उन्नीस सौ साठादि के दशक में, जब पहली दफा मेरी गिनती हुई होगी, पहले-पहल सुना- मर्दुमशुमारी। एकदम नये इस शब्द को कई दिनों दुहराता रहा। कुछ ऐसे शब्द होते हैं, खास कर जब वे आपके लिए नये हों, सिर्फ मुख-सुख के लिए बार-बार उचारने को मन करता है। बाद में जान पाया कि इसका अर्थ है- मनुष्यों की गिनती और वो भी पूरे देश के सभी लोगों की, फिर सिर्फ इतना नहीं घर-मकान भी और न जाने क्या-क्या गिन लिया जाता है।
बाद में थोड़ी और जानकारी हुई तब लगा कि यह अंगरेजों के दिमाग की उपज होगी, वे ऐसे ही काम करते हैं। हमारे देश में सौ-एक साल पहले उनके द्वारा कराया भाषा सर्वेक्षण, दुनिया का सबसे बड़ा सर्वेक्षण माना जाता है। लेकिन फिर पता लगा कि यह काम तो मुगलों के दौरान भी होता था। यह भी कि ईसा मसीह का जन्म जनगणना के दौरान हुआ और उससे भी पहले कौटिल्य ने राज-काज में मनुष्यों की गिनती को भी गिनाया है। मेरा आश्चर्य बढ़ता गया।
इन दिनों की बात। 2011 की इस पंद्रहवीं जनगणना में जाति आधारित गणना की चर्चा होती रही, जिससे यह समझा जा सकता है कि आंकड़े थोथे या निर्जीव नहीं होते, उनके उजागर होने की संभावना भी आशंका और विवाद पैदा कर सकती है, कैसे सत्य-आग्रही हैं हम। इस जनगणना में पहली बार जैवमिति (बायोमैट्रिक) जानकारी एकत्र की जा रही है, जिसका दूसरा दौर पूरा होने को है। जनगणना का एक ब्लॉग, रोचक है ही। इस जनगणना पर डाक टिकट भी जारी हुआ है।
जनगणना के पहले दौर में जिस पथ-प्रदर्शक बोर्ड की मदद से मैं इसके कार्यालय का रास्ता तलाश रहा था, वहां भी जनगणना हावी था। जनगणना कार्यालय पहुंचने पर मुहल्ला मकान क्रमांक और जनगणना मकान क्रमांक, एक फ्रेम में देखना रोचक लगा।
1991 की जनगणना में हमलोग सरगुजा जिले के उदयपुर-सूरजपुर मार्ग पर 22 वें किलोमीटर पर भदवाही ग्राम में थे। इस जनगणना के विस्तृत प्रारूप और पूछे जाने वाले कुछ निजी किस्म के प्रश्नों पर तब खबरें गर्म होती रहती थीं। हमारे वरिष्ठ सहयोगी और कैम्प प्रभारी रायकवार जी को चिन्ता रहती कि हमारी गिनती कौन, कहां और कैसे करेगा। इस अभियान में गिने जाने से चूक तो नहीं जाएंगे। प्रगणक, सरकारी आदमी जान कर हमसे अपना सुख-दुख बांटते। उनलोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में जुड़वा संतति बड़ी संख्या में है और प्रारूप में इसे कैसे दर्ज किया जाए, समझ में नहीं आ रहा है। खैर, तब हम सबकी गिनती हो गई, प्रगणकों की समस्या भी हल हो गई होगी।
इस जनगणना के दौर में स्थानीय अखबार में 5 फरवरी को छपी एक खबर देख कर याद आई जुड़वों और जनगणना की। समाचार का शीर्षक है ''जुड़वा बच्चे पैदा होने का रिकार्ड बनाया देवादा ने'' समाचार के अनुसार दुर्ग जिला मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर स्थित गांव में 13 जुड़वा हैं। समाचार की एक पंक्ति है- ''देवादा निवासी संतूलाल, झल्लूलाल और किशोरीलाल सिन्हा तीनों सगे भाई हैं। तीनों के यहां जुड़वा बच्चे हैं। जुड़वा बच्चे पैदा होने के क्या कारण है यह वे बताने की स्थिति में नहीं हैं।'' गनीमत है ये तीन सगे भाई चैनलों की हद में नहीं आए हैं, वरना जुड़वा बच्चे पैदा करने का कोई न कोई कारण उन्हें कैमरे के सामने सार्वजनिक करना ही पड़ता और सरपंच से पूछा जाता कि क्या करना पड़ा आपके गांव को यह रिकार्ड बनाने के लिए। इस सिलसिले में मालूम हुई जानकारी आपसे बांटते हुए, केरल के कोडीनीडी गांव की कुल आबादी का दस फीसदी जुड़वा बताई जाती है।
इस सब मगजमारी के पीछे मंशा सांस्कृतिक पक्षों के तलाश की थी। कॉलेज के दिनों में किताबें उलटते-पलटते कुछ संदर्भ मिले थे अब उनकी फोटोकापी पर ध्यान गया कि सांस्कृतिक सर्वेक्षण एवं अध्ययन की संदर्भ सामग्री भी तो जनगणना के खंड के रूप में प्रकाशित हुआ करती थी।
इसके लिए अब तक की खोजबीन में मालूम हुआ कि प्रत्येक तीस वर्षों में ऐसे अध्ययन हुए हैं, 1931 और 1961 का तो दस्तावेजी प्रमाण मिल गया, लेकिन मानविकी-संस्कृति के और क्या अध्ययन-प्रकाशन, कब-कब हुए, अब भी होंगे, पता न लग सका सो वापस मर्दुमशुमारी उचारते बाल-औचक हूं कि हम सभी एक-एक, बिना चूके गिन लिए जाएंगे।
पुनश्च-
पब्लिकेशन्स डिवीजन की पत्रिका ‘आजकल‘ के मार्च 1951 अंक में तत्कालीन उद्योग और वाणिज्य मंत्री हरेकृष्ण महताब के नाम से एक लेख ‘आगामी जनगणना‘ प्रकाशित है, जिसका आरंभिक और अंतिम अंश इस प्रकार है-
एक समय था जब मनुष्यों का गिनना अशुभ समझा जाता था। आज भी रूढ़िवादी माता-पिता अपने बच्चों की संख्या नहीं गिनने देते। परन्तु प्राचीन साहित्य से पता चलता है कि बहुत पुराने समय में भी जनगणना की प्रणाली विद्यमान थी। आज जनगणना राज्य का एक मुख्य कर्तव्य हो गया है। और बिना जनगणना के कोई भी राज्य सुचारू रूप से नहीं चलाया जा सकता। किसी भी राष्ट्र की सम्पत्ति का अनुमान तभी लगाया जा सकता है जब कि उस राष्ट्र के उत्पादक और उपभोक्ताओं की संख्याओं का ठीक-ठीक हिसाब लगाया जा सके। आज राष्ट्र का स्वरूप बहुत पेचीदा हो गया है, इसलिए देश के नागरिकों के विभिन्न भागों का समुचित अध्ययन नितान्त आवश्यक है।
... ... ...
भारत सरकार विभिन्न विकास योजनाएं बना रही है। यदि जनगणना सही नहीं हुई तो इसका अनुचित प्रभाव उन योजनाओं पर भी पड़ सकता है। इसलिए सरकार ने ऊंचे अधिकारी नियुक्त किए हैं ताकि जनगणना सही हो सके। फिर भी सही जनगणना केवल इन अधिकारियों के बल-बूते पर ही नहीं हो सकती। उन्हें शहरों और गांवों में काम करने वाले असंख्य स्वयं-सेवकों और कार्यकर्ताओं की सहायता पर निर्भर रहना पड़ेगा।
मुझे पूर्ण विश्वास है कि इस काम में सहायता करने के लिए बहुत से स्वयंसेवक तथा संस्थाएं आगे आयेंगी। सन् 1951 की जनगणना हमारी विकास योजनाओं की आधारभूत होगी। इस के ऊपर हमारे राष्ट्रीय निर्माण का ढांचा खड़ा किया जायगा। अतः हम सबको यह आशा तथा कामना करनी चाहिए कि सन् 1951 की जनगणना सही-सही जानकारी एकत्रित करने में सफल हो, जिससे नई-नई विकास योजनाओं द्वारा देश में आगामी दस वर्षों में जनता की महान हित-साधना हो पाए।
इसी अंक में ‘विकास के पद-चिन्ह‘ स्तंभ अंतर्गत ‘जन-गणना संबंधी चित्र‘ शीर्षक में टीप है-
भारत सरकार के फिल्म विभाग ने जन-गणना सम्बन्धी जो चलचित्र बनाया है, उसमें 1951 में होने वाली अखिल भारतीय जन-गणना का विषय बड़े ही अनोखे एवं रोचक ढंग से समझाया गया है। चित्र में बताया गया है कि भारत की यह जन-गणना संसार की सबसे बड़ी जन-गणना होगी, जिसमें इस देश के अगणित धंधों द्वारा जीविका अर्जन करने वालों की संख्याओं का निश्चय किया जायगा।
चित्र भारत की 9 भाषाओं में निर्मित किया गया है, और उसके द्वारा जनता से अपील की गयी है कि गणना के समय वह अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करे। प्रायः 500 सिनेमा-भवनों में यह चित्र एक साथ दिखाया जा सकेगा।







