न मोबइल फोन था न गूगल, तो ऐसे काम पर निकलते हुए तैयारी में एक जरूरी चीज होती ‘मजमुली नक्शा‘ और दूसरी जिले के कक्षा तीसरी की भूगोल किताब। जिले का संक्षिप्त गजेटियरनुमा, इस भूगोल पाठ्य पुस्तक के अध्याय होते थे- स्थिति और विस्तार, भू-रचना, जलवायु, वनस्पति तथा पशुधन, खनिज-संपत्ति, सिंचाई तथा विद्युत सुविधाएं, कृषि और उसकी उपजें, उद्योग-धंधे? परिवहन के साधन, जिले के प्रसिद्ध स्थान, जिले की प्रशासनिक इकाइयां और जिले के निवासी। इस पचास पेजी सचित्र किताब को अच्छी तरह बांच लेने के बाद सव्रेक्षण-दौरे की योजना बनाना तो आसान होता ही था, जरूरत पड़ने पर अपनी जानकारी का रौब या परिस्थिति अनुसार उस अंचल से अपनी निकटता जाहिर कर, बहुत सारे काम आसान हो जाते। सर्वेक्षण का काम पूरा हो जाने पर इस पुस्तिका की जानकारियां प्रतिवेदन बनाने में भी उपयोगी होती। (इस पुस्तिका की पीडीएफ प्रति मेरे पास अब भी सुरक्षित है, कोइ महानुभाव इच्छुक हों तो कमेंट में अपना वाट्सएप नंबर दे दें, प्रति भेज दी जाएगी, इस निवेदन सहित कि हो सके तो वे मेरे तब के जिले बिलासपुर की भूगोल पुस्तिका पीडीएफ उपलब्ध करा दें, जो अब मेरे पास नहीं रही।) इतनी तैयार के बाद चाक-चौबंद, आश्वस्त मैदान में उतर गए।
पुरानी बातों के कोर-कार दुरुस्त कर देता है समय। वह वैसी ही याद नहीं रह जाती जैसी वह होती है, इसलिए लिखने बैठें तो यादों की चकरघिन्नी। यों भी याददाश्त से कहीं अधिक भरोसा अपने भूलने पर है, सो भूल-चूक माफ। आगे अपनी डायरी के नोट्स, मगर उसके पहले कुछ भूला-कुछ याद किया, पेश-
जैसिंहनगर, तहसील आफिस के आसपास मंडराते जीव। तहसीलदार साहब सागर विश्वविद्यालय के पुरातत्व के विद्यार्थी रहे ज्योति सक्सेना जी। बाद में वे ही अनूपपुर में भी मिले। अपनी शासकीय सेवा में कभी उनका जुड़ाव पुरातत्व से होगा, उन्होंने शायद ही सोचा होगा। सर्वेक्षण का परवाना दिखाने की जरूरत बस इसलिए हुई कि ऐसा भी सरकारी काम होता है। वे सहयोग के लिए तत्पर। चाय-पानी के इंतजाम तक हम तहसील के दर्दी-फरियादियों से गुफ्तगू करते रहे। वे अपनी सारी परेशानी, गिला-शिकवा भूलकर, खुद आगे बढ़ कर पुराने ठौर-ठिकानों का पता देते रहे, किस्से सुनाते रहे। एक सयाने ने बताया कि जैसिंहनगर नाम, रीवां के राजा जयसिंह देव से आया है। राजा का सिक्का चलता था, सचमुच का, तांबे का टकसाली सिक्का। लोगों की जबान पर पुराना नाम ही बना रहता था। राजा का फरमान आया कि नमकहराम होगा, जो अपने गांव का पुराना नाम लेगा। पता लगता, जिस किसी ने गांव का पहले वाला नाम लिया है, उसकी जबान बदलने के लिए पूरी मुट्ठी भर नमक खिलाए जाने की सजा तजवीज कर दी गई। सयाने ने कहा मगर बाप-दादा से सुना नाम हमें अब भी याद है, चारों तरफ नजर घुमाई फिर गुम हुआ नाम धीरे से उचारा- ‘गुमगौर‘। बदले में हमने उसका मुंह मीठा कराया, चाय पिला कर।
सुन रखा था कि पुराने समय में कोरिया, छत्तीसगढ़ के चांगभखार यानी जनकपुर-भरतपुर जाने के लिए यहां से जाना होता था, तो कुछ दूर यह रास्ता भी नाप लिया। तब वहां बातों-बातों में मसीराघाट पर बन रहे पुल का जिक्र आता था, वहां तक भी हो आए। ठेकेदार के कारिन्दों ने अकारण आग्रहपूर्वक चाय पिलाई, उन्हें निर्देश रहा होगा कि सरकारी मुलाजिम आएं, किसी भी विभाग के, किसी भी काम से, बिना पूछ-परख न जाने दें। सरकारी आदमी, जाने कौन, कब, कैसी मुसीबत खड़ी कर दे।
एक वकील साहब भी मिले, पेशी और मुवक्किल से निपट चुके थे, बताने लगे- यहां क्या मिलेगा आपको, विराट मंदिर के दर्शन कर लीजिए बाकी तो बंजर, जंगल, खदानें, बेरोजगारी, आदिवासी। कोई उद्योग नहीं, विकास नहीं। तहसीलदार साहब ने पयासी जी को साथ कर दिया। वे मानों शहडोल के देसी आडियो गजेटियर। कथा बांच रहे हैं- सोन-जोहिला और नर्मदा के त्रिकोण की। मसीरा घाट और दशरथ घाट दिखा लाने का वादा, चाहे छुट्टी लेनी पड़े। सोन-जोहिला संगम पार करने लायक छिछला पानी, रायकवार जी की देखा-देखी, संगम में पैर डालने के पहले सिर पर पानी डाला, आचमन किया, दशरथ घाट के दर्शन कर लौटे।
वापसी में एक सूने कच्चे घर की बाहिरी दीवार पर चित्रकारी दिखी। चित्र के अनुसार यह ग्राम बरहा के सुखसेन बैगा की कृति है, जो अपने को अभी नौसिखुआ-आधा पेन्टर मानता है, लिखा है- आई यम पेन्टर अभी 1/2। चित्र में वनस्पति गमले में आ गई है, धनुष-बाण और मुकुटधारी राजा है, शायद सोन नद का मानवीकरण, जिसमें वह खुद को देख रहा है और साथ उसके सपनों की रानी? नर्मदा-जोहिला? आधुनिका- बॉब्ड। संभव है उसने मोहनजोदड़ो की नर्तकी कांस्य प्रतिका का चित्र देखा हो। कांस्य नर्तकी कमर पर हाथ टिकाए हुए है, मूर्तिकला की शब्दावली में ‘कट्यावलंबित‘। आ देखें जरा ... वाली चुनौतीपूर्ण देहभाषा (बॉडी लैंगुएज), जबकि, कल्पनाशील चित्रकार की नायिका ने दोनों हाथ कमर रखे हैं। स्त्रैण नजाकत वाली, कुछ-कुछ पीटी मुद्रा। ‘तिपतिया लॉकेट‘ ठीक उसकी नकल जैसा ही है। अंचल के बैगा युवक की आदिम चेतना में शायद इसी तरह की आधुनिकता के गणित की खिचड़ी पक रही है।
दियापीपर। शहडोल से जैसिंहनगर के रास्ते पर सोन का पुल पार करते ही बैरियर, बड़े लट्ठ-अड़गड़ वाला टोल नाका। सरकारी काम वाली गाड़ी का हवाला दिया, कुछ नरम-गरम। बात बन गई, बैरियर खुल गया। मगर इस बातचीत के दौरान नाका वालों को पता चला कि हम पुरानी जगहों की खोज कर रहे हैं, मंदिर-मूर्तियों की, तो वे भक्ति-भावना से भर कर बताने लगे कि हम आगे बढ़ कर दाएं मुड़ जाएं। ढेरों पुराने पत्थर, मूरत, देवी-देवता हैं। सीधे के बजाय हम दाहिने मुड़ कर आगे बढ़े। बड़ी तादाद में ढेरों पुरावशेष बिखरे हुए। लेकिन समस्या थी कि पूरे मैदान में ऊँची- ऊँची, सूखी घास थी। थोड़ी साफ-सफाई की और कुछ खुले में पड़ी कलाकृतियों की फोटोग्राफी, विवरण दर्ज करते रहे। तब तब न जाने कहां से कोई चिंगारी उठी और देखते-देखते सूखी घास में आग फैलने लगी, झाड़ू-बुहारू जैसे सब उपाय, जो भी संभव था, किया। बड़ी मुश्किल से बात बनी। चारों ओर सुनसान था, फिर भी मौके की नजाकत का अनुमान कर काम आगे बढ़ाए बिना बढ़ लिए। ड्राइवर से पूछा, तुमने सिगरेट के लिए तीली जलाई थी?, वह लगातार मना करता रहा और सफाई देने लगा कि गाड़ी के एक्जास्ट से चिंगारी निकली होगी, जिसके चलते ऐसा हुआ और नाम भी तो ऐसा है ‘दियापीपर। बहरहाल वापस लौटते फिर बेरियर पर रुके तो बताया गया- आपलोगों को मालूम, दियापीपर मैदान घास में आग लग गई थी। हमने कहा, सब हरिइच्छा, अब तो सारे देव प्रकट हो गए होंगे। फिर वहां जा कर, छूटा काम पूरा किया।
एक किस्सा कौड़िया का। चंदिया से दस-दस किलोमीटर बांयें-दायें दो पुरातत्वीय भंडार, कौड़िया और पथरहटा। सुराही वाले चंदिया रोड स्टेशन से परिचय पुराना रहा। अब चंदिया पहुंचे। इलाके से लगभग अपरिचित, तो पहले पहुंचे पुलिस थाना। थानेदार साहब का इंतजार करने लगे। हमें जाना था कौड़िया। देर हो रही थी, दुविधा में थे कि इंतजार करें या निकल चलें। समय बिताने के लिए थाने में लगी तख्तियां बांचने लगे। एक तख्ती लगी थी- ‘बदमाश गांवों की सूची‘, उस पर सबसे ऊपर पहला नाम था ‘कौड़िया‘। थानेदार साहब आए, हमलोगों को शुभकामनाएं देते विदा करते ताड़ लिया कि हमारी नजर तख्ती पर कहां जा रही है। मुंशीजी उसी इलाके के थे, हमलोगों के काम और साथ देने के प्रति उत्सुक। थानेदार साहब ने उन्हें हमारे साथ कर दिया। मुंशी जी पूरे इलाके का इतिहास-भूगोल बताते रहे, उनकी बातचीत में किसी अपराध, दीवानी-फौजदारी का भूले से भी जिक्र नहीं आया। कौड़िया के रास्ते में हमें कुछ ग्रामवासी कुछ आगे पास के गांव ‘बिलासपुर‘ जाने वाले मिले। बीच में हम माइक्रोलिथिक टूल्स मिलने की संभावना से रुके, तो हमारी देखा-देखी, इस काम में वे सबसे आगे रहे।
हमारा इरादा था कि दिन रहते कौड़िया-सलैया और पथरहटा कर, अंधेरा होते शहडोल वापस लौट जाएंगे। मगर कौड़िया-सलैया के कुछ हिस्से के नोट्स और फोटो लेते अंधेरा होने लगा। शहडोल वापस लौट कर अगले दिन फिर आना, कशमकश में थे। गांव में सरपंच जी से मिले अकड़े से युवा और देख कर ही समझ में आ गया हेठी न खाने वाले। बात होने लगी तो पता लगा कि गांव में दो-पार्टी वाली फूट है, जिसके कारण अपराध दर्ज होते रहते हैं। हमारे मामले में दोनों पार्टी के लोग तदर्थ रूप से सहयोगी बन गए। रात रुकने का इंतजाम और भोजन अपने निवास पर सरपंच जी ने कराया। गांव के इकट्ठे हुए लोग सहयोग की अपनी भूमिका के लिए तत्पर थे। उस इलाके में कुछ घटनाओं की जानकारी थी, जिसमें पुरातात्विक सामग्री की जानकारी और उसमें रुचि लेने वालों की गाड़ी में तोड़-फोड़ और पिटाई भी हो चुकी है। जबकि हम दूसरे दिन काम पूरा कर शहडोल संग्रहालय के लिए गांव वालों की मदद से एक सूर्य प्रतिमा, अपनी जीप में लदवा कर वापस लौटे।
रायकवार जी का 'पूर्वानुमान" कभी अनर्गल जान पड़ता है, मगर कई बार चौंकाता भी है। कौड़िया में घूमते हुए वे कभी पूछते और कहीं भी तो मूर्तियां नहीं रखी हैं, कुंए के पास, देवालय में, इस-उस दिशा में, हमें लगता तीर-तुक्का, लगभग सही ही बैठ रहा है। बात जुड़ी कि गांव वाले जो किस्सा सुना रहे थे- बहुत पहले दो लोग एक बड़ी गाड़ी ले कर आए थे, अपने को पुरातत्व विभाग का बताया और एक मूर्ति ‘चुरा‘ कर ले गए थे। वापस आते यह भेद रायकवार जी ने खोला कि उन्हें और वी.पी. नगायच जी को शहडोल संग्रहालय के लिए प्रतिमा संग्रह का आदेश हुआ था। तब, रायकवार जी सागर में और वे रीवां में पदस्थ थे। अजीत जोगी जी शहडोल कलेक्टर थे, और कुंवर अर्जुन सिंह के रिश्तेदार हरचरण सिंह जी, उमरिया एसडीएम, उन्होंने एमपीइबी की डग्गा गाड़ी दे दी, जिसमें उनके द्वारा शहडोल संग्रहालय के लिए कौड़िया से सूर्य प्रतिमा लाई गई थी। रायकवार जी ने अपनी शैली में यह किस्सा सुनाया। बाद में सविस्तार विवरण नगायच जी ने याद किया- सन 1978 की बात है।
इस दौरान धरहर, राजेन्द्रग्राम (तत्कालीन राष्ट्रपति जी के प्रवास के कारण रखा गया नाम) का विशाल वृक्ष ‘पपीता बाबा‘, मढ़ीबाग का सुनसान, रहस्यमय वातावरण, वीरसिंहपुर पाली की देवी प्रतिमा, अन्तरा की चामुण्डा, सिंहपुर का प्रवेश द्वार, राजाबाग का संग्रह अविस्मरणीय है।
अब डायरी के नोट्स -
# चितरांव - जैसिंहनगर से जनकपुर मार्ग पर जाकर बायाँ व्यपवर्तन कुल दूरी 20 किमी. painted rock-shelter site, tools.
# जोहिला नदी के नौरोजाबाद सड़क पुल के नीचे tools.
# चंदिया से पथरहटा मार्ग पर खेतों में tools
# (छोटी)महानदी-मछड़ार संगम (चंदिया-कौड़िया मार्ग) के निकट कारी पाथर unpainted shelters, tools.
# बसोहरा - जैसिंहनगर से 12 किमी. shelter तथा tools.
# निगाई - जैसिंहनगर से मानपुर जाने पर tools.
# नगरवाह - जैसिंहनगर से मुख्य मार्ग पर 6 कि.मी. कौवासरई से 4 किमी. shelter, tools.
# शहडोल - सोहागपुर का विराटेश्वर मंदिर, निकटवर्ती क्षेत्र के mounds में rich remains जैन मंदिर में प्रतिमाएं / कुँवर साहब, राजाबाग के यहाँ कृष्ण लीला के तीन पटल, भैरव, गजासुरवध, (outstanding), शिव, शेषशायी विष्णु, कुबेर, त्रिदेवी (वैष्णवी, ब्रह्माणी, माहेश्वरी), अन्य कई प्रतिमाएं
# धरहर- राजेन्द्रग्राम से अमरकंटक मार्ग पर 7 कि. मी. से दायें व्यपवर्तन पर 1 कि.मी. late 12th या 13th cent. का पूर्वाभिमुख कलचुरि (रतनपुर?) शैली का शैव मंदिर / प्रवेश द्वार के उपर (सामने), पत्थर गिरा हुआ, द्विशाख, ललाट-बिंब पर शिव - त्रिदेव तथा नवग्रह, द्वारशाख पर गंगा-यमुना, शैव द्वारपाल/उदुम्बर, कलशधारी उपासक / त्रिअंग (पंचरथ), दक्षिणी भित्ति की द्वितल जंघा पर- कार्तिकेय, गणेश (अन्तराल), दिक्पाल, मिथुन युगल, मध्य रथ पर ब्रह्मा, नटराज (सौम्य), दिक्पाल, पश्चिम भित्ति पर - मिथुन शेष ध्वस्त, उत्तर भित्ति पर - वीणाधर शिव, नटराज (उग्र-भैरव), अन्तराल में माहेश्वरी, चामुण्डा उत्सेध में - अधिष्ठान (वेदिबंध), खुर, कपोत, सूचिका, मुकुल, खुरछाद्य, गजथर - जंघा. तुल्य सरगाँव (बिलासपुर) का धूमनाथ मंदिर, इससे कुछ और परवर्ती.
# सीतामढ़ी - सोहागपुर-मानपुर मार्ग पर चौरी से 3 किमी., कुल लगभग 25 किमी. 3 छोटे मंदिर 9th cent. (प्रतिहार शैली)
# हर्रा- अन्तरा-केलमनिया मार्ग पर 22 किमी./ गोमेद-अंबिका, दो कृष्ण कथा फलक, नृवराह, विष्णु सिरदल, नवग्रह पटल, उमा- महेश द्यूत (जबलपुर संग्रहालय की प्रतिमा तुल्य)
# दुलहरा - हर्रा के निकट / विष्णु, गणेश, नायिकाएँ, small door frame, remains.
# केसवाही - बुढ़ार से जैतपुर मार्ग पर 27 किमी./ शाहपुर (8 किमी.) में विष्णु, ध्वस्त मंदिर के अवशेष, सांडामाल (8 किमी.) में ध्वस्त विशाल मंदिर एवं अवशेष / सगरा (7 किमी.), में remains.
# मानपुर - मानपुर से ताला भार्ग पर 5 किमी. ज्वालामुखी मंदिर - विष्णु मंदिर, मंदिर में भूमिस्पर्श मुद्रा में बुद्ध प्रतिमा.
# मार्कण्डेय आश्रम- मानपुर-अमरपाटन मार्ग पर छोटी महानदी व सोन के संगम पर उमा-महेश, विष्णु, दिक्पालों की प्रतिमाएँ.
# आमडीह - अनूपपुर से कोतमा मार्ग पर 18-20 किमी. (फुनगा, पसला के निकट, बिजौड़ी ग्राम से लगा हुआ) /ब्रह्मा, तीन लक्ष्मीनारायण, दो उमा-महेश, हनुमान तथा अन्य अवशेष.
# छुलकारी - उपरोक्त स्थल के पास ही/ विष्णु, लक्ष्मीनारायण, योगियों की प्रतिमाएँ.
# सामतपुर - अनूपपुर में 13th cent. का मंदिर, कर्ण व अर्जुन का युद्ध दो स्तंभों पर अंकित (सूर्य व इन्द्र सहित), सिरदल, उत्तरंग पर पंक्ति में standing दशावतार, अलंकृत स्तंभ, नदी देवी, शैव द्वारपाल, बाहर उमा-महेश, लक्ष्मीनारायण.
# अन्तरा - केलमनिया मार्ग पर 9 किमी./ कंकाली मंदिर में unique चामुण्डा (cement retouching), विशाल, अति प्रभावशाली, उमा-महेश, विष्णु, आदिनाथ, योगिनी प्रतिमाएँ, temple mounds.
# सिंहपुर - पतखई मार्ग पर 14 किमी. / परवर्ती संरचना, कथित पंचमठा या मान्य शिव मंदिर किन्तु शायद वस्तुतः मकबरा या समाधि में पंचशाख, अत्यंत विकसित और भव्य वैष्णव प्रवेश द्वार लगा है, यहीं विशाल वैष्णव प्रतिमा शीर्ष (capital), बौद्ध तारा, योगिनी, गरुड़ की एकाकी मुख्य प्रतिमा, सप्तमातृका पट्ट व pillars भी लगे हैं। दूसरे नवनिर्मित मंदिर में चामुण्डा (अन्तरा तुल्य आकार में छोटी पर अधिक सुरक्षित), गणेश प्रदक्षिणा में आदिनाथ, पार्श्वनाथ की कई प्रतिभाएँ.
# वीरसिंहपुर पाली- बिरासनी देवी मंदिर - मुख्य गर्भगृह में विशाल हरिहर, एक अन्य हरिहर, एक विष्णु, एक अन्य (संभवतः विष्णु), प्रतिमा तथा अन्य गर्भगृह में गणेश, महिषमर्दिनी बाहर प्रांगण में महिषमर्दिनी, अन्धक-गजासुर वध शिव, नटराज, तीन-चार उमा-महेश, सूर्य कुछ अन्य
# उमरिया - सगरा मंदिर के ancient door frame को paint कर दिया गया है।
# मढ़ीबाग - उमरिया से शहपुरा मार्ग पर 13th cent. का शैव मंदिर, मंडप पुनर्रचित, दिक्पाल, सूर्य, गजासुर वध, नृसिंह, चामुण्डा, सिरदल पर शिव, सरस्वती, गणेश
# बांधवगढ़- 2nd cent. के inscribed rock-cut chambers विस्तृत विवरण N.P. Chakravarti का paper, E.I. Vol. XXXI part IV, Oct. 1955 में top पर 5 मंदिर प्रतिहार शैली?, 8th से 10th cent. A.D. के / monolithic rock-cut वराह, मत्स्य, नृवराह (18‘), साथ में स्तंभ, शेषशायी विष्णु ( कथित चरणगंगा पर -11.75 मीटर), पैर की ओर ब्रह्मा, सिर की ओर शिवलिंग, विभिन्न स्थानों पर कलचुरि युवराजदेव के अभिलेख / राजा तालाब या बाबा तालाब के निकट मढ़िया में सूर्य, गजलक्ष्मी, विष्णु, शिव, गौरी, ब्रह्मा, कार्तिकेय, गंगा तथा पास ही रेवन्त प्रतिमा-सभी 12-13th cent. की / एक अन्य मंदिर व अवशेष, बड़ी शेषशायी पर building remains भी, 10th cent. का पश्चिमाभिमुख संभवतः शिव मंदिर, जाते हुए चढ़ाई में habbitational remains. यह स्थान तानसेन, सेन भगत व धर्मदास से संबंधित किया जाता है, प्रमाण के रूप में कुछ अवशेष भी विद्यमान हैं।
# अमरकंटक- कर्ण के मंदिर के नाम से ज्ञात मंदिर समूह, पातालेश्वर शिव मंदिर तथा नर्मदा उद्गम कुंड पर विभिन्न परवर्ती मंदिर, इनमें कलचुरि (संभवतः रत्नपुर के) राजा-रानी, दम्पति / अश्वारोही व गजारोही प्रतिमाएँ / पास ही जंगल में शिलोत्कीर्ण गणेश (त्रिकूट या कर्ण मंदिर से आगे 5 कि.मी.) की दो प्रतिमाएँ 8th cent A.D. स्थल सिद्ध विनायक या भृगुकमण्डल के नाम से जाना जाता है।
# जैसिंहनगर - पुराना नाम ‘गुमगौर‘। ग्राम के फूलमती व दुर्गा मंदिर में विष्णु, शिवलिंग, आमलक, नृसिंह, गजशार्दूल आदि प्रतिमाएँ
# अटरिया - जैसिंहनगर से मानपुर मार्ग में सोन के पूर्व दायाँ व्यपवर्तन कुल 25 किमी. सूर्य, विष्णु, हरिहर आदि प्रतिमाएँ
# बनचांचर - अटरिया के निकट घाटी डोंगरी नामक पहाड़ी पर स्थापत्य-प्रतिमा अवशेष सूर्य, विष्णु, दुर्गा, महिषमर्दिनी, उमा-महेश आदि
# मऊ - ब्यौहारी से 8 किमी./ भग्न मंदिरों के अवशेष, सूर्य, कार्तिकेय, विष्णु, गौरी, लक्ष्मीनारायण, योगिनी, एकमुख लिंग, गणेश, जैन प्रतिमाएँ.
# केल्हई- जैसिंहनगर से खन्नौधी से सन्ना होकर कुल 20 किमी. सोन-जोहिला संगम, दशरथ घाट पर कार्तिकिय.
# दियापीपर- शहडोल-जैसिंहनगर मार्ग पर 20 किमी. सोन पार कर दायां व्यपवर्तन विभिन्न मंदिरों के mounds, प्रतिमाएँ, स्थापत्य खंड.
# गोकरद - मसीराघाट, सोन पर नवनिर्मित सड़क पुल, मानपुर मार्ग पर विष्णु, सूर्य प्रतिमा.
# कोयलारी - अमरकंटक से राजेन्द्रग्राम आते दायाँ पुनः बायाँ व्यपवर्तन 32 किमी. पर- partially standing temple & remains.
# बुढ़ार के पास बम्हनी से प्राप्त मेकल पाण्डवंश का ताम्रपत्र
# ब्यौहारी तहसील से प्राप्त, रायपुर संग्रहालय में जमा कुषाण, गुप्त व मुगल, शताधिक सिक्के.
# बांधवगढ़? से प्राप्त माघ शासकों के सिक्के.
# पथरहटा - चंदिया से 10 किमी./ अवशेष, माहेश्वरी, नृसिंह, विष्णु, उमा-महेश, योगिनी, हनुमान, तीर्थकर चतुष्टिकाएँ, आदिनाथ, सूर्य, अम्बिका, मिथुन, नृत्य फलक, शिवलिंग, स्तंभ, सती प्रस्तर-अभिलेख आदि.
# कौड़िया-सलैया - बावली में द्वारशाख, सिरदल, आदित्य पट्ट, एकाधिक उमा-महेश, सूर्य, गणेश, जैन प्रतिमाएं / बावली के अतिरिक्त स्थल- गढ़ी व जात्रा, खेतों में भी remains.
(जिन विवरणों में dates नहीं है, वे सामान्यतः, क्षेत्र के अधिकांश remains और sites भी, late 9th early 10th cent. के हैं, और क्षेत्र में त्रिपुरी कलचुरि कला के श्रेष्ठ उदाहरण द्यिमान हैं।)
चलते-चलते -
मौके पर पहुंच कर डाक बंगला यानि लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस में ठहरने के लिए कमरा मिले न मिले, जाते जरूर थे, क्योंकि वही मुख्यालय का शून्य मील का पत्थर होता था, दूरियों की सारी पैमाइश वहीं से शुरू होती थी और तब इसे नोट कर रखना जरूरी काम होता था। अपनी डायरी में दर्ज कर लिया था-
शहडोल से दूरियां, किलोमीटर में -
रीवां 161, इलाहाबाद 292, कटनी 132, उमरिया 70, सतना 211, बांधवगढ़ 107, अमरकंटक 108, डिंडौरी 193, जबलपुर 222, मण्डला 318, बिलासपुर 225, अंबिकापुर 247, अमलाई 30, चचाई 40।















